खुलासा : मां पर 11 साल के बेटे की हत्या का आरोप, बहन बोली- पापा, मम्मी ने ही भाई को मार डाला
प्रयागराज के बहरिया में 11 साल के मासूम रामसुख की संदिग्ध मौत का मामला बड़ी बहन के बयान के बाद हत्या के आरोप तक पहुंच गया। पिता का आरोप है कि मां ने ही कपड़े के लेस से बेटे का गला दबाया। बहन ने पिता को घटना की जानकारी देते हुए खुद को भी धमकी मिलने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
विस्तार
जिस मां की गोद में 11 साल का रामसुख खेलता था, उसी मां पर उसकी हत्या का आरोप लगा है। प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला बड़ी बहन के बयान के बाद नया मोड़ ले चुका है। पिता की तहरीर और बेटी के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मां सोना देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि मां ने कपड़े के लेस से गला दबाकर बेटे की हत्या की। घटना के बाद बेटी को भी किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद पिता को हुआ शक
मंसूरपुर निवासी पूर्णमासी लाल मौर्य के मुताबिक, 29 अक्तूबर को वह करेली में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान भतीजे महेंद्र ने फोन कर बेटे रामसुख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की जानकारी दी। वह घर पहुंचा तो बेटे का शव दरवाजे पर रखा था।
पिता ने पत्नी सोना देवी से घटना के बारे में पूछा तो उसने बताया कि रामसुख 28 अक्तूबर की रात सराय सुल्तान में रामलीला देखकर करीब 11 बजे घर लौटा था। पेट दर्द की शिकायत करने के बाद वह सो गया था। हालांकि, बेटे के गले पर निशान देखकर पिता को शक हुआ और उसने शव का पोस्टमार्टम कराया। पिता के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टर ने गला किसी पतली रस्सी या कपड़े से दबाए जाने की आशंका जताई।
बहन ने पिता को बताई उस रात की कहानी
घटना के बाद से ही रामसुख की बड़ी बहन संगीता लगातार रो रही थी। 30 अक्तूबर को पिता ने उससे रोने की वजह पूछी तो उसने कथित तौर पर पूरी घटना बता दी। संगीता ने पिता से कहा कि रात में उसकी मां ने कपड़े के लेस से रामसुख का गला दबाया था। भाई की छटपटाहट देखकर उसकी नींद खुल गई थी और उसने मां को ऐसा करते देखा था।
बेटी के मुताबिक, उसने मां से भाई को मारने की वजह पूछी तो मां ने कहा कि रामसुख रात-दिन गाली देता है और मारपीट करता है। इससे वह परेशान हो चुकी है। संगीता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद मां ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसका भी वही हाल कर देगी।
पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
पूर्णमासी लाल के मुताबिक, घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बेटा और बेटी मौजूद थे। बेटी के बयान के बाद उन्होंने पत्नी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सोना देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।