पीलीभीत: सीतापुर आंख अस्पताल का किया जाएगा कायाकल्प, मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार, डीएम ने दिए निर्देश
पीलीभीत के सीतापुर आंख अस्पताल की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मंगलवार को बैठक की। उन्होंने आय के नए स्रोत तलाशने के साथ स्वास्थ्य सेवा बेहतर करने के निर्देश दिए।
विस्तार
पीलीभीत के सीतापुर आंख अस्पताल की आर्थिक स्थिति सुधारने और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल का कायाकल्प किया जाएगा। मंगलवार को अस्पताल परिसर में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई जिला नेत्र सहायता समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। डीएम ने अस्पताल के आय-व्यय का विवरण देखने के बाद घाटे पर गंभीर चिंता जताई और आय के नए स्रोत तलाशने के निर्देश दिए।
बैठक में अस्पताल परिसर की खाली पड़ी भूमि पर दुकानें बनाने पर समिति के सदस्यों ने सहमति जताई। इसके लिए सीतापुर आंख अस्पताल, सीतापुर मुख्यालय से अनुमति लेने को प्रस्ताव भेजा जाएगा। दुकानों के निर्माण में धन की कमी न आने देने का भी आश्वासन दिया गया। डीएम ने प्रदेश सरकार की कायाकल्प योजना के तहत अस्पताल को बेहतर बनाने की बात कही।
उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश
अस्पताल में आधुनिक इलाज की सुविधा बढ़ाने के लिए गन्ना समिति, रेडक्रॉस फंड और जिलाधिकारी के क्रिटिकल फंड से आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों की वेतन वृद्धि इंक्रीमेंट के आधार पर करने और एंबुलेंस की सुविधा आउटसोर्स से उपलब्ध कराने को कहा गया।
अस्पताल के लिए सरकारी अनुदान का मामला भी डीएम स्वयं शासन स्तर पर उठाएंगे। डीएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि गन्ना समिति की ओर से भेजे जाने वाले मरीजों का अस्पताल में निशुल्क उपचार किया जाए। इसके अलावा कस्तूरी, नवोदय, समाज कल्याण छात्रावासों और राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में निशुल्क मोतियाबिंद शिविर लगाए जाएं।