कौन हैं समरीन कौर?: क्रिकेटर अर्शदीप सिंह से हुई सगाई, रणवीर सिंह की इस फिल्म में कर चुकी हैं काम
- पंजाबी और बॉलीवुड की अभिनेत्री समरीन कौर ने क्रिकेटर अर्शदीप से सगाई की है।
- उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करके इसकी जानकारी दी है।
- साल 2018 में अभिनेत्री की जिंदगी में एक बड़ा मोड़ आया था।
विस्तार
अभिनेत्री ने जो तस्वीरें शेयर की हैं उनमें वह अपनी सगाई की अंगूठी दिखा रही हैं। वह अर्शदीप के साथ गले मिल रही हैं। तस्वीरें शेयर करते हुए अभिनेत्री ने कैप्शन में लिखा, 'जिंदगी हमें जो कुछ भी दे सकती थी, उनमें से सबसे अच्छी बात यह है कि जीवन भर साथ रहने के लिए उसने हमें एक-दूसरे से मिलाया।' आगे उन्होंने 11 नवंबर 2026 तारीख लिखी।
अर्शदीप और समरीन पिछले कुछ समय से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। अब इन दोनों ने जीवनभर साथ रहने का फैसला किया है और सगाई कर ली है।
समरीन कौर सिनेमा जगत की उभरती हुई अभिनेत्री हैं। वह धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रही हैं। वह कई पंजाबी म्यूजिक वीडियोज और फिल्म प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं। खासतौर पर यंग ऑडियंस के बीच काफी पॉपुलर हो रही हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। यहां वह अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ की झलक फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं।
समरीन कौर का जन्म 1999 में जम्मू-कश्मीर में हुआ था। उनकी मां प्रोफेसर हैं और पिता भी शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हैं, इसलिए बचपन से ही उनके जीवन में अनुशासन और पढ़ाई अहम हिस्सा रहे। समरीन ने पुणे के सिम्बायोसिस से बी.कॉम (ऑनर्स) किया और बाद में चंडीगढ़ से एमबीए की पढ़ाई पूरी की।
साल 2018 में अभिनेत्री की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया। वह फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में स्टेट फाइनलिस्ट बनीं। इस पेजेंट के बाद उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया में तेजी से अपनी पहचान बना ली।
समरीन ने धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई। वह कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। वह फिल्म 83 में भी नजर आई थीं, जो 1983 वर्ल्ड कप में कपिल देव की कप्तानी में भारत की ऐतिहासिक जीत पर आधारित थी। इसमें रणवीर सिंह अहम किरदार में थे। उनकी दूसरी फिल्मों में ‘नेल पॉलिश’ (2021), ‘सरदार जी 2’ और ‘जिंद माही’ शामिल हैं।
फिल्मों के अलावा समरीन कौर कई पंजाबी म्यूजिक वीडियो का हिस्सा रही हैं। वह बादशाह और जस्सी गिल जैसे सिंगर्स के वीडियो सॉन्ग में नजर आ चुकी हैं।
समरीन सोशल मीडिया पर भी काफी पॉपुलर हैं, खासकर इंस्टाग्राम पर, जहां उनके 4.4 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2026 तक उनकी अनुमानित नेट वर्थ करीब 15 करोड़ रुपये है।