अमिताभ बच्चन: ‘उनका व्यवहार उनकी सीख हमेशा साथ’, पिता की जन्मतिथि पर भावुक हुए महानायक; ब्लॉग में क्या लिखा?
- अमिताभ बच्चन ने पिता को याद करते हुए ब्लॉग पोस्ट किया।
- इसमें उन्होंने अपने बाबूजी की आगमी जयंती का भी जिक्र किया।
- इतना ही नहीं एक्टर ने यह भी बताया कि काम करते हुए कैसे समय निकल जाता है।
विस्तार
सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने अपने दिवंगत पिता, कवि हरिवंश राय बच्चन को उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने अपने ब्लॉग में पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उनकी यादें, शब्द, आचरण और शिक्षाएं हर पल परिवार के साथ बनी रहेंगी। इसके साथ ही बिग बी ने वर्क और लाइफ बैलेंस पर बात की।
अमिताभ ने लिखा भावुक नोट
अमिताभ बच्चन ने अपने पिता हरिवंश राय बच्चन को याद किया। उन्होंने लिखा, ‘दिन और तारीख से आगे रहने की कोशिश कर रहा हूं, ताकि बाकी कामों के लिए भी समय मिल सके। बाकी काम भी उतने ही जरूरी हैं। काम भी जरूरी है। कभी-कभी काम को प्राथमिकता दे देते हैं और इस वजह से हम समय, गिनती और उद्देश्य को भूल जाते हैं। हम कल फिर मिल सकते हैं। क्योंकि कल पूज्य बाबूजी का जन्मदिवस है! और कुछ कहने को नहीं, सिवाय ये, कि उनकी याद हम सब को आती रहती है। उनके शब्द उनका व्यवहार उनकी सीख तो हमेशा हमारे साथ रहती है। कल इस विशेष दिन पर और ज्यादा यह सब याद आएगा।’
उम्र को लेकर टिप्पणी का किया था जिक्र
बीते दिनों अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में उम्र को लेकर की जाने वाली टिप्पणी का जिक्र किया है। बिग बी ने लिखा, ‘रात आधी हो गई है,जागता मैं आंख फाड़े हाय सुधियों के सहारे चांदनी पिछले पहर की पास में जो सो गई है रात आधी हो गई है।’ उन्होंने यह लाइन्स ट्रोलर्स के लिए लिखी थीं, ब्लॉग के आखिर में बिग बी ने उन ट्रोल को जवाब दिया है, जो एक्स और फेसबुक पर देर रात पोस्ट करने के चलते उन्हें ट्रोल करते हैं। बिग बी ने लिखा है, 'वे मुझे कहते हैं, 'ए बुढ़ऊ सो जा रात हो गई है। सठिया गए हो क्या...। हां बेटा, बुढ़ऊ हो गए हैं। अगर वहां तक पहुंच सके तो एक दिन तुम भी हो जाओगे बुढ़ऊ'।
अमिताभ बच्चन का वर्कफ्रंट
अमिताभ बच्चन के पास कई प्रोजेक्ट आगामी समय में आने वाले हैं। वे जल्द ही रिभु दासगुप्ता द्वारा निर्देशित कोर्टरूम ड्रामा 'सेक्शन 84' में नजर आएंगे। इस फिल्म में डायना पेंटी, निम्रत कौर और अभिषेक बनर्जी भी हैं और फिलहाल यह पोस्ट-प्रोडक्शन में है।नाग अश्विन की फिल्म 'कल्कि 2898 एडी पार्ट 2' में भी अमिताभ बच्चन अश्वत्थामा के किरदार में वापसी करेंगे।इस फिल्म में वे प्रभास और कमल हासन के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
