Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   Rajnath Singh conveys a message to move forward, using a Kashmiri proverb.

जम्मू: 'बीता कल छोड़ भविष्य की ओर देखें', राजनाथ सिंह ने कश्मीरी कहावत के जरिए दिया आगे बढ़ने का संदेश

Sat, 28 Nov 2026 05:49 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू Published by: Nikita Gupta Updated Sat, 28 Nov 2026 05:49 PM IST
सार

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू में कश्मीरी कहावत के जरिए जम्मू-कश्मीर को अतीत भूलकर भविष्य, शांति, विकास और समृद्धि की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, आतंकवाद कमजोर होने और पर्यटन बढ़ने का दावा करते हुए कांग्रेस व राहुल गांधी पर वोट चोरी को लेकर निशाना साधा।

विज्ञापन
Rajnath Singh conveys a message to move forward, using a Kashmiri proverb.
राजनाथ सिंह - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर को अतीत की अनिश्चितताओं से निकलकर भविष्य की ओर बढ़ने का संदेश देते हुए कश्मीरी कहावत 'पतिम मस्राव, ब्रोंथ कुन नजर थाव' का जिक्र किया। उन्होंने इसका अर्थ बताते हुए कहा कि बीते कल को भूलकर भविष्य की ओर देखना चाहिए। जम्मू-कश्मीर का दृष्टिकोण भी भविष्य की ओर होना चाहिए और क्षेत्र को शांति प्रगति तथा समृद्धि पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

विज्ञापन
Trending Videos

भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व करने के बाद जम्मू में जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 हटाना जम्मू-कश्मीर के लिए एक निर्णायक बदलाव साबित हुआ। इससे लोगों के अधिकारों, सुरक्षा और विकास के रास्ते में लंबे समय से आ रही बाधाएं दूर हुईं। उन्होंने दावा किया कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद आतंकवाद और अलगाववाद कमजोर हुआ है और विकास कार्यों को गति मिली है।

अनुच्छेद 370 हटने से विकास को मिली रफ्तार
रक्षा मंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों की तुलना में पीछे रखने का कारण था। इस प्रावधान के चलते देश के अन्य नागरिकों को मिलने वाले कई अधिकार और सुविधाएं जम्मू-कश्मीर के लोगों तक नहीं पहुंच पाती थीं। उन्होंने कांग्रेस पर आजादी के बाद कई गलत फैसले लेने का आरोप लगाते हुए अनुच्छेद 370 को भी उनमें से एक बताया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा लंबे समय से अनुच्छेद 370 का विरोध करती रही है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और डोगरा नेतृत्व के समय से पार्टी इसे हटाने की मांग कर रही थी। भाजपा ने संसद में स्पष्ट बहुमत मिलने पर इसे हटाने का वादा किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2019 में यह वादा पूरा किया गया।

एक पल की गलती कई सदियों तक सजा दे सकती है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने तय किया कि अब ऐसा नहीं चलेगा। राजनाथ ने अनुच्छेद 370 हटाने को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा करने वाला कदम बताया।

विज्ञापन
विज्ञापन

आतंकवाद और अलगाववाद कमजोर होने का दावा
राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कई दशकों तक आतंकवाद के कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत के सिद्धांतों को याद करते हुए कहा कि सरकार ने आतंकवाद को खत्म करने का संकल्प लिया था।

रक्षा मंत्री ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को खत्म करने में काफी सफलता मिली है और अनुच्छेद 370 हटने के बाद आतंकवाद, अलगाववाद तथा अलगाववादी ताकतें धीरे-धीरे कमजोर हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में विकास के लिए बेहतर माहौल बन रहा है।

पर्यटन में बढ़ोतरी से स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा
राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर में पर्यटन बढ़ने का जिक्र करते हुए कहा कि पहले की तीन साल की अवधि में प्रदेश में 4.76 करोड़ पर्यटक पहुंचे थे, जबकि 2023 से 2025 के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़कर 7.85 करोड़ हो गई। इसे अनुच्छेद 370 हटने के बाद हुए बदलाव का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि पर्यटन से केवल होटल और पर्यटन उद्योग को ही फायदा नहीं होता बल्कि पर्यटक स्थानीय दुकानों, बाजारों और हस्तशिल्प से सामान खरीदते हैं, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों की आय भी बढ़ती है। जम्मू-कश्मीर विकास के नए रिकॉर्ड बना रहा है।

विज्ञापन

कांग्रेस पर ऐतिहासिक गलतियों का आरोप
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद पार्टी ने कई गलत फैसले लिए जिनका खामियाजा जम्मू-कश्मीर को लंबे समय तक भुगतना पड़ा। उन्होंने अनुच्छेद 370 को प्रदेश की समस्याओं के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि मोदी सरकार ने इसे हटाकर लोगों को उनके अधिकार दिलाए।

जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक महेंद्र सहारवाल की पुस्तक 'Kashmir Under 370: A Personal History' का हवाला देते हुए एक घटना का जिक्र किया। राजनाथ ने किताब में दिए गए विवरण के अनुसार एक बार राष्ट्रपति को भी जम्मू-कश्मीर में जमीन के पंजीकरण के सिलसिले में गैर-राज्य विषय बताया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घटना पुस्तक में दर्ज विवरण के आधार पर बता रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि पहले जम्मू-कश्मीर में तैनात आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले के समय उनसे पूछा जाता था कि क्या वे 'भारत जा रहे हैं', जिससे प्रदेश के अलग होने जैसी भावना पैदा होती थी।

मोदी कहीं नहीं जाएंगे, कांग्रेस को बोरिया-बिस्तर समेटना चाहिए
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का फैसला जनता ने किया है और उन्हें पद से हटाने का अधिकार भी केवल जनता के पास है। उन्होंने कहा कि मोदी किसी राजनीतिक विरासत के कारण प्रधानमंत्री नहीं बने बल्कि जनता के समर्थन से इस पद पर पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कई बार खुद को फकीर बताते हुए कह चुके हैं कि जब जनता चाहेगी वह अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर चले जाएंगे। राजनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी कहीं नहीं जाने वाले बल्कि कांग्रेस को अपना बोरिया-बिस्तर समेटने की तैयारी करनी चाहिए।

वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर चुनावी हार के बाद लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हारने के बावजूद अपनी कमियों पर विचार करने के बजाय चुनाव प्रक्रिया, ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है।

राजनाथ सिंह ने वोट चोरी के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि यदि किसी को लगता है कि उसका वोट चोरी हुआ है तो उसे ठोस सबूत पेश करने चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केवल किसी की भावना या अंदाजे के आधार पर देश नहीं चल सकता।

भाजपा राजनीति में केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से आई है। लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और राजनीतिक दबाव या अराजकता के जरिए सरकार बदलने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती।

राहुल गांधी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा पर निशाना
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री पद को अपना अधिकार समझते हैं और किसी दूसरे नेता को इस पद पर स्वीकार नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि राजनीति में किसी पद की इच्छा रखना गलत नहीं है, लेकिन देश के सर्वोच्च पद को जन्मसिद्ध अधिकार समझना उचित नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी को वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री बनने की उम्मीद थी लेकिन जनता ने नरेंद्र मोदी को फिर समर्थन दिया। राजनाथ ने आरोप लगाया कि चुनावी नतीजे उनकी महत्वाकांक्षा के अनुरूप नहीं आने के बाद वह राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

संसद में बहस करें, आरोपों से देश की छवि खराब न करें
रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी को संसद में बहस की चुनौती देने से पहले सदन में सक्रिय भागीदारी करने की सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भ्रामक बयान देते हैं और देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।

उन्होंने चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर राहुल गांधी के बयानों पर भी आपत्ति जताई और कहा कि सरकार का विरोध करना तथा देश का विरोध करना दो अलग बातें हैं। राजनाथ ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और पूर्व में सरकारों को रिमोट कंट्रोल से चलाने का आरोप भी लगाया।

आपातकाल के अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि वह करीब 18 महीने जेल में रहे थे और कई महीने एकांत कारावास में बिताए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान उनकी मां का निधन हो गया लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उन्हें पैरोल नहीं दी।

अंत में राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार देश के विकास को आगे बढ़ाती रहेगी और लोकतंत्र, संविधान, राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का जनता जवाब देगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed