एक्सप्लेनर: दिल्ली में कैसे 1500+ दर्ज हुआ एक्यूआई, सरकारी-निजी आंकड़ों में इतना अंतर क्यों, क्या है मामला?
दिवाली के दौरान कुछ मोबाइल एप्स पर राजधानी दिल्ली का एक्यूआई 1000 से 1500 तक दिखा, जबकि सरकारी आंकड़े में यह काफी कम था। आखिर दोनों के आंकड़ों में इतना अंतर क्यों है? जानिए भारत और अमेरिकी एक्यूआई पैमाने, सेंसर, गणना के तरीकों और प्रदूषण मापने की प्रक्रिया का अंतर।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
दरअसल, देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के कई शहरों दीवाली के दौरान कई मोबाइल एप्स और निजी एयर क्वालिटी प्लेटफॉर्म पर हवा का एक्यूआई 1000 और 1500 के आंकड़े तक दर्ज हुई। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने तो इसके 3000 तक पहुंचने का दावा कर दिया, जिसकी पुष्टि नही हो सकी है।
ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठा कि जब सरकारी आंकड़ों में प्रदूषण 500 के आसपास है तो निजी एप्स पर यह 1000 या 1500 कैसे पहुंच रहा है? क्या सरकारी आंकड़े कम प्रदूषण दिखा रहे हैं या फिर एप्स गलत जानकारी दे रहे हैं? इसकी वजह क्या है? आइये जानते हैं...
भारतीय सिस्टम और विदेशी एप्स के मापन सिस्टम में क्या अंतर?
दिल्ली में एक्यूआई को मापने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले मानक और विदेशी एप्स की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाले प्रदूषण मापने के पैमाने और तरीके में बड़ा फर्क है। भारत में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का आधिकारिक एक्यूआईपैमाना शून्य से 500 तक है। यानी इस पैमाने पर 500 सबसे ऊपरी सीमा है। इसका मतलब यह नहीं है कि 500 के बाद प्रदूषण बढ़ना बंद हो जाता है, बल्कि इसके आगे की हर स्थिति बेहद हानिकारक है। हवा में प्रदूषकों की वास्तविक मात्रा और उनसे होने वाला स्वास्थ्य जोखिम मानव जीवन के लिए भीषण खतरा पैदा कर सकते हैं।
दूसरी ओर, कुछ निजी एप्स भारत के बजाय अमेरिकी एक्यूआई (यूएस एक्यूआई) या दूसरे इंडेक्स का इस्तेमाल करते हैं। कुछ प्लेटफॉर्म एक घंटे के औसत के आधार पर आंकड़े दिखाते हैं, जबकि भारत में पीएम2.5 और पीएम10 के लिए 24 घंटे के मूविंग एवरेज का इस्तेमाल होता है। इसी वजह से एक ही जगह के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाई दे सकता है। एक और महत्वपूर्ण अंतर प्रदूषण मापने वाले उपकरणों का है। सरकारी केंद्रों पर मानक उपकरणों से प्रदूषण मापा जाता है, जबकि कुछ ऐप कम लागत वाले सेंसर का डेटा इस्तेमाल करते हैं। नमी, सेंसर की गुणवत्ता और गणना के तरीके से भी रीडिंग बदल सकती है।
इसलिए 1000 या 1500 एक्यूआई दिखने का मतलब यह नहीं कि आंकड़ा गलत है। लेकिन उसकी तुलना सीधे सीपीसीबी के 400 या 500 एक्यूआईसे नहीं की जा सकती। ऐसी स्थिति में एप पर इस्तेमाल किए गए पैमाने, प्रदूषण के प्रमुख स्रोत, मापने का समय और पीएम2.5 व पीएम10 की वास्तविक मात्रा भी देखनी चाहिए। क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर एक्यूआई होता क्या है? हवा में ऐसा क्या मौजूद होता है, जिसके कारण इसका स्तर इतना बढ़ जाता है? क्या मोबाइल ऐप पर दिखा रहे 200 एक्यूआई का मतलब है कि हवा में प्रदूषण 100 एक्यूआई के मुकाबले दोगुना है? और क्या एक ही एक्यूआई का असर हर व्यक्ति पर समान होता है?
दरअसल, हवा में मौजूद प्रदूषण हमेशा दिखाई नहीं देता। कई बार आसमान साफ नजर आता है, लेकिन हवा में मौजूद बेहद छोटे जहरीले कण और गैसें सांस के जरिए हमारे शरीर में पहुंच रही होती हैं। इसी प्रदूषण को समझने, उसकी गंभीरता बताने और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी देने के लिए एक्यूआई का इस्तेमाल किया जाता है। आइए इस खबर में समझते हैं कि एक्यूआई क्या है, इसकी गणना कैसे होती है, भारत में कौन-कौन से प्रदूषकों की जांच की जाती है, पीएम2.5 और पीएम10 में क्या अंतर है, मौसम प्रदूषण को कैसे प्रभावित करता है और खराब हवा से हमारे शरीर पर क्या असर पड़ता है।
एक्यूआई का पूरा नाम एयर क्वालिटी इंडेक्स है। हिंदी में इसे वायु गुणवत्ता सूचकांक कहते हैं। यह एक ऐसा पैमाना है, जिसके जरिए यह पता लगाया जाता है कि किसी जगह की हवा कितनी साफ या प्रदूषित है और उस हवा में सांस लेने से लोगों की सेहत पर कितना असर पड़ सकता है। आमतौर पर हवा में कई तरह के प्रदूषक मौजूद होते हैं। इनमें धूल के बारीक कण, वाहनों से निकलने वाला धुआं, फैक्ट्रियों से निकलने वाली गैसें और दूसरे हानिकारक रासायनिक तत्व शामिल हैं।
इन सभी प्रदूषकों की मात्रा अलग-अलग तरीके से मापी जाती है। एक्यूआई इन आंकड़ों को एक संख्या में बदल देता है, ताकि आम लोग भी आसानी से हवा की स्थिति समझ सके। इससे उन्हें यह भी पता चल जाएगा कि क्षेत्र की हवा कैसी है और यहां कितनी देर तक रहना सही रहेगा, जिसके अनुसार वे मास्क समेत अन्य सुरक्षा उपाय कर सकेंगे। एक्यूआई को समझने का आसान तरीका यह है कि इसकी संख्या जितनी ज्यादा होगी, हवा की गुणवत्ता उतनी ही खराब होगी और स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बढ़ेगा। यहां एक बात समझना जरूरी है कि एक्यूआई प्रदूषण की वास्तविक मात्रा नहीं बताता, बल्कि अलग-अलग प्रदूषकों की सांद्रता को एक तय पैमाने पर बदलकर हवा की स्थिति बताता है। इसलिए 200 एक्यूआई का मतलब यह नहीं है कि हवा में प्रदूषण 100 एक्यूआई के मुकाबले ठीक दोगुना है।
भारत में एक्यूआई का पैमाना क्या है?
भारत में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने वायु गुणवत्ता मापने के लिए राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी नेशनल एयर क्वालिटी इंडेक्स निर्धारित किया है। इसमें एक्यूआई को शून्य से 500 के बीच छह श्रेणियों में बांटा गया है।
भारत में एक्यूआई की छह श्रेणियां और उनका स्तर:
|
एक्यूआई स्तर |
श्रेणी |
स्वास्थ्य पर प्रभाव |
|---|---|---|
|
0–50 |
अच्छा |
स्वास्थ्य पर न्यूनतम प्रभाव |
|
51–100 |
संतोषजनक |
संवेदनशील लोगों को सांस लेने में मामूली परेशानी |
|
101–200 |
मध्यम |
फेफड़ों, अस्थमा और हृदय रोगियों को सांस लेने में परेशानी |
|
201–300 |
खराब |
लंबे समय तक संपर्क से ज्यादातर लोगों को सांस लेने में परेशानी |
|
301–400 |
बहुत खराब |
बे समय तक संपर्क से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा |
|
401–500 |
गंभीर |
स्वस्थ लोगों पर भी असर, बीमार लोगों के लिए गंभीर स्थिति |
प्रदूषण की इन श्रेणियों से पता चलता है कि प्रदूषण बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बढ़ता जाता है। उदाहरण के लिए, 50 से कम एक्यूआई में आमतौर पर स्वास्थ्य संबंधी खतरा न्यूनतम रहता है, जबकि 400 से ऊपर पहुंचने पर स्वस्थ व्यक्तियों को भी सांस संबंधी दिक्कत हो सकती है।
भारत में एक्यूआई की गणना के लिए हवा में मौजूद आठ प्रमुख प्रदूषकों को आधार बनाया जाता है। ये प्रदूषक अलग-अलग स्रोतों से निकलते हैं और हमारे स्वास्थ्य को अलग-अलग तरह से प्रभावित करते हैं।
इन आठ प्रदूषकों में दो तरह के कण (पीएम2.5 और पीएम10), पांच तरह की गैसें तथा सीसा (pb) शामिल हैं।
भारत में एक्यूआई के लिए मापे जाने वाले आठ प्रदूषक इस तरह के है।
1- PM2.5 (पार्टिकुलेट मैटर 2.5): ये हवा में मौजूद बेहद छोटे कण होते हैं, जिनका व्यास 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये इतने बारीक होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों के अंदर गहराई तक पहुंच सकते हैं। वाहनों का धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, कचरा और ईंधन जलना इनके प्रमुख स्रोत हैं।
2- PM10 (पार्टिकुलेट मैटर 10): ये ऐसे धूल और प्रदूषण के कण हैं, जिनका व्यास 10 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। सड़क की धूल, निर्माण कार्य, खनन, मिट्टी और औद्योगिक गतिविधियां इनके प्रमुख स्रोत हैं। ये सांस के जरिए नाक और श्वसन तंत्र में प्रवेश कर शरीर को नुकसान पहुचा सकते हैं।
3- NO₂ (नाइट्रोजन डाइऑक्साइड): यह एक हानिकारक गैस है, जो मुख्य रूप से पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों, बिजली संयंत्रों और औद्योगिक इकाइयों में ईंधन जलने से निकलती है। यह सांस की नलियों में जलन और सूजन पैदा कर सकती है तथा अस्थमा की समस्या बढ़ा सकती है।
4- SO₂ (सल्फर डाइऑक्साइड): यह गैस मुख्य रूप से कोयला और तेल जैसे सल्फर युक्त ईंधन जलाने से निकलती है। बिजली घर, रिफाइनरी और कुछ औद्योगिक इकाइयां इसके प्रमुख स्रोत हैं। इसके संपर्क में आने से गले और फेफड़ों में जलन के साथ अन्य बिमारियां हो सकती है।
5- CO (कार्बन मोनोऑक्साइड): यह रंगहीन और गंधहीन जहरीली गैस है। पेट्रोल, डीजल, कोयला, लकड़ी और अन्य ईंधनों के अधूरे दहन से पैदा होती है। यह रक्त में हीमोग्लोबिन से जुड़कर शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचने की क्षमता कम कर खरती है। अधिक मात्रा में इसका संपर्क जानलेवा भी हो सकता है।
6- O₃ (ओजोन): ओजोन गैस दो तरह की होती है। पहली- वायुमंडल की ऊपरी परत में मौजूद ओजोन सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से हमारी रक्षा करती है, लेकिन दूसरी- धरती की सतह के पास मौजूद ओजोन नुकसानदायक प्रदूषक है। यह वाहनों और उद्योगों से निकलने वाली गैसों के सूर्य की रोशनी में रासायनिक प्रतिक्रिया करने से बनती है। इससे खांसी, गले में जलन और सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
7- NH₃ (अमोनिया): यह तीखी गंध वाली गैस है। इसका उत्सर्जन मुख्य रूप से कृषि में इस्तेमाल होने वाले उर्वरकों, पशुपालन, कचरे और कुछ औद्योगिक गतिविधियों से होता है। यह आंखों, नाक और सांस की नलियों में जलन पैदा कर सकती है। वायुमंडल में अन्य प्रदूषकों के साथ प्रतिक्रिया करके यह बारीक कणों के निर्माण में भी योगदान देती है।
8- Pb (लेड या सीसा): सीसा एक जहरीली भारी धातु है। यह बैटरी निर्माण और रीसाइक्लिंग, धातु प्रसंस्करण तथा कुछ औद्योगिक प्रक्रियाओं से पर्यावरण में पहुंच सकता है। सीसे का संपर्क विशेष रूप से बच्चों के मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र के विकास को नुकसान पहुंचा सकता है। लंबे समय तक संपर्क में रहने से किडनी और दूसरे अंग भी प्रभावित हो सकते हैं।
इन प्रदूषकों में पीएम2.5 और पीएम10 सबसे महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि शहरी क्षेत्रों में वाहनों, निर्माण कार्यों, सड़क की धूल और ईंधन जलने से इनकी मात्रा तेजी से बढ़ती है। जो के प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण है।
एक्यूआई की गणना सिर्फ हवा में मौजूद प्रदूषण को गिनकर नहीं की जाती। इसके लिए एक वैज्ञानिक प्रक्रिया भी अपनाई जाती है। सबसे पहले अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर हवा के नमूने लिए जाते हैं और उनमें मौजूद प्रदूषकों की मात्रा मापी जाती है। भारत में यह काम केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी), राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित निगरानी नेटवर्क के माध्यम से किया जाता है।
एक जरूरी नियम यह भी है कि भारत में एक्यूआई निकालने के लिए कम से कम तीन प्रदूषकों का पर्याप्त आंकड़ा होना जरूरी है। इनमें पीएम2.5 या पीएम10 में से कम से कम एक का उपलब्ध होना अनिवार्य है। सभी आठ प्रदूषकों का आंकड़ा हर स्टेशन पर उपलब्ध होना जरूरी नहीं है। सीसे (Pb) की माप भी सामान्य रियल टाइम निगरानी में दूसरे प्रदूषकों की तरह उपलब्ध नहीं होती।
एक्यूआई मापने के लिए कौन-सी तकनीक इस्तेमाल होती है?
एक्यूआई की गणना के लिए शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जाते हैं। इन स्टेशनों में अलग-अलग प्रदूषकों की मात्रा मापने के लिए विशेष उपकरण लगे होते हैं। इसमें मुख्य रूप से दो तरह की निगरानी व्यवस्था होती है।
सतत वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र: इन केंद्रों में आधुनिक उपकरणों के जरिए हवा में मौजूद प्रदूषकों की लगातार निगरानी की जाती है। इनसे मिलने वाले आंकड़े नियमित अंतराल पर संबंधित निगरानी प्रणाली तक पहुंचते हैं। इसी आधार पर शहरों की हवा की स्थिति का आकलन किया जाता है।
मैनुअल मॉनिटरिंग स्टेशन: इन केंद्रों पर निर्धारित समय पर हवा के नमूने एकत्र किए जाते हैं। बाद में प्रयोगशाला में उनका परीक्षण करके प्रदूषकों की मात्रा पता लगाई जाती है। यह प्रक्रिया सतत निगरानी की तुलना में धीमी होती है।
इन दोनों व्यवस्थाओं से मिले आंकड़े प्रदूषण की स्थिति समझने, उसकी वजह पहचानने और नियंत्रण के उपाय तैयार करने में मदद करते हैं।
अगर एक्यूआई की व्यवस्था नहीं होती तो आम आदमी के लिए यह समझना मुश्किल होता कि वह जिस हवा में सांस ले रहा है, वह कितनी प्रदूषित है। क्योंकि हवा में मौजूद कई प्रदूषक दिखाई नहीं देते और न ही उनकी गंध हमेशा महसूस होती है। एक्यूआई इस समस्या को आसान बनाता है। इसके जरिए सरकार, प्रशासन, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और आम नागरिक एक ही पैमाने पर वायु प्रदूषण की स्थिति समझ सकते हैं और जिसके अनुसार वे मास्क समेत अन्य सुरक्षा उपाय कर सकते हैं।
इसके मुख्य फायदे क्या हैं:
- स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी: एक्यूआई के जरिए लोगों को पता चलता है कि बाहर निकलना या खुले में व्यायाम करना कितना सुरक्षित है।
- बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा: संवेदनशील लोगों को प्रदूषण बढ़ने पर पहले से सावधान किया जा सकता है।
- सरकारी कार्रवाई: प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर प्रशासन वाहनों, निर्माण कार्यों और औद्योगिक गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे कदम उठा सकता है।
- प्रदूषण के स्रोतों की पहचान: अलग-अलग प्रदूषकों के आंकड़ों से पता चलता है कि किसी क्षेत्र में किस तरह का प्रदूषण ज्यादा है।
- लंबी अवधि की योजना: शहरों में स्वच्छ हवा के लिए योजनाएं बनाने और उनके परिणामों की समीक्षा करने में मदद मिलती है।
इसी तरह एक्यूआई सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा और पर्यावरण प्रबंधन का महत्वपूर्ण माध्यम है।
यह समझना जरूरी है कि दुनिया के सभी देशों में एक्यूआई मापने का एक समान पैमाना नहीं है। अलग-अलग देश अपनी जरूरतों, प्रदूषण के प्रकार और स्वास्थ्य संबंधी मानकों के आधार पर एक्यूआई की गणना करते हैं। भारत में सीपीसीबी का राष्ट्रीय एक्यूआई पैमाना 0 से 500 तक है। अमेरिका में पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (यूएस ईपीए) भी 0 से 500 के पैमाने का इस्तेमाल करती है, लेकिन वहां प्रदूषकों की श्रेणियां और उनकी गणना के ब्रेकपॉइंट भारत से अलग हैं। इसलिए भारत के 150 एक्यूआई और अमेरिका के 150 एक्यूआई को एक समान नहीं माना जा सकता। दीवाली के समय कई एयर क्वालिटी ऐप्स पर प्रदूषण का स्तर (एक्यूआई) 1000 से 3000 तक तक दिखा रहा था। इसका मुख्य कारण उनका अलग-अलग फार्मूले और मानकों का उपयोग करना है।
अब जानते हैं डब्लयूएचवो का वैश्विक मानक क्या है?
विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्लयूएचवो एक्यूआई का कोई एक वैश्विक नंबर वाला पैमाना निर्धारित नहीं करता। इसके बजाय वह अलग-अलग प्रदूषकों की सुरक्षित सांद्रता के लिए स्वास्थ्य संबंधित दिशा-निर्देश जारी करता है।
इनमें कुछ प्रमुख मानक इस प्रकार हैं:
|
प्रदूषक |
औसत अवधि |
डब्लयूएचवो का सुझाया स्तर |
|---|---|---|
|
PM2.5 |
सालाना औसत |
5 µg/m³ |
|
PM2.5 |
24 घंटे |
15 µg/m³ |
|
PM10 |
सालाना औसत |
15 µg/m³ |
|
PM10 |
24 घंटे |
45 µg/m³ |
|
NO₂ |
सालाना औसत |
10 µg/m³ |
|
NO₂ |
24 घंटे |
25 µg/m³ |
|
O₃ |
8 घंटे |
100 µg/m³ |
|
SO₂ |
24 घंटे |
40 µg/m³ |
|
CO |
24 घंटे |
4 mg/m³ |
स्रोत: डब्लयूएचओ वैश्विक वायु गुणवत्ता दिशानिर्देश 2021
वायु प्रदूषण का स्तर सिर्फ इस बात पर निर्भर नहीं करता कि हवा में कितना धुआं या धूल छोड़ा जा रहा है। मौसम भी इसे काफी हद तक प्रभावित करता है। कई बार प्रदूषण का उत्सर्जन लगभग समान रहने के बावजूद एक्यूआई में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। इसकी वजह हवा की गति, तापमान, बारिश, नमी और वातावरण में हवा के फैलने की क्षमता होती है।
सर्दियों में प्रदूषण क्यों बढ़ता है?: सर्दियों में तापमान कम होने के साथ वातावरण में कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है, जिसमें प्रदूषक जमीन के पास ही जमा रहने लगते हैं। इसे तापमान प्रतिलोमन कहते हैं। सामान्य तौर पर ऊंचाई पर जाने के साथ हवा का तापमान घटता है, लेकिन तापमान प्रतिलोमन की स्थिति में जमीन के पास ठंडी हवा और उसके ऊपर गर्म हवा की परत बन जाती है। गर्म हवा की यह परत नीचे की प्रदूषित हवा को ऊपर उठने से रोकती है। इससे धूल और धुएं के कण जमीन के आसपास ही जमा होते रहते हैं। सर्दियों में हवा की गति कम होने और वातावरण में प्रदूषकों के फैलने की ऊंचाई घटने से भी प्रदूषण बढ़ता है।
गर्मियों में एक्यूआई क्यों बदलता है?: गर्मियों में तेज धूप और अधिक तापमान के कारण जमीन के पास ओजोन (O₃) का निर्माण बढ़ सकता है। जब वाहनों और उद्योगों से निकलने वाली नाइट्रोजन ऑक्साइड तथा वाष्पशील कार्बनिक यौगिक सूर्य की रोशनी में रासायनिक प्रतिक्रिया करते हैं, तो ग्राउंड लेवल ओजोन बनती है। हालांकि, गर्मियों में तेज हवाएं कुछ क्षेत्रों में प्रदूषकों को फैलाने में मदद कर सकती हैं। दूसरी ओर, सूखे मौसम और धूल भरी हवाओं से पीएम10 बढ़ सकता है।
बारिश से प्रदूषण कैसे कम होता है?: बारिश होने पर हवा में मौजूद धूल और दूसरे कण पानी की बूंदों के साथ नीचे जमीन पर आ जाते हैं। इस प्रक्रिया को वेट डिपॉजिशन कहते हैं। यही कारण है कि कई बार बारिश के बाद हवा साफ महसूस होती है और एक्यूआई में गिरावट दर्ज की जाती है। हालांकि, इसका असर बारिश की मात्रा, अवधि और स्थानीय मौसम पर निर्भर करता है।
हवा की गति का क्या असर होता है?: तेज हवा प्रदूषकों को एक जगह जमा होने से रोक सकती है और उन्हें दूसरे क्षेत्रों तक फैला सकती है। इसके विपरीत, हवा की गति कम होने पर प्रदूषक एक ही स्थान पर जमा होते रहते हैं। हालांकि, तेज हवा अपने साथ धूल और दूसरे प्रदूषक भी ला सकती है।
प्रदूषण पर नमी और कोहरे का क्या असर होता है?: सर्दियों में अधिक नमी और कोहरे की स्थिति में हवा में मौजूद कुछ कण पानी की बूंदों को अपने ऊपर जमा कर लेते हैं। इससे उनका आकार बढ़ सकता है और दृश्यता कम हो सकती है। कई बार कोहरा और प्रदूषण मिलकर स्मॉग की स्थिति पैदा करते हैं।
वायु प्रदूषण का असर सिर्फ उन लोगों पर नहीं पड़ता, जो पहले से किसी बीमारी से पीड़ित हैं। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से स्वस्थ व्यक्ति भी कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर सकता है। एक्यूआई बढ़ने के साथ इसका असर हमारे दैनिक जीवन पर भी साफ दिखाई देने लगता है, जिसमें सांस लेने में परेशानी, आंखों और त्वचा पर असर, तथा दिल और फेफड़ों पर बुरा प्रभाव शामिल है।
इसके अलावा, इसका सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशु की सेहत पर पड़ता है। इस जहरीली हवा के कारण लोगों की नींद और रोजमर्रा के काम करने की क्षमता पर भी गहरा असर पड़ता है। इसलिए वायु प्रदूषण को सिर्फ सांस संबंधी समस्या समझना सही नहीं है। यह शरीर के कई अंगों और पूरे स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है।
एक्यूआई बढ़ने पर खुद को प्रदूषण से कैसे बचाएं?
वायु प्रदूषण को पूरी तरह खत्म करना व्यक्तिगत स्तर पर संभव नहीं है, लेकिन कुछ सावधानियां बरतकर इसके संपर्क को कम किया जा सकता है।
- खराब हवा में बाहर व्यायाम न करें: जब प्रदूषण का स्तर ज्यादा हो तो दौड़ना, साइकिल चलाना और खुले में कठिन व्यायाम करने से बचें। जरूरत पड़ने पर व्यायाम घर के अंदर करें।
- मास्क का इस्तेमाल करें: बहुत खराब प्रदूषण की स्थिति में अच्छी तरह फिट होने वाले मास्क का इस्तेमाल करें।
- धुआं से बचें: घर के अंदर सिगरेट, अगरबत्ती, धूप, लकड़ी या कोयले के धुएं से बचें। खाना पकाते समय उचित वेंटिलेशन रखें।
- खिड़की-दरवाजों बंद रखें: जब बाहर प्रदूषण बहुत ज्यादा हो तो बाहरी हवा का प्रवेश सीमित रखें। हालांकि हवा की गुणवत्ता बेहतर होने पर घर में ताजी हवा आने दें।
- एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल: जरूरत और बजट के मुताबिक अच्छे फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें: एक्यूआई खराब होने पर उन्हें लंबे समय तक बाहर रहने और खुले में खेलने से बचाएं।
- लक्षण दिखने पर डॉक्टर से संपर्क करें: लगातार खांसी, सांस फूलना, सीने में दर्द या सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
- एक्यूआई शून्य होने का मतलब प्रदूषण बिल्कुल शून्य होना नहीं है। इसका मतलब है कि संबंधित इंडेक्स के हिसाब से प्रदूषण का स्तर बेहद कम है।
- एक्यूआई 500 भारत के राष्ट्रीय पैमाने की ऊपरी सीमा है। इसका मतलब यह नहीं है कि 500 से ज्यादा प्रदूषण हो ही नहीं सकता।
- एक्यूआई शहर के हर इलाके में एक जैसा नहीं होता। ट्रैफिक, निर्माण कार्य और औद्योगिक गतिविधियों के कारण आसपास के क्षेत्रों में अंतर हो सकता है।
- एक दिन का एक्यूआई पूरे साल की हवा की गुणवत्ता नहीं बताता। लंबे समय के प्रदूषण को समझने के लिए वार्षिक औसत और दूसरे आंकड़ों को देखना जरूरी है।
- एक्यूआई का बढ़ना और प्रदूषण का स्रोत अलग-अलग बातें हैं। एक्यूआई बताता है कि हवा कितनी प्रदूषित है, जबकि प्रदूषण के स्रोतों की पहचान के लिए अलग-अलग प्रदूषकों का विश्लेषण करना पड़ता है।