महाराष्ट्र: एमपीएससी में अनियमितता के खिलाफ कांग्रेस-राहुल हमलावर; अध्यक्ष सपकाल ने छात्रों से की मुलाकात
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शनिवार को महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) में भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की। सपकाल ने कहा कि लगातार प्रश्नपत्र लीक होना एक बड़ा घोटाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार व्यवस्था सुधारने को तैयार नहीं है। सपकाल ने आरोप लगाया कि MPSC अध्यक्ष मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी पारिवारिक मित्र हैं, जिनका उद्देश्य इन परीक्षाओं के जरिये खास लोगों को चुनना है। कांग्रेस ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी। पुणे पुलिस ने MPSC अभ्यर्थियों को अनधिकृत आंदोलन रोकने की सूचना दी। पुलिस ने यातायात बाधित होने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से MPSC में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने को कहा था। कुछ नहीं हुआ, इसलिए आज वही छात्र पुणे में सत्याग्रह कर रहे हैं।
दिशा सालियान मौत मामले में सीबीआई को नए सबूत सौंपे
दिशा सालियान की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। शनिवार को दिशा के पिता सतीश सालियान के वकील नीलेश ओझा ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को नए सबूत सौंपते हुए मामले के आरोपियों की हिरासत में पूछताछ की मांग की है। साथ ही उन्होंने पूरी जांच बॉम्बे हाई कोर्ट की निगरानी में कराने के लिए एक नई याचिका दायर करने की बात कही है। वकील नीलेश ओझा ने गृह मंत्रालय को सौंपी गई एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे की बहाली से जुड़े दस्तावेजों से मामले में कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं। नियमों के अनुसार, इस पद पर पुलिस इंस्पेक्टर स्तर का अधिकारी होना चाहिए था, जबकि वाजे उस रैंक के नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नियुक्ति दिशा की मौत की कथित साजिश, मामले को दबाने, जबरन वसूली और ड्रग्स के गैरकानूनी कारोबार को अंजाम देने के मकसद से की गई थी। अभिनेता सुशांत सिंह की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत 8 जून, 2020 को मुंबई में हुई थी, जिसे शुरुआत में दुर्घटनावश हुई मौत के तौर पर दर्ज किया गया था।
महाराष्ट्र के बीड जिले में चाइल्ड वेलफेयर कमिटी ने 13 साल की लड़की और 25 साल के आदमी की कथित शादी के मामले की जांच के आदेश दिए हैं। यह जानकारी रविवार को 1098 चाइल्डलाइन से जुड़े एक एक्टिविस्ट ने दी। एक्टिविस्ट टाटावाशील कांबले के मुताबिक, यह गैर-कानूनी शादी 30 जुलाई को अष्टी तहसील के अंभोरा पुलिस स्टेशन इलाके के एक गांव में हुई थी। एक्टिविस्ट ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद, चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (सीडब्ल्यूसी) ने जिला अधिकारियों (जिनमें चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, तहसीलदार और ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर शामिल हैं) को मामले की जांच करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिन माता-पिता और रिश्तेदारों ने इस कथित बाल विवाह के लिए सहमति दी और साथ ही जिस पुजारी या बिचौलिये ने इसे करवाया, उन पर 'बाल विवाह निषेध अधिनियम' के तहत आपराधिक आरोप लग सकते हैं। कांबले ने अधिकारियों से अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि नाबालिग लड़की को उसकी सुरक्षा और बचाव के लिए तुरंत कमेटी के सामने पेश किया जाए। कांबले के अनुसार, महाराष्ट्र विधान परिषद की डिप्टी चेयरपर्सन नीलम गोर्हे ने भी बीड के कलेक्टर विवेक जॉनसन से इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
क्रिकेट की बेहतर सुविधाओं और ट्रेनिंग के मौकों की कमी के बावजूद, बीड के तीन युवा खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत से महाराष्ट्र की रणजी ट्रॉफी टीम में जगह बनाकर अपनी पहचान बनाई है। बीड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सेक्रेटरी आमेर सलीम ने बताया कि सौरभ नवाले, सचिन धास और ऋषिकेश सोनावणे महाराष्ट्र की रणजी टीम के लिए चुने गए हैं। यह पहली बार है जब बीड के तीन क्रिकेटर एक साथ राज्य की मुख्य घरेलू टीम में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, "इस उपलब्धि से जिले में क्रिकेटरों की नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।" सलीम ने कहा कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और टैलेंट की वजह से बीड के ये तीन खिलाड़ी रणजी स्तर तक पहुँचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिले ने अलग-अलग खेलों में बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और क्रिकेट में भी स्थानीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है।
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में चार मंजिला रिहायशी इमारत की छत की गैलरी का एक हिस्सा गिर गया, जिसके बाद इमारत में रह रहे 80 लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। अधिकारी ने बताया कि किशन नगर के संगम सदन में हुई इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि मलबे के गिरने से परिसर में खड़ी चार दोपहिया गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। रीजनल डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा, "घटना की सूचना दोपहर करीब 2.20 बजे मिली। 35 साल पुरानी इमारत की छत की गैलरी का एक हिस्सा गिर गया और बाकी हिस्सा भी खतरनाक हालत में था।" उन्होंने बताया कि इमारत में 80 लोग रह रहे थे, जिन्हें बाहर निकालकर रहने की दूसरी जगह दी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि इमारत की मरम्मत की जरूरत है।
ठाणे में रिंग मेट्रो के रूट के विरोध में प्रदर्शन
ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो के प्रस्तावित रूट के विरोध में रविवार को लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। हिरानंदानी एस्टेट में 250 से अधिक लोगों ने मार्च निकाला और मानव श्रृंखला बनाई। प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो अधिकारियों और नगर प्रशासन से मौजूदा योजना की समीक्षा करने की मांग की। उनका कहना है कि प्रस्तावित रूट से ट्रैफिक बढ़ेगा, पेड़ों को नुकसान पहुंचेगा और स्कूलों के आसपास पैदल चलने वालों की सुरक्षा प्रभावित होगी। लोगों ने कहा कि वे सार्वजनिक परिवहन और विकास के विरोध में नहीं हैं, लेकिन प्रभावित समुदायों से बातचीत के बाद रूट तय किया जाना चाहिए।
महाराष्ट्र के ठाणे की अदालत ने प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला रखने के मामले में तीन आरोपियों को बरी कर दिया। मामला वर्ष 2022 में पालघर जिले के भयंदर इलाके में हुई कार्रवाई से जुड़ा है। पुलिस ने एक दुकान से करीब 42 हजार रुपये के प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पाद जब्त किए थे। इसके बाद कमलेश उपाध्याय, विनोद मिश्रा और राजेश मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अदालत ने कहा कि लगाए गए आईपीसी प्रावधान कानूनी रूप से टिकाऊ नहीं हैं। अभियोजन यह भी साबित नहीं कर सका कि जब्त सामान मिलावटी खाद्य पदार्थ या जहरीला पदार्थ था।
नागपुर के बुटीबोरी इलाके में चप्पल की मरम्मत के 20 रुपये मांगने पर हुए विवाद में 76 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी दिलीप पवार (35) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चप्पल ठीक कराने मोची की दुकान पर गया था। काम पूरा होने के बाद उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। दुकान पर मौजूद जयसिंह राजाराम भैसवार ने उससे 20 रुपये देने को कहा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर लोहे के औजार से उनके सिर पर वार कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई।
लातूर शहर में एक निजी स्कूल के संस्थापक-प्रिंसिपल के खिलाफ नाबालिग छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर एमआईडीसी थाने में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है। लातूर के पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस ने शिकायत से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर करने की बात कही है।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और शिवसेना (यूबीटी) की ओर से रविवार को दक्षिण मुंबई में निकाली गई संयुक्त विरोध रैली को लेकर पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मामला आजाद मैदान पुलिस थाने में दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, रैली के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी और दक्षिण मुंबई में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों का भी कथित तौर पर उल्लंघन हुआ।
यह रैली शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे के नेतृत्व में बीएमसी मुख्यालय की ओर निकाली गई। दोनों नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विरोध का मुद्दा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को बनाया गया। उद्धव ठाकरे ने एसआईआर को मतदाताओं के अधिकार और लोकतंत्र पर हमला बताया। वहीं, राज ठाकरे ने महाराष्ट्र में एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने की मांग की। उन्होंने चुनाव में बैलेट पेपर से मतदान कराने की भी मांग उठाई। चुनाव आयोग का कहना है कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट और व्यवस्थित करना है।