हिमाचल पर्यटकों से गुलजार: परवाणू टोल प्लाजा पर लगा दो किमी लंबा जाम, मनाली-शिमला में बढ़ी ऑक्यूपेंसी
मनाली, शिमला, कसाैली, धर्मशाला सहित अन्य अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुक्रवार को बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। पर्यटक वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जगह-जगह जाम की समस्या भी पैदा हुई। इससे पर्यटकों के साथ आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
विस्तार
वीकेंड पर हिमाचल प्रदेश पर्यटकों से गुलजार हो गया है। मनाली, शिमला, कसाैली, धर्मशाला सहित अन्य अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुक्रवार को बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। पर्यटक वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जगह-जगह जाम की समस्या भी पैदा हुई। वीकेंड के चलते शुक्रवार को परवाणू टोल प्लाजा पर सुबह से ही वाहनों का दबाव बढ़ना शुरू हो गया। देखते ही देखते टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम की स्थिति शाम करीब 4 बजे तक बनी रही, जिससे पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान टोल प्रबंधन के इंतजाम भी नाकाफी नजर आए। टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लगने के कारण कई वाहन चालकों को काफी देर तक सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा। लगातार जाम में फंसे रहने के चलते कई वाहनों के इंजन गर्म हो गए, जिसके बाद चालक अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करते नजर आए। वहीं, पुलिस जवान यातायात को सुचारू करवाने और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने में जुटे रहे। शिमला में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। दिनभर शहर के सर्कुलर रोड पर ट्रैफिक जाम से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। शिमला में होटलों की ऑक्यूपेंसी 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। होटलियर एसोसिएशन शिमला के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि शनिवार को भी ऑक्यूपेंसी बढ़ने की उम्मीद है। काफी लंबे समय बाद इतनी तादाद में सैलानी पहुंचे हैं, इससे पर्यटन कारोबार को पंख लगेंगे।
पर्यटक टोल प्रबंधन की व्यवस्था से नाखुश दिखाई दिए
परवाणू टोल प्लाजा के प्रवेश द्वार पर पांच एंट्री पॉइंट होने के बावजूद भारी यातायात दबाव के बीच व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आई। जाम में फंसे पर्यटक टोल प्रबंधन की व्यवस्था से नाखुश दिखाई दिए। प्रदेश के प्रवेश द्वार पर इस तरह की अव्यवस्था को लेकर पर्यटकों में नाराजगी देखने को मिली। जालंधर से आए पर्यटक राजन शर्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ छुट्टियां मनाने हिमाचल आए हैं, लेकिन प्रदेश के प्रवेश द्वार पर ही जाम से उनका स्वागत हुआ। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक जाम में फंसे रहने से वह काफी निराश हैं। वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना के बावजूद टोल प्रबंधन को यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए थे।
वीकेंड पर मनाली पर्यटकों से गुलजार, दो दिन में पहुंचे चार हजार से अधिक वाहन
वहीं वीकेंड पर पर्यटन नगरी मनाली एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई। दो दिन में चार हजार से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे, जबकि करीब 150 वोल्वो बसों से भी हजारों पर्यटकों ने मनाली का रुख किया। पर्यटकों की बढ़ती आमद से माल रोड सहित शहर के बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर चहल-पहल रही। लंबे समय से पर्यटन कारोबार में तेजी का इंतजार कर रहे कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौटने लगी है। मनाली पहुंचे पर्यटकों ने मौसम का आनंद लेने के साथ आसपास के पर्यटन स्थलों का रुख किया। रोहतांग दर्रा, सिस्सू, अटल टनल और सोलंगनाला में दिनभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रही। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों की दिलचस्पी भी बढ़ रही है।

कई पर्यटक बर्फबारी की उम्मीद में मनाली पहुंचे
कई पर्यटक बर्फबारी की उम्मीद में मनाली पहुंचे, जबकि कुछ प्राकृतिक नजारों और ट्रैकिंग का आनंद लेने के लिए पहाड़ों की ओर निकले। सामान्य सैर-सपाटे के साथ पर्यटक साहसिक गतिविधियों और ट्रैकिंग को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक हामटा और भृगु झील ट्रैकिंग के लिए निकल रहे हैं। ट्रैकिंग रूट पर प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ पर्यटक पहाड़ों की ठंडी फिजाओं में समय बिता रहे हैं। रोहतांग और सिस्सू की ओर पर्यटकों की संख्या बढ़ने से इस मार्ग पर भी दिनभर वाहनों की आवाजाही रही। अटल टनल पार कर लाहौल पहुंचने वाले पर्यटकों में भी उत्साह देखने को मिला। पर्यटक सिस्सू में प्राकृतिक नजारों के साथ स्थानीय पर्यटन गतिविधियों का आनंद लेते नजर आए।
होटलों की ऑक्यूपेंसी 50 प्रतिशत से अधिक रही
पर्यटकों की बढ़ती आमद का असर होटल कारोबार पर भी देखने को मिला। वीकेंड के दौरान मनाली के होटलों की ऑक्यूपेंसी 50 प्रतिशत से अधिक रही। कई होटलों में कमरे पूरी तरह पैक रहे। पर्यटन कारोबारियों को आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
वीकेंड पर मनाली में अच्छी भीड़ जुटी है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पर्यटन कारोबारियों में उत्साह है। मनाली में अब विंटर सीजन का आगाज हो गया है और होटल ऑक्यूपेंसी 50 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई है। कई होटल पैक हो गए हैं। -रोशन ठाकुर, अध्यक्ष, होटलियर एसोसिएशन मनाली
गांधी जयंती पर पर्यटन नगरी में लौटी रौनक, होटल 80 फीसदी से अधिक पैक
गांधी जयंती की छुट्टी पर पर्यटन नगरी धर्मशाला और मैक्लोडगंज में एक बार फिर पर्यटकों की रौनक देखने को मिली। शुक्रवार को निजी होटलों में 80 फीसदी से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। बरसात के बाद पहली बार होटल कारोबार में इतनी तेजी देखने को मिली है। पर्यटकों की बढ़ी आमद से लंबे समय से मंदी झेल रहे पर्यटन कारोबारियों को भी राहत मिली है। गांधी जयंती के अवकाश के चलते बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक धर्मशाला, मैक्लोडगंज और आसपास के पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। शुक्रवार को शहर के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी रही। होटल संचालकों के अनुसार बरसात के बाद ऑक्यूपेंसी पहली बार 50 फीसदी के पार पहुंची है, जबकि कई निजी होटलों में यह 80 फीसदी से अधिक दर्ज की गई। वीकेंड से पहले ही पर्यटकों की अच्छी आमद को देखते हुए शनिवार को भी पर्यटन कारोबार बेहतर रहने के संकेत हैं। होटल, रेस्तरां, टैक्सी और अन्य पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रहेगी। गांधी जयंती पर छुट्टी और वीकेंड का संयोग बनने से धर्मशाला-मैक्लोडगंज में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पर्यटन सीजन में कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है। स्मार्ट सिटी होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष राहुल धीमान ने बताया कि शुक्रवार को पर्यटन नगरी के निजी होटलों में 80 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है जोकि पर्यटन कारोबार के लिए अच्छा संकेत है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.