सर्दियों में प्रदूषण पर सरकार का वार: 1 नवंबर से वर्क फ्रॉम होम, पार्किंग फीस दोगुनी; निर्माण-तोड़फोड़ पर रोक
सर्दियों के दौरान दिल्ली में प्रदूषण रोकने के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने सख्त पाबंदियों का फैसला किया है। दिल्ली सरकार ने कहा कि 1 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए अधिकृत पार्किंग जगहों पर पार्किंग शुल्क दोगुना किया जाएगा। वहीं, निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों को लेकर प्रतिबंधों की घोषणा की गई है।
विस्तार
दिल्ली में सर्दियों के दौरान होने वाले प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। सरकार ने 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक धूल उड़ाने वाली तोड़-फोड़ और बाहरी सिविल निर्माण गतिविधियों पर रोक लगा दी है। वहीं, 10 दिसंबर 2026 से 20 जनवरी 2027 तक निर्माण और तोड़-फोड़ की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी।
सरकार के आदेश के मुताबिक, 1 नवंबर से दिल्ली में सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम के आदेश दिए गए हैं। सरकारी और प्राइवेट ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या 50% कम की जाएगी। 1 नवंबर से 28 फरवरी तक 50% कर्मचारी घर से काम करेंगे और 50% ऑफिस से काम करेंगे।Ban on dust-generating demolition activity and outdoor civil construction activity from Nov 1, 2026 to Jan 31, 2027.
— ANI (@ANI) September 28, 2026
Complete ban on construction and demolition activities from 10th December, 2026 to 20th Jan, 2027: Delhi government
दिल्ली सरकार ने 1 नवंबर से 28 फरवरी तक दफ्तरों के समय में बदलाव का भी फैसला किया है। एमसीडी के तहत आने वाले दफ्तर सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगे, जबकि जीएनसीटीडी के तहत आने वाले दफ्तर सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे।
दिल्ली सरकार ने कहा कि 1 नवंबर 2026 से 28 फरवरी, 2027 तक निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए अधिकृत पार्किंग जगहों पर पार्किंग शुल्क दोगुना किया जाएगा। हालांकि, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी डीएमआरसी की ओर से संचालित और मैनेज की जाने वाली पार्किंग इससे बाहर रहेगी।