जंतर-मंतर प्रदर्शन: गाजियाबाद-दिल्ली बॉर्डर पर अलर्ट, हर रास्ते पर पहरा; भारी पुलिस फोर्स तैनात
सीजेपी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। चुनाव आयोग के खिलाफ इस प्रदर्शन के मद्देनजर गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले सभी प्रमुख बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
विस्तार
दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के आह्वान के बाद गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले सभी प्रमुख बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कौशांबी के यूपी बॉर्डर से लेकर लोनी, खोड़ा, तुलसी निकेतन, अप्सरा और सीमापुरी बॉर्डर तक पुलिस अलर्ट है। शनिवार तड़के से ही दिल्ली की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। बिना पूछताछ के किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर मोर्चा संभाल रहे हैं।
सीजेपी ने 10 अक्तूबर यानी आज शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन की घोषणा की गई है। इसे देखते हुए दिल्ली से सटे गाजियाबाद के सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
इन बॉर्डर पर विशेष निगरानी
कौशांबी यूपी बॉर्डर, दिलशाद गार्डन के अप्सरा बॉर्डर, तुलसी निकेतन बॉर्डर, लोनी बॉर्डर, खोड़ा क्षेत्र के मयूर विहार और गाजीपुर बॉर्डर तथा शालीमार गार्डन के सीमापुरी बॉर्डर पर पुलिस की विशेष निगरानी है। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिसकर्मी लोगों से पूछताछ भी कर रहे हैं।
सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी
डीसीपी ने बताया कि बॉर्डर पर बैरिकेडिंग के साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिये भी निगरानी रखी जा रही है। दिल्ली में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू किए जाने के बीच सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ सीमावर्ती मार्गों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है।
बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चेकिंग की जा रही है। पुलिस हर संदिग्ध पर नजर बनाए हुए है। - ऋजुल, डीपीसी ट्रांस हिंडन