राजस्थान पंचायत चुनाव: आज तय होगी गांवों की सरकार, 25 जिलों में मतदान; शाम को आएंगे नतीजे
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में सोमवार को 25 जिलों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने 11,198 मतदान केंद्र बनाए हैं।
विस्तार
राजस्थान के गांवों में सोमवार को नई सरकार चुनने के लिए मतदान हो रहा है। पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में प्रदेश के 25 जिलों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। खास बात यह है कि मतदान समाप्त होने के बाद आज ही मतगणना भी कराई जाएगी। ऐसे में देर शाम से चुनाव परिणाम आने शुरू हो जाएंगे और गांवों को उनके नए सरपंच मिल जाएंगे। इस चरण के साथ ही प्रदेश में पंच और सरपंच के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए कुल 11,198 केंद्र बनाए हैं। सुबह से ही गांवों में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए बूथों पर पहुंच रहे हैं। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव मतपेटियों के जरिए कराए जा रहे हैं, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल किया गया है।
जयपुर की चार पंचायत समितियों में भी मतदान
जयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सोमवार को चुनावी मुकाबला है। जिले की आंधी, जमवारामगढ़, बस्सी और तूंगा पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। इन क्षेत्रों में स्थानीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। मतदान पूरा होने के बाद आज ही वोटों की गिनती होगी, जिससे प्रत्याशियों की जीत और हार का फैसला हो जाएगा।
टोंक की 129 पंचायतों में 926 उम्मीदवार मैदान में
टोंक जिले की टोंक, निवाई, टोडारायसिंह और मालपुरा पंचायत समितियों की 129 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। यहां सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए कुल 926 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिले में मतदान के लिए 414 केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 3.37 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 2,641 मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है।
जालोर की 102 ग्राम पंचायतों में भी वोटिंग
जालोर जिले की बागोड़ा, सरनाऊ और रानीवाड़ा पंचायत समितियों की 102 ग्राम पंचायतों में भी सोमवार को मतदान कराया जा रहा है। इनमें रानीवाड़ा की 49, बागोड़ा की 34 और सरनाऊ की 19 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। मतदान समाप्त होने के बाद इन पंचायतों में भी मतगणना शुरू होगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
आज सरपंच-वार्ड पंच के नतीजे, कल उपसरपंच का चुनाव
पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में मतदान पूरा होने के बाद सोमवार को ही सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतगणना कराई जाएगी। इसके बाद 17 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव होगा। इस प्रक्रिया के पूरा होने के साथ ही गांवों की नई पंचायतों का गठन भी हो जाएगा।
20 नवंबर को आएंगे जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे
पंच और सरपंच के चुनाव पूरे होने के बाद अब जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों का इंतजार रहेगा। इनके नतीजे 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा।
इस तरह सोमवार को गांवों की सरकार की तस्वीर साफ हो जाएगी, जबकि जिला और ब्लॉक स्तर पर ग्रामीण सत्ता का पूरा गणित 20 नवंबर के बाद सामने आएगा।
