{"_id":"6aa570e703f7dcde3c090344","slug":"bikaner-voting-concludes-now-the-wait-for-vote-counting-the-story-of-victory-and-defeat-sealed-within-the-evms-bikaner-news-c-1-1-noi1354-4717531-2026-09-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"बीकानेर: मतदान के बाद अब मतगणना का इंतजार; ईवीएम में बंद जीत-हार की कहानी; व्यवस्था चाक चौबंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बीकानेर: मतदान के बाद अब मतगणना का इंतजार; ईवीएम में बंद जीत-हार की कहानी; व्यवस्था चाक चौबंद
Sun, 13 Sep 2026 08:11 PM IST
बीकानेर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बीकानेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बीकानेर
Published by: बीकानेर ब्यूरो
Updated Sun, 13 Sep 2026 08:11 PM IST
सार
बीकानेर नगर निगम और जिले की छह नगर पालिकाओं में मतदान के बाद सभी ईवीएम राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखी गई हैं। कुल 1009 प्रत्याशियों की किस्मत 14 सितंबर को मतगणना के साथ खुलेगी। नगर निगम में 68.91 और छह नगर पालिकाओं में कुल 75.73 प्रतिशत मतदान हुआ है।
विज्ञापन
पॉलीटेक्निक कॉलेज
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नगर निगम चुनाव की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं। मतदान के बाद नगर निगम और जिले की छह नगर पालिकाओं में उपयोग की गई सभी ईवीएम को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित रख दिया गया है। बीकानेर में छह नगर पालिकाओं के दूसरे चरण के मतदान के बाद शनिवार को देर रात तक चली प्रक्रिया के बाद ईवीएम को सील कर स्ट्रॉन्ग रूम में जमा किया गया। अब मतगणना के दिन 14 सितंबर को ही स्ट्रॉन्ग रूम खोला जाएगा और इसके बाद वोटों की गिनती शुरू होगी।
विज्ञापन
1009 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद
नगर निगम के 373 तथा जिले की छह नगर पालिकाओं के 636 प्रत्याशियों सहित कुल 1009 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य फिलहाल ईवीएम में कैद है। जनादेश का फैसला अब मतगणना के दिन सामने आएगा। इसी दिन तय होगा कि जीत का ताज किसके सिर सजेगा और किसे हार का सामना करना पड़ेगा।
विज्ञापन
जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी कर रहे निगरानी
इस बीच जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं और स्ट्रॉन्ग रूम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ईवीएम की सुरक्षा के लिए स्ट्रॉन्ग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन की नजर मतगणना तक ईवीएम की सुरक्षा और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर है।
विज्ञापन
नगर निगम में 68.91 प्रतिशत मतदान
नगर निगम चुनाव में कुल 4 लाख 77 हजार 789 मतदाताओं में से 3 लाख 29 हजार 238 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में 68.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इसे लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।
देशनोक और लूणकरणसर में सबसे ज्यादा मतदान
बीकानेर जिले की छह नगर पालिकाओं में कुल 1 लाख 64 हजार 986 मतदाता थे, जिनमें से 1 लाख 24 हजार 938 मतदाताओं ने मतदान किया। छह नगर पालिकाओं में कुल मतदान प्रतिशत 75.73 रहा। इनमें लूणकरणसर में सबसे अधिक 81.70 प्रतिशत और देशनोक में 81.53 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं नापासर में 68.90 प्रतिशत मतदान हुआ, जो छह निकायों में सबसे कम रहा।
छह नगर पालिकाओं का मतदान प्रतिशत:
- नोखा: 75.61 प्रतिशत
- नापासर: 68.90 प्रतिशत
- देशनोक: 81.53 प्रतिशत
- श्रीडूंगरगढ़: 73.53 प्रतिशत
- लूणकरणसर: 81.70 प्रतिशत
- खाजूवाला: 74.92 प्रतिशत