राजस्थान: नशे के खिलाफ राज्यपाल का एलान, बोले- ऊपर-ऊपर की कार्रवाई नहीं, नेटवर्क की जड़ तक पहुंचें
दौसा में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अधिकारियों की बैठक लेकर नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल-कॉलेज के 100 मीटर दायरे में नशे की बिक्री रोकने, टीबी मरीजों के इलाज और शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को दौसा कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने एसपी पीयूष दीक्षित से कहा कि नशे के खिलाफ केवल ऊपर-ऊपर की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसके नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जाए।
बैठक में राज्यपाल ने सबसे पहले जिले में टीबी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने CMHO को निर्देश दिए कि जिले में सभी टीबी मरीजों का समय पर पूरा इलाज सुनिश्चित किया जाए। कोई भी गंभीर मरीज इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने टीबी मुक्त दौसा को लक्ष्य बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
पढ़ें: मामूली स्पेलिंग की गलती पर छात्र का करिअर बर्बाद न करें, नीट छात्र को कोर्ट से राहत; क्या था मामला?
इसके बाद राज्यपाल ने नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दौसा को नशा मुक्त बनाना है तो नशीले पदार्थों के स्रोत को बंद करना होगा। स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। पुलिस लगातार निगरानी रखे और नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
उन्होंने कहा कि सरकारी विभाग भी अपने कर्मचारियों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनके मन में नशे के प्रति नफरत पैदा करने की जरूरत है।
बैठक के अंत में राज्यपाल ने शिक्षा विभाग की समीक्षा की। उन्होंने DEO से शिक्षक-छात्र अनुपात और खाली पदों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे हमेशा ‘मैं शिक्षक हूं’ की भावना मन में रखें। कोई भी बच्चा ड्रॉपआउट न हो और NEET-JEE जैसी परीक्षाओं में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का चयन हो, इसके लिए प्रयास किए जाएं। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, एसपी पीयूष दीक्षित, ADM अरविंद शर्मा, जिला परिषद CEO बिरदी चंद गंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।