{"_id":"6aa6756d5e805340910baedf","slug":"jalore-165-wards-across-5-civic-bodies-634-candidates-in-the-fray-political-anxiety-mounts-ahead-of-results-jalore-news-c-1-1-noi1335-4718781-2026-09-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान: जालोर में कल खुलेगा 634 प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा, बहुमत के गणित पर सबकी नजर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान: जालोर में कल खुलेगा 634 प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा, बहुमत के गणित पर सबकी नजर
Sun, 13 Sep 2026 04:50 PM IST
जालौर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौर
Published by: जालौर ब्यूरो
Updated Sun, 13 Sep 2026 04:50 PM IST
सार
जालोर जिले की पांच नगर निकायों के 165 वार्डों में 634 प्रत्याशियों की किस्मत 14 सितंबर को मतगणना के साथ खुलेगी। जालोर, आहोर, सायला, भीनमाल और सांचौर में मतदान के बाद भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीयों के बीच जीत के दावे किए जा रहे हैं। कई निकायों में बहुमत का गणित अहम रहेगा और निर्दलीय निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
विज्ञापन
भीनमाल-सांचौर निकाय चुनाव की कल होगी मतगणना
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जालोर जिले की नगर निकाय चुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो चुकी है और 14 सितंबर को आने वाले परिणाम से पहले राजनीतिक धड़कनें बढ़ गई हैं। जिले की 5 निकायों के कुल 165 वार्डों में 634 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें जालोर नगर परिषद के 40 वार्डों में 173, आहोर नगरपालिका के 25 वार्डों में 123, सायला नगरपालिका के 25 वार्डों में 77, भीनमाल नगरपालिका के 40 वार्डों में 151 और सांचौर नगरपालिका के 35 वार्डों में 110 प्रत्याशी मैदान में हैं।
विज्ञापन
मतगणना को लेकर बढ़ी धड़कनें
जालोर जिले में नगर निकाय चुनाव का मतदान पूरा होने के बाद अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। जिले की पांचों निकायों में कुल 165 वार्ड हैं और इन वार्डों में 634 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। परिणाम से पहले भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के खेमों में जीत-हार को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। अब मतगणना के साथ ही इन दावों की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
विज्ञापन
जालोर में त्रिकोणीय मुकाबलों ने बढ़ाई चुनौती
जालोर नगर परिषद के 40 वार्डों में सबसे अधिक 173 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पहले चरण में 9 सितंबर को यहां मतदान हुआ। जालोर में कई वार्ड ऐसे रहे, जहां भाजपा और कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया। नगर परिषद में बोर्ड बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा हासिल करना दोनों प्रमुख दलों के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
विज्ञापन
आहोर और सायला में भी कड़ा मुकाबला
आहोर नगरपालिका के 25 वार्डों में 123 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन जांच और अन्य प्रक्रिया के बाद यहां चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आई। वहीं सायला नगरपालिका के 25 वार्डों में 77 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों निकायों में 9 सितंबर को मतदान हो चुका है।
भीनमाल-सांचौर में 11 सितंबर को हुआ मतदान
दूसरे चरण में भीनमाल और सांचौर नगरपालिका में 11 सितंबर को मतदान हुआ। भीनमाल के 40 वार्डों में 151 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि सांचौर के 35 वार्डों में 110 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दोनों निकायों में भी कई वार्डों में मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच रहा।
यह भी पढ़ें: भिवाड़ी में 20 फीट ऊंची दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दबकर मजदूर की मौत; साथी गंभीर
निर्दलीय तय कर सकते हैं बोर्ड का गणित
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन पांचों निकायों में जनता किसे बोर्ड बनाने का मौका देती है। खासकर जालोर, भीनमाल और सांचौर में परिणाम के बाद बहुमत का गणित महत्वपूर्ण रहेगा। यदि किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो निर्दलीय पार्षदों की भूमिका निर्णायक हो सकती है। ऐसे में परिणाम से पहले प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। 14 सितंबर को मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि 165 वार्डों के 634 प्रत्याशियों में से कौन जीतकर नगर की सरकार बनाने में अपनी भूमिका निभाएगा।