जालंधर में अमित शाह का बड़ा एलान: सरकार बनी तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को नशा मुक्त करेंगे
जालंधर रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आप सरकार पर जमकर बरसे। शाह ने कहा कि भाजपा ने नशा मुक्त पंजाब का अभियान उठाया है, यह राजनीतिक एजेंडा नहीं है, यह पंजाब को बचाने का अभियान है। पंजाब में न हम ड्रग बेचने देंगे और न ही भारत के दूसरे राज्यों में जाने देंगे।
विस्तार
31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की माताओं, बहनों और युवाओं को वह यह भरोसा देने आए हैं कि तय समय सीमा के बाद बच्चों को चिट्टा देने वाला कोई नहीं बचेगा। भाजपा की यात्राओं ने 13 दिन में सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया। शाह ने कहा कि पंजाब देश के अन्न भंडार भरने वाले किसानों और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सबसे आगे रहने वाले जवानों की धरती है। जब देश को अन्न की जरूरत पड़ी तो पंजाब के किसानों ने गोदाम भरे और जब देश की सुरक्षा की जरूरत पड़ी तो पंजाब के जवानों ने सबसे पहले अपना बलिदान दिया।
ऐसे पंजाब के सामने आज नशे की गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि पंजाब का विकास तब तक नहीं हो सकता, जब तक उसका युवा नशे से मुक्त नहीं होगा। शाह ने आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाया कि सरकार ने पंजाब में चिट्टे के कारोबार को रोकने के बजाय उसे बढ़ने दिया। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने तीन महीने में पंजाब को नशामुक्त करने की गारंटी दी थी, लेकिन नशा खत्म नहीं हुआ। शाह ने आरोप लगाया कि इसके विपरीत पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ा और सरकार उसे रोकने में विफल रही। उन्होंने दिल्ली की शराब नीति से जुड़े विवाद को भी पंजाब के नशे के मुद्दे से जोड़ते हुए सवाल किया कि “जो दिल्ली में शराब बेचने के घोटाले में पकड़े गए हों, वे पंजाब को नशामुक्त कैसे करेंगे?”
शाह ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “भगवंत मान ने नशे के व्यापार को और बढ़ाया है” और आरोप लगाया कि जो लोग खुद शराब घोटाले के आरोपों में घिरे रहे हैं, वे पंजाब के युवाओं को नशामुक्त भविष्य नहीं दे सकते। उन्होंने यह भी कहा कि नशे में गुरु का अपमान करने वाला व्यक्ति पंजाब को नशामुक्त नहीं कर सकता। शाह ने पंजाब के चुनाव में किसान, उद्योग, रोजगार और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दे होने की बात कही, लेकिन स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए नशामुक्त पंजाब सबसे प्रमुख एजेंडा रहेगा और इसी मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
#WATCH जालंधर (पंजाब): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जालंधर में 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' के समापन समारोह में शामिल हुए।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 30, 2026
भाजपा सांसद हरभजन सिंह ने कहा, "बिल्कुल यह बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है और यह हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि पंजाब से नशा खत्म हो और जो पिछले कई दिनों से रैली शुरू… pic.twitter.com/4bsRJPzJAD
#WATCH जालंधर (पंजाब): 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' के समापन समारोह पर बीजेपी नेता सुनील कुमार जाखड़ ने कहा,"...उन्होंने कहा मैं भ्रष्टाचार भी खत्म कर दूंगा, कानून व्यवस्था भी ठीक कर दूंगा। बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का हल करेंगे लेकिन यह सारी बातें तब तक बेकार हैं जब तक पंजाब… pic.twitter.com/4eTlJwdmtw
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 30, 2026