न्यूज डायरी: आज सीएम चंद्रबाबू नायडू से मिलेंगे मुख्यमंत्री विजय, 69+ करोड़ में बिकी तैयब मेहता की पेंटिंग
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय मंगलवार, 13 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में चेन्नई के लिए कृष्णा नदी का पानी जल्द जारी करने और दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच तेलुगु गंगा परियोजना के तहत पानी की आपूर्ति तेज करने के साथ ही गोदावरी-कृष्णा-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना पर भी बातचीत होने की उम्मीद है।
पवन कल्याण से मुलाकात और कनक दुर्गा मंदिर के दर्शन
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, विजय दोपहर 3:30 बजे गन्नवरम हवाई अड्डे पहुंचेंगे और शाम 4:15 बजे चंद्रबाबू नायडू के साथ आधिकारिक बैठक करेंगे। इसके बाद वह आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से मुलाकात करेंगे और विजयवाड़ा उत्सव 2.0 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम को वह ऐतिहासिक कनक दुर्गा मंदिर में दर्शन भी करेंगे। इसके बाद मंगलवार रात को चेन्नई लौटने का कार्यक्रम है।
पर्यावरण कार्यकर्ता ने की जल्द पानी छोड़ने की मांग
पर्यावरण संगठन पूवुलागिन ननबर्गल के कार्यकर्ता जी. सुंदरराजन ने मुख्यमंत्री विजय से अपील की है कि वह आंध्र प्रदेश सरकार से कंडालेरू जलाशय से तुरंत पानी छोड़ने और तेलुगु गंगा परियोजना के लिए श्रीशैलम से भी पानी आवंटित करने का आग्रह करें। उन्होंने कहा कि विजय को बैठक में चेन्नई की मौजूदा पेयजल जरूरतों, पूंडी समेत प्रमुख झीलों में पानी के स्तर और इस साल कृष्णा नदी से मिले पानी का ब्योरा पेश करना चाहिए, ताकि शहर की जल जरूरतों को देखते हुए जल्द आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
स्विस राजदूत माया तिस्साफी गुजरात के वडोदरा में हुए गरबा में जमकर झूमीं। उनका अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है। नवरात्र के अवसर पर ऐक्यम 2026 कार्यक्रम में उन्होंने करीब 50 हजार लोगों के साथ गरबा किया। इस दौरान वह पारंपरिक गुजराती लहंगा-चोली में नजर आईं। उनके डांस और भारतीय संस्कृति के प्रति उत्साह की जमकर तारीफ हो रही है। यह कार्यक्रम भाजपा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने होस्ट किया।
अजमेर शरीफ दरगाह के 26वीं पीढ़ी के गद्दी-नशीन और चिश्ती फाउंडेशन के चेयरमैन हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने अमेरिका की ब्रिघम यंग विश्वविद्यालय (बीवाईयू) में कहा-भारत की अनेकता में एकता की परंपरा दुनिया को दी जा सकने वाली बड़ी सौगातों में से एक है। यह एक ऐसी सौगात है जिसे हमें अपने देश में भी संरक्षित, सुरक्षित और समृद्ध करना चाहिए। यह बातें 33वीं अंतरराष्ट्रीय कानून और धर्म संगोष्ठी में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कही।
भारतीय आधुनिक कला के दिग्गज कलाकार तैयब मेहता की 2002 में बनी पेंटिंग ‘रिक्शा पुलर’ 69.1 करोड़ रुपये में बिकी है। आर्ट प्लेटफॉर्म वोल्टे उना की पहली नीलामी में हुई इस बिक्री ने मेहता के लिए नीलामी का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। यह चौथी सबसे महंगी भारतीय कलाकृति भी बन गई। मेहता की पिछली पेंटिंग ट्रस्ड बुल अप्रैल 2025 में 61.80 करोड़ रुपये में बिकी थी।
आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले में विजयवाड़ा वेस्ट बाईपास पर सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद एक इलेक्ट्रिक कार में आग लग गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक है। पुलिस के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जल गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि सभी लोग नंबुरु में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें इलेक्ट्रिक कार से उठता धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा है।
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री ने आधी रात किया औचक निरीक्षण
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने मंगलवार आधी रात को बम्बोलिम स्थित गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) का औचक दौरा कर कैजुअल्टी विभाग में मरीजों की बढ़ती संख्या और डॉक्टरों पर काम के बोझ का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार, 1,200 बिस्तरों वाले इस सरकारी अस्पताल में मंत्री ने डॉक्टरों पर काम का दबाव कम करने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की। राणे ने पीटीआई से कहा कि दौरे का मुख्य उद्देश्य अस्पताल की कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करना और डॉक्टरों को बेहतर सेवाएं देने में मदद करना है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने से मरीजों को चिकित्सा सहायता मिलने में लगने वाला समय कम होगा। मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार मरीजों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टरों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बेवफाई के शक में पत्नी की चाकू मारकर हत्या
हैदराबाद में बेवफाई के शक में मुस्तफा नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 30 वर्षीय पत्नी अजमीरा की बीती रात चाकू मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर बालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी पति की तलाश जारी है।
सीवेज टैंक में जहरीली गैस से दम घुटने पर दो मजदूरों की मौत
चेन्नई के कोडुंगैयूर इलाके में सोमवार को 20 फीट गहरे वर्षा जल निकासी टैंक में इलेक्ट्रिक मोटर की मरम्मत के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रणिपेट के 38 वर्षीय असलम बाशा और पश्चिम तांबरम के 34 वर्षीय नवीन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, टैंक में लगी इलेक्ट्रिक मोटर खराब हो गई थी, जिसके बाद कंपनी के सर्विस सेंटर के कर्मचारियों को उसे निकालने के लिए बुलाया गया। सोमवार को एक मजदूर मोटर निकालने के लिए टैंक में उतरा, लेकिन जहरीली गैस के कारण उसकी सांस फूलने लगी। उसे बचाने के लिए दूसरा मजदूर भी टैंक में उतर गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। तीसरे मजदूर के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने दोनों के शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी स्टेनली अस्पताल भेज दिए। कोडुंगैयूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर सख्त कानूनी कार्रवाई जरूरी: पी. सतीदेवी
केरल राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पी. सतीदेवी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा और पीछा करने (स्टॉकिंग) की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिनसे निपटने के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई और कानूनी जागरूकता जरूरी है। उन्होंने सोमवार को वीके कृष्ण मेनन मेमोरियल महिला कॉलेज में राष्ट्रीय महिला आयोग और राज्य महिला आयोग की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय स्टॉकिंग जागरूकता सेमिनार का उद्घाटन करते हुए कहा कि समानता मौलिक अधिकार होने के बावजूद महिलाओं को आज भी उपेक्षा और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने और न्याय के लिए आगे आने का साहस दिखाना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कानून मौजूद हैं, लेकिन सामाजिक प्रतिक्रिया के डर, न्याय पाने के सही माध्यम की जानकारी न होने और समाज के भय के कारण वे अक्सर चुप रह जाती हैं, जो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि महिलाएं घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षित महसूस कर रही हैं। साथ ही, उन्होंने महिलाओं को सोशल मीडिया और नई संचार तकनीकों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वीके कृष्ण मेनन मेमोरियल महिला कॉलेज की प्राचार्य सिनुमोल थॉमस ने कहा कि स्टॉकिंग नई पीढ़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और इसके खिलाफ लड़ने में जागरूकता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मणिपुर से म्यांमार के नागरिक समेत दो गिरफ्तार
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में पुलिस ने 900 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 37 वर्षीय चिंगमुआनचिन सामते को खुपगौ गांव से पकड़ा गया। उसके पास से साबुन की 45 डिब्बियों में छिपाकर रखी गई 900 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके कथित सप्लायर, म्यांमार के 33 वर्षीय नागरिक पाउमुआंथांग तुंगनुंग को भी गिरफ्तार कर लिया। वह जिले के बोलजोल गांव में रह रहा था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आव्रजन एवं विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत चुराचांदपुर थाने में मामला दर्ज किया है।
मणिपुर में बिगड़े हालात पर बीएसएफ डीजी ने सीएम से की चर्चा
सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने मंगलवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से मुलाकात कर राज्य में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब पिछले हफ्ते राज्य के तीन पहाड़ी जिलों में शुक्रवार और शनिवार को हुई अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि BSF महानिदेशक ने बाबूपारा स्थित उनके सचिवालय में मुलाकात की। इस दौरान BSF ईस्टर्न कमांड के अतिरिक्त महानिदेशक सुमित शरण और मिजोरम-कछार फ्रंटियर मुख्यालय के महानिरीक्षक रवि कांत भी मौजूद रहे। बैठक में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के साथ BSF के आगामी स्थापना दिवस समारोह से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने शांति बनाए रखने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और सीमा प्रबंधन में BSF की समर्पित सेवाओं की सराहना की। इस साल फरवरी से कुकी और नागा समुदायों के बीच जारी हिंसा में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और कई घरों को आग के हवाले किया गया है। इससे पहले मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा में 300 से अधिक लोगों की जान गई थी, 49 लोग अब भी लापता बताए गए थे और हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े थे।
कोलकाता में ममता बनर्जी की राजाबाजार से पार्क सर्कस तक प्रस्तावित विरोध मार्च को लेकर पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने कहा कि किसी भी जुलूस या रैली के लिए पहले से अनुमति लेना जरूरी है। आयोजकों को आवेदन में जुलूस का विवरण, तारीख और समय बताना होता है। इसके बाद पुलिस प्रतिभागियों की संभावित संख्या, रूट और ट्रैफिक पर पड़ने वाले असर जैसे मुद्दों पर चर्चा करती है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि एक ही समय पर अलग-अलग कार्यक्रम होने या स्थानीय समस्याओं के कारण भी दिक्कतें आ सकती हैं, इसलिए आयोजकों को पुलिस के साथ समन्वय बनाकर चलना चाहिए। केवल सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर कानून-व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस तुरंत कार्रवाई नहीं कर सकती और निर्धारित प्रक्रिया का पालन न होने पर अनुमति देना मुश्किल होता है। नंद ने स्पष्ट किया कि पुलिस कानून के दायरे में काम करती है और आयोजकों को समय रहते अनुमति लेकर अधिकारियों का सहयोग करना चाहिए। आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद पुलिस जरूरी व्यवस्था करेगी।