जबलपुर में मूक-बधिर महिला की हत्या: हाथ बंधे मिले शव; मंगलसूत्र समेत सामान गायब
जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र में मूक-बधिर और लकवाग्रस्त 50 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर हाथ बंधी अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या के बाद मंगलसूत्र और अन्य सामान गायब मिला है। मामले में दो आरोपियों के शामिल होने की आशंका है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
विस्तार
जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र के ग्राम दरौली कला में एक मूक-बधिर और लकवाग्रस्त महिला का शव घर के अंदर हाथ बंधी अवस्था में मिला। महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी उसका मंगलसूत्र और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
खितौला पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरौली निवासी लक्ष्मीबाई राठौर (50) जन्म से मूक-बधिर और लकवाग्रस्त थीं। उनके पति रामदास राठौर मिस्त्री का काम करते हैं, जबकि बेटा वेल्डिंग की दुकान में काम करता है। रोज की तरह शुक्रवार सुबह दोनों काम पर चले गए थे। इस दौरान लक्ष्मीबाई घर पर अकेली थीं।
शाम को बेटा घर पहुंचा तो अंदर मां का हाथ बंधा हुआ शव पड़ा मिला। उनके कान और सिर के पास चोट के निशान थे। गले में तार का फंदा भी लगा हुआ था। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें- इंदौर: सड़क के गड्ढे से हिला टैंकर, ढक्कन के पास से छलका केमिकल; कई वाहन चालकों को हुई परेशानी
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। महिला के गले में पहना मंगलसूत्र और अन्य सामान गायब मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला घर में अकेली और अस्वस्थ थीं। आशंका है कि आरोपी लूट के उद्देश्य से घर में घुसे थे और इसी दौरान उन्होंने महिला की हत्या कर दी।
पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जिस वाहन से आरोपी आए थे और उनके हुलिए के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, घटना को दो आरोपियों ने अंजाम दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
