जीडीएस भर्ती 2026: पहली मेरिट कब आएगी, नाम आने पर क्या करना होगा? इंडिया पोस्ट की वेबसाइट से ऐसे कर पाएंगे चेक
ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवार अब पहली मेरिट सूची का इंतजार कर रहे हैं। सूची अगले कुछ ही दिनों में आने की उम्मीद है। जारी होने के बाद राज्यवार पीडीएफ में नाम और पंजीकरण संख्या देखी जा सकेगी। जानें मेरिट कहां अपलोड होगी और अभ्यर्थी कैसे मोबाइल पर ही डाउनलोड कर सकेंगे।
विस्तार
भारतीय डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक के 23,757 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस भर्ती में सबसे अहम बात यह है कि उम्मीदवारों के चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। मेरिट सूची 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। अब उम्मीदवारों को पहली मेरिट सूची का इंतजार है। उपलब्ध जानकारी और पिछले वर्षों के रुझान को देखते हुए सूची अगले कुछ ही दिनों में जारी होने की उम्मीद है।
जीडीएस भर्ती 2026 से जुड़ी मुख्य जानकारी
- विभाग: भारतीय डाक विभाग
- पद: ग्रामीण डाक सेवक, शाखा डाकपाल और सहायक शाखा डाकपाल
- कुल पद: 23,757
- भर्ती चक्र: ग्रामीण डाक सेवक भर्ती 2026
- चयन का आधार: 10वीं कक्षा के अंक
- लिखित परीक्षा: नहीं
- पहली मेरिट सूची: जल्द जारी होने की उम्मीद
जीडीएस की मेरिट कैसे डाउनलोड करें?
मेरिट सूची जारी होने के बाद उम्मीदवार अपने मोबाइल से भी आसानी से अपना नाम या पंजीकरण संख्या चेक कर सकेंगे। इसके लिए भारतीय डाक के ग्रामीण डाक सेवक भर्ती पोर्टल पर जाना होगा।
- मोबाइल से मेरिट सूची देखने के आसान चरण
- सबसे पहले भारतीय डाक के ग्रामीण डाक सेवक भर्ती पोर्टल (indiapost.gov.in/gdsonlineengagement) पर जाएं।
- होम पेज पर ‘उम्मीदवार का कोना’ वाले हिस्से में जाएं।
- यहां ‘जीडीएस 2026 चयनित उम्मीदवार’ से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
- अपना संबंधित राज्य या डाक परिमंडल चुनें।
- इसके बाद संबंधित मंडल का चयन करें।
- पहली चयन सूची की पीडीएफ डाउनलोड करें।
- पीडीएफ खोलने के बाद उसमें अपना पंजीकरण नंबर खोजें।
अगर आपका पंजीकरण नंबर सूची में मौजूद है, तो आगे की प्रक्रिया के लिए दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें। उम्मीदवारों को सलाह है कि सूची जारी होने के बाद अपना पंजीकरण नंबर पहले से तैयार रखें। इससे पीडीएफ में नाम या नंबर तलाशने में आसानी होगी।
सूची में नाम आ गया तो आगे क्या करना होगा?
- अगर पहली मेरिट सूची में आपका नाम या पंजीकरण संख्या आती है, तो इसे भर्ती प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण माना जाएगा।
- इसके बाद उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
- इसके लिए उम्मीदवारों को अपने मूल दस्तावेज तैयार रखने चाहिए।
- दस्तावेज सत्यापन से संबंधित स्थान और अन्य जरूरी जानकारी चयन सूची या विभाग की ओर से जारी निर्देशों में दी जाएगी।
दस्तावेज सत्यापन के लिए कौन से कागजात तैयार रखें?
- 10वीं कक्षा की मूल अंकतालिका और प्रमाणपत्र
- जाति प्रमाणपत्र, यदि लागू हो
- मूल निवास प्रमाणपत्र
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का प्रमाणपत्र, यदि लागू हो
- पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या वाहन चलाने का लाइसेंस
- कंप्यूटर प्रमाणपत्र, यदि लागू हो
- दिव्यांगता प्रमाणपत्र, यदि लागू हो
- पासपोर्ट आकार की 4 से 6 तस्वीरें
उम्मीदवारों को सभी दस्तावेजों की मूल प्रति के साथ उनकी जरूरी प्रतियां भी तैयार रखनी चाहिए। सत्यापन के समय विभाग की ओर से मांगे गए दस्तावेज ही मान्य होंगे।
अगर पहली मेरिट में नाम नहीं तो...?
जरूरी नहीं। ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में पहली सूची के बाद पूरक सूचियां भी जारी की जा सकती हैं। पिछले भर्ती चक्रों में पहली चयन सूची के बाद कई पूरक सूचियां जारी की गई हैं।
इसलिए पहली सूची में नाम नहीं आने वाले उम्मीदवारों को आगे की सूचनाओं पर नजर बनाए रखनी चाहिए। हालांकि, अगली सूची में नाम आएगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है।
राज्यवार मेरिट सूची कहां से डाउनलोड होगी?
पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद उम्मीदवार इसे भारतीय डाक के ग्रामीण डाक सेवक भर्ती पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे। सूची राज्य और मंडल के अनुसार उपलब्ध कराई जाएगी।
उम्मीदवारों को किसी अनधिकृत वेबसाइट या सोशल मीडिया पर प्रसारित सूची पर भरोसा करने के बजाय विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी पीडीएफ ही देखनी चाहिए।