कोटा नहर हादसा: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव पलटने से डूबे चार युवक, दो के शव मिले; अन्य की तलाश जारी
राजस्थान के कोटा जिले में मंगलवार देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोटड़ी नहर में नाव पलटने से चार युवक डूब गए। बुधवार को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने विकास और सूरज के शव बरामद कर लिए, जबकि एशु जोशी और राहुल जोशी की तलाश जारी है।
विस्तार
राजस्थान के कोटा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नहर में डूबे चार युवकों में से दो के शव बुधवार को बाहर निकाल लिए गए। मृतकों की पहचान विकास और सूरज के रूप में हुई है। वहीं, एशु जोशी और राहुल जोशी की तलाश अभी जारी है। हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। बुधवार सुबह करीब छह बजे से सर्च ऑपरेशन दोबारा शुरू किया गया। घटनास्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर तक नहर में युवकों की तलाश की गई। यह हादसा मंगलवार देर शाम कोटड़ी नहर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ था, जब युवकों से भरी नाव पलट गई थी।
नाव में सवार थे सात लोग, तीन तैरकर बाहर निकले
एसडीआरएफ की प्रभारी एकता हाड़ा ने बताया कि हादसे के समय नाव में सात लोग सवार थे। इनमें से तीन लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि चार युवक पानी में डूब गए। बुधवार को घटनास्थल से करीब 100 मीटर आगे विकास और सूरज के शव बरामद किए गए। बाकी दो युवकों की तलाश के लिए उम्मीदगंज नहर तक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस अभियान में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें छह रेस्क्यू बोट की मदद से तलाश कर रही हैं।
अंधेरा होने से रात में रोकना पड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद मंगलवार देर रात तक नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा। बुधवार सुबह करीब छह बजे से टीमें फिर तलाश में जुट गईं। इस हादसे में एशु जोशी, राहुल जोशी, सूरज सिंह और विकास पानी में डूब गए थे। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नहर में पानी छोड़े जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। युवकों की तलाश में परेशानी को देखते हुए नहर में पानी की सप्लाई बंद करवाई गई, ताकि पानी का बहाव कम होने पर बचाव अभियान में तेजी लाई जा सके।
देर रात घटनास्थल पर पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन और रेस्क्यू टीमें देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहीं। कोटा प्रवास पर मौजूद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी हादसे पर दुख और चिंता जताई। वह देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने हादसे का शिकार हुए युवकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना भी दी। ओम बिरला ने अधिकारियों को सर्च ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाने पर भी जोर दिया।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को लोगों के विरोध का करना पड़ा सामना
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी घटनास्थल पर पहुंचे और करीब दो घंटे तक वहां मौजूद रहे। इस दौरान उन्हें आक्रोशित लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद युवकों की तलाश और बचाव अभियान को लेकर लोगों में चिंता और नाराजगी देखी गई। फिलहाल, दो युवकों की तलाश के लिए नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।