मुंबई इनकम टैक्स की रेड: बॉलीवुड से जुड़े कई ठिकानों पर जांच, निशाने पर रकुलप्रीत समेत कई बड़े नाम!
Income tax raid in mumbai: सोमवार को मुंबई इनकम टैक्स विभाग ने बॉलीवुड से जुड़े कई ठिकानों पर अचानक कार्रवाई शुरू की। मामले में रकुलप्रीत सिंह और वासु भगनानी समेत कई नाम रडार पर बताए जा रहे हैं।
विस्तार
इंडस्ट्री में बढ़ी हलचल
इस रेड के जरिए विभाग फिल्मों के नाम पर विदेशों में पैसा भेजने के आरोपों की पड़ताल कर रहा है। जानकारी है कि टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के संदेह में भी यह कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से बॉलीवुड इंडस्ट्री में हलचल बढ़ गई है।
सूत्रों के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग को लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि फिल्मों की शूटिंग, ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन के नाम पर भारी रकम विदेशों में भेजी जा रही है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर टैक्स की हेराफेरी और वित्तीय अनियमितताएं की गई हैं। इसी सिलसिले में मुंबई आईटी की अलग-अलग टीमें मुंबई स्थित कई दफ्तरों और परिसरों की तलाशी ले रही हैं।
12 ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू
जानकारी के मुताबिक, मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने संदिग्ध फंड को लेकर 12 जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया है। जांच करने वालों का मानना है कि फिल्म प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करने के बहाने कथित तौर पर फंड को विदेश भेजा जा रहा है। मुंबई आयकर विभाग की कई टीमें अभी कथित विदेशी लेन-देन के दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और विवरणों की जांच कर रही हैं।
बड़े खुलासे होने की संभावना
माना जा रहा है कि इस सर्च ऑपरेशन की जांच पूरी होने के बाद आयकर विभाग की तरफ से वित्तीय हेराफेरी से जुड़े बड़े खुलासे किए जा सकते हैं। बात करें रकुल प्रीत सिंह की तो वे बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री हैं। उन्होंने साल 2009 में साउथ फिल्मों से डेब्यू किया। फिर बॉलीवुड का रुख किया। उन्होंने हिंदी सिनेमा में 'दे दे प्यार दे', 'डॉक्टर जी', 'पति पत्नी और वो दो' जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया है। साल 2024 में उन्होंने जैकी भगनानी से शादी की।