लुधियाना में पूर्व सरपंच की हत्या: बाइक पर आए हमलावरों ने की अंधाधुंध फायरिंग; डैशकैम में कैद हुई वारदात
परिजनों ने बताया कि पूर्व सरपंच का अपने ही कुछ रिश्तेदारों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी दुश्मनी के कारण भाड़े के शूटरों से यह वारदात करवाने की आशंका है।
विस्तार
लाडोवाल थाने क्षेत्र के मनेवाल गांव के पूर्व प्रधान नवतेज सिंह उर्फ नीटू 60 की शनिवार देर रात बेखौफ बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी इनोवा कार को निशाना बनाते हुए करीब दस राउंड गोलियां दागीं। खून से लथपथ हालत में स्थानीय लोगों ने उन्हें डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई।
#WATCH | Ludhiana, Punjab | Former Sarpanch of Manewal village shot dead | Station House Officer (SHO) of the Ladhowal Police Station, Sukhvinder Singh, says, "Navtej Singh, the former Sarpanch of Manewal. At around 6:30 PM, he was travelling from his village to the city, specifically to his residence in Krishna Nagar. On the way, two youths, reportedly riding a motorcycle, approached him and opened fire. He was brought to DMC Hospital in an injured condition, where he was declared brought dead...Further action will be taken based on the statements provided by the next of kin..."
— ANI (@ANI) October 4, 2026
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही लाडोवाल थाने की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। हत्यारों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। प्रारंभिक आशंका जमीन विवाद को लेकर हत्या की है, हालांकि पुलिस कई एंग्ल से जांच कर रही है।
घटना का विवरण
कृष्णा नगर, घूमार मंडी निवासी नवतेज सिंह 3 अक्तूबर की शाम मनेवाल स्थित अपने खेत में चल रहे कार्यों का जायजा लेने के बाद घर लौट रहे थे। लाडोवाल टोल प्लाजा से साउथ सिटी रोड पर गाड़ी पुल की ओर मुड़ी तो पंजाब फूड दफ्तर के समीप दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनकी कार को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अमूमन उनके साथ बेटा रहता था, लेकिन शनिवार को वे अकेले ही गाड़ी लेकर निकले हुए थे।
परिजनों ने घटना की डैशकैम फुटेज पुलिस को सौंप दी है। वीडियो में साफ नजर आता है कि शाम 6:25 बजे सामने से आए दो बाइक सवारों ने 6:27 बजे अचानक पिस्तौल तान लीं। पीछे बैठे शूटर ने पहले सामने से गोलियां चलाईं और फिर कार के पीछे घूमकर चालक की तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे कार का शीशा पूरी तरह टूट गया।
जमीनी विवाद की आशंका
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पूर्व सरपंच का अपने ही कुछ रिश्तेदारों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी दुश्मनी के कारण भाड़े के शूटरों से यह वारदात करवाई गई हो सकती है।थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी गई है। परिजनों द्वारा दी गई वीडियो फुटेज के आधार पर शूटरों की शिनाख्त और सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है। शव मोर्चरी में रख दिया गया है। रविवार को कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।