दलेर मेहंदी वायरल वीडियो विवाद: मीका के बाद सिंगर के समर्थन में उतरे कपिल शर्मा, बताया वायरल वीडियो का सच?
Daler Mehndi: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक सुबोध उनियाल सिंगर दलेर मेहंदी को सही से गाना न गाने के चलते खरी-खोटी सुनाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो पर यूजर्स के भी मिक्स्ड रिएक्शन सामने आए हैं। इन सब के बीच अब कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी इस मामले पर रिएक्शन दिया है।
विस्तार
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद कुछ लोग दलेर मेहंदी का मजाक उड़ाने लगे, तो कुछ उनके समर्थन में उतर आए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब कपिल शर्मा ने भी दलेर मेहंदी का समर्थन जताया है।
कपिल ने क्या कहा?
दरअसल, इस मामले के बाद मीका सिंह ने एक वीडियो शेयर कर दलेर मेहंदी का समर्थन किया था और कहा था कि वो नशे में नहीं थे। मीका के इस वीडियो को कपिल ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया और दलेर मेहंदी के लिए एक भावुक नोट लिखा।
कपिल शर्मा ने कहा कि दलेर पाजी की हाल ही में एक बड़ी सर्जरी हुई है, जिसके बारे में लोगों को जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें दूसरों के प्रति थोड़ा और दयालु होना चाहिए, क्योंकि हमें नहीं पता कि कोई इंसान किस दौर से गुजर रहा है।
कपिल ने दलेर मेहंदी के छोटे भाई मीका सिंह की भी तारीफ की, जिन्होंने अपने भाई का समर्थन किया और पूरे मामले पर सफाई दी। कपिल ने आगे लिखा, 'मीका पाजी, सफाई देने के लिए आपका शुक्रिया। भगवान दलेर पाजी को आशीर्वाद दें। हम आपसे प्यार करते हैं, दलेर पाजी।'
मीका सिंह ने इससे पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा, 'मैंने खबर देखी। आप लोगों ने यह बात फैला दी कि दलेर मेहंदी शराब पीकर गा रहे थे और उनसे गाया नहीं जा रहा था। सबसे पहले मैं आप सभी से पूछना चाहता हूं कि वह पिछले 30 साल से सुपरस्टार हैं। क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है? क्या आपने उनकी बर्थडे पार्टी में शराब बहते हुए देखी है? नहीं, आपने ऐसा नहीं देखा। जब आपने देखा ही नहीं, तो आप कैसे कह सकते हैं कि उनसे खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था?'
मीका सिंह ने बताया कि हाल ही में दलेर मेहंदी की एक बड़ी सर्जरी हुई है। उन्होंने कहा, 'हाल ही में उनका बहुत बड़ा ऑपरेशन हुआ है। वहां पे बहुत कमाल के मंत्री थे, स्टेज पर आये और झाड़ दिया 'आपसे गया नहीं जा रहा, मत गाओ, हमसे पैसे के लिए'... मान लिया, सही बोले। पर ये मत बोलो शराब पीकर गा रहे हैं। मैं चैलेंज करता हूं, अगर एक बंदा बोल दे 'हमने दलेर को शराब पीते हुए देखा है', तो मैं गाना ही छोड़ दूंगा।'
सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों उत्तराखंड में एक स्टेज शो को लेकर चर्चा में हैं। शो के दौरान ठीक से गाना न गाने पर नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल ने नाराजगी जाहिर की थी। कार्यक्रम के दौरान सुबोध उनियाल दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के बीच मंच पर पहुंचे और उन्हें टोकने लगे। विधायक सुबोध उनियाल सिंगर दलेर मेहंदी को सही से गाना न गाने के चलते खरी-खोटी सुनाई थी।
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी: शो के लिए मिले थे इतने लाख रुपये, फिर भी नहीं गाया ठीक से गाना? मंत्री ने बताई नाराजगी की वजह
देखें वायरल वीडियो-