रामपुर बुशहर: भाजपा नेता कौल नेगी जाति प्रमाणपत्र रद्द, एसडीएम ने अपील स्वीकार की
रामपुर के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे कौल नेगी को 16 अगस्त 2022 को जारी किए गए जाति प्रमाणपत्र को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर ने रद्द कर दिया है।
विस्तार
रामपुर तहसीलदार की ओर से रामपुर के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे कौल नेगी को 16 अगस्त 2022 को जारी किए गए जाति प्रमाणपत्र को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर ने रद्द कर दिया है। एसडीएम एवं अपीलीय प्राधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह ने इस मामले में दायर अपील को स्वीकार करते हुए तहसीलदार रामपुर के 29 अक्तूबर 2022 के आदेश को भी निरस्त कर दिया है। अपीलीय प्राधिकारी की ओर से यह फैसला 12 अक्तूबर को सुनाया गया था। मामले के अनुसार प्रीतम देव निवासी मझेवली, तहसील रामपुर ने तहसीलदार रामपुर की ओर से जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को चुनौती दी थी। शिकायतकर्ता ने प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया, संबंधित अधिकारी के अधिकार क्षेत्र और राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जाति संबंधी विवरण पर सवाल उठाए थे। अपीलकर्ता की ओर से दलील दी गई कि कौल सिंह और उनके पिता के पास पहले से अनुसूचित जनजाति के प्रमाणपत्र मौजूद हैं। राजस्व रिकॉर्ड में परिवार की जाति का उल्लेख है। ऐसे में एक ही व्यक्ति के अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र होने व अलग-अलग राजस्व रिकॉर्ड में जाति संबंधी प्रविष्टियों को लेकर आपत्ति जताई गई थी।
मामले में यह भी सवाल उठाया गया कि संबंधित व्यक्ति का स्थायी निवास जिला किन्नौर के ननस्पो में होने के बावजूद रामपुर तहसील से अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र कैसे जारी किया गया। अपीलकर्ता ने आरोप लगाया था कि प्रमाणपत्र जारी करने से पहले किन्नौर के राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सत्यापन नहीं करवाया गया। इस मामले में पहले उच्च न्यायालय के समक्ष भी याचिका दायर की गई थी। उच्च न्यायालय ने 28 अक्तूबर 2022 को तहसीलदार रामपुर को दोनों पक्षों को सुनवाई का अवसर देकर मामले पर दोबारा निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। इसके बाद तहसीलदार रामपुर ने 29 अक्तूबर 2022 को आदेश पारित करते हुए पहले जारी प्रमाणपत्र को सही और वैध माना था। इसी आदेश के खिलाफ प्रीतम देव ने एसडीएम रामपुर के समक्ष अपील दायर की थी।
एसडीएम ने मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का उचित पालन नहीं किया गया। संबंधित व्यक्ति के स्थायी निवास, राजस्व रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के अधिकार क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पर्याप्त जांच नहीं की गई। साथ ही अपीलकर्ता की ओर से उठाई गई आपत्तियों पर भी उचित तरीके से विचार नहीं किया गया और सुनवाई की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही।
आदेश में स्पष्ट किया गया कि हिमाचल प्रदेश भू-अभिलेख मैनुअल 1992 के प्रावधानों के तहत जाति प्रमाणपत्र जारी करने का अधिकार संबंधित क्षेत्र के सक्षम राजस्व अधिकारी को ही है। किसी दूसरे जिले के निवासी के संबंध में प्रमाणपत्र जारी करने से पहले उसके स्थायी निवास और संबंधित राजस्व रिकॉर्ड का नियमानुसार सत्यापन जरूरी है।
एसडीएम रामपुर ने अपने विस्तृत आदेश में अपीलकर्ता के पक्ष में फैसला सुनाते हुए तहसीलदार रामपुर का 29 अक्तूबर 2022 का आदेश निरस्त कर दिया। इसके साथ ही 16 अगस्त 2022 को जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को सक्षम प्राधिकारी के अधिकार क्षेत्र के अभाव और उचित सत्यापन के बिना जारी किए जाने के कारण आदेश की तारीख से रद्द कर दिया गया है। तहसीलदार रामपुर को प्रमाणपत्र रद्द करने की कार्रवाई संबंधित राजस्व रिकॉर्ड, रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित व्यक्ति सक्षम प्राधिकारी के समक्ष दोबारा आवेदन कर सकता है। उसके स्थायी निवास और संबंधित राष्ट्रपति आदेश के तहत अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति की पात्रता का निर्धारण जिला किन्नौर के सक्षम प्राधिकारी की ओर से नियमानुसार किया जाएगा। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश को संबंधित व्यक्ति की अनुसूचित क्षेत्र के निवासी होने अथवा उसकी जातीय स्थिति के अंतिम निर्धारण के रूप में नहीं माना जाएगा। यह फैसला मुख्य रूप से प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के अधिकार क्षेत्र, आवश्यक सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया के पालन से संबंधित है। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि रामपुर तहसीलदार की ओर से कौल सिंह को 16 अगस्त 2022 को जारी किए गए अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को रद्द करने के आदेश दिए गए हैं।
