एवेंजर्स- एंडगेम एनकोर: ग्लाेबल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में फिर टॉप पर पहुंची फिल्म, मेकर्स ने फैंस को कहा धन्यवाद
Avengers Endgame Collection: फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की रिलीज के पहले मेकर्स ने ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ को री-रिलीज किया था। री-रिलीज के साथ ही इसने जैम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार’ के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया।
विस्तार
हाल ही में सिनेमाघरों में फिल्म ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ को 'एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर' टाइटल के साथ दोबारा रिलीज किया गया। फिल्म ने देश में तो कोई खास कमाई नहीं की पर दुनियाभर में इसने खूब कलेक्शन किया। इसके साथ ही अब यह फिल्म ‘अवतार’ को पछाड़कर कर दुनियाभर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
कैसी टॉप पर पहुंची फिल्म ?
- ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ मूल रूप से 2019 में रिलीज हुई थी।
- अब इस फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया गया।
- फिल्म ने अपनी पिछली रिलीज और री-रिलीज की कमाई मिलाकर इतिहास रच दिया है।
- इसने अब दुनिया भर में 28 हजार 197 करोड़ (2.925 बिलियन अमेरिकी डॉलर) की कमाई कर डाली है।
- इतना ही नहीं, फिल्म ने जेम्स कैमरॉन की ‘अवतार’ को भी पीछे छोड़ दिया है, जो अब तक टॉप पर थी।
- 'अवतार' ने दुनिया भर में 28 हजार 177 करोड़ (2.923 बिलियन अमेरिकी डॉलर) की कमाई की थी।
'एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर' की तरह री-रिलीज हुई थी 'अवतार'
बता दें कि साल 2021 में ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ की रिलीज से पहले मेकर्स ने ‘अवतार’ को भी री-रिलीज किया था। उसी तरह 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की रिलीज से पहले ‘एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर’ को रिलीज किया गया है। इस फिल्म की री-रिलीज से पहले तक ग्लोबल कलेक्शन की लिस्ट में 'अवतार' पहले स्थान पर थी।
मेकर्स ने जताई खुशी
‘एंडगेम एन्कोर’ को लेकर फिल्ममेकर्स ने कहा कि उन्हें यह देखकर बेहद खुशी हुई कि दर्शक एक बार फिर फिल्म देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं। मेकर्स ने एक पोस्ट के जरिए कहा, 'हमारे लिए ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ बनाने का सबसे पसंदीदा अनुभव यही था कि जब फिल्म रिलीज हुई, तब हम दर्शकों के साथ सिनेमाघरों में बैठे थे। इसलिए ‘एंडगेम एनकोर’ की दोबारा रिलीज के दौरान एक बार फिर ऐसा कर पाना हमारे लिए शानदार अनुभव था। हम उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं, जिन्होंने इस फिल्म के पूरे सफर के दौरान अपना समर्थन दिया।'
फिल्ममेकर्स ने सिनेमाघरों में लौटे दर्शकों और पहली बार फिल्म देखने वालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'हम उन सभी लोगों के आभारी हैं, जो एक बार फिर सिनेमाघरों में फिल्म देखने पहुंचे, फिर से इसके लिए तालियां बजाईं और लोगों से भरे थिएटर में भावनाओं को महसूस किया। आप अपने साथ उन लोगों को भी लेकर आए, जिन्होंने पहली बार यह फिल्म नहीं देखी थी। आपने नए दर्शकों को इस फिल्म से परिचित कराया। हम आप सभी से बहुत प्यार करते हैं और आपके बेहद आभारी हैं। ‘एंडगेम’ को अब तक की नंबर 1 फिल्म बनाने के लिए धन्यवाद। पिछले सात वर्षों से इस सफर का हिस्सा रहे हर प्रशंसक से हम कहना चाहते हैं—हम आपसे बेहद प्यार करते हैं।'
'एवेंजर्स डूम्सडे' की स्टार कास्ट और रिलीज डेट
- फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का मार्वल फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
- कुछ दिनों पहले मेकर्स ने इसका पहला ट्रेलर रिलीज किया था, जिसमें हमें कई एवेंजर्स और विलेन डूम की झलक देखने को मिली थी।
- फिल्म में नए एवेंजर्स डॉक्टर डूम के खिलाफ उतरेंगे।
- फिल्म के लेखक माइकल वाल्ड्रॉन और स्टीफन मैकफीली हैं।
- यह फिल्म 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
- फिल्म में क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, एंथनी मैकी, पॉल रुड सहित कई बड़े सितारे नजर आएंगे।