बडगाम में साजिश नाकाम: सघन तलाशी के बाद जंगल में दहशतगर्दों का ठिकाना ध्वस्त, सर्दियों में ठहरने की थी तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, इस ठिकाने का इस्तेमाल आतंकियों के छिपने और लंबे समय तक रहने के लिए किया जा सकता था।
विस्तार
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के खाग इलाके में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। शुपलिन वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक प्राकृतिक गुफा में बनाए आतंकी ठिकाने को ध्वस्त किया। यहां राशन, कंबल, बर्तन और अन्य जरूरी सामान बरामद हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, इस ठिकाने का इस्तेमाल आतंकियों के छिपने और लंबे समय तक रहने के लिए किया जा सकता था।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और प्राकृतिक गुफा को ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किए जाने की खुफिया सूचना मिली थी। इसके आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने शुपलिन खाग के जंगलों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
सघन तलाशी के दौरान एक प्राकृतिक गुफा का पता चला। जांच में वहां आतंकियों के लिए बनाए गए गुप्त ठिकाने के संकेत मिले। ठिकाने को नष्ट करने के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के पूरे वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और यह सुनिश्चित करने के लिए सघन तलाशी जारी रखी है कि इलाके में कोई अन्य गुप्त ठिकाना न मौजूद हो।
प्राकृतिक गुफा में छिपाई रसद सामग्री बरामद
- गुफा से रहने और खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया। इसमें एक गैस चूल्हा, एक कालीन, तीन कंबल, दो पतीले, दो थालियां, पांच लीटर का एक वाटर जग और एक बीपीपी शामिल है।
- सामान में चावल, प्याज, मैगी, चॉकलेट, दूध, तेल, गुड़ आदि के अलावा प्रोटीन पाउडर के दो डिब्बे भी मि हैं। तंबाकू के दो पैकेट और बैटरी सेल का एक पैकेट भी बरामद किया गया है।
सर्दियों में ठहरने की तैयारी की आशंका
अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री से साफ जाहिर होता है कि आतंकी आगामी सर्दियों के मौसम में इस प्राकृतिक गुफा को बेस बनाकर इलाके में मूवमेंट बनाए रखने की तैयारी की जा रही थी। सुरक्षाबलों की समय पर कार्रवाई से आतंकियों की यह साजिश नाकाम हो गई है।
केरन सेक्टर में दूसरे दिन भी चला तलाशी अभियान
सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास शनिवार तड़के दो घुसपैठियों को मुठभेड़ में ढेर किए जाने के बाद से सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं। रविवार को भी सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेरकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षाबलों ने पूरे वन क्षेत्र, नालों और प्राकृतिक गुफाओं को घेर रखा है।