गोपालगंज: तेज रफ्तार ट्रक ने दंपती को रौंदा, पति-पत्नी की मौके पर ही मौत; फीस जमा करने जा रहे थे दोनों
गोपालगंज के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों बच्चों की स्कूल फीस जमा करने गोपालगंज शहर जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
विस्तार
गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़कुईया गांव के पास एनएच-27 पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान विशुनपुरा पंडित गांव के निवासी सिराजुल कुरैशी और उनकी पत्नी शकीला खातून के रूप में की गई है।
स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सिराजुल कुरैशी अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा करने गोपालगंज शहर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक भड़कुईया गांव के समीप एनएच-27 पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- बिहार ट्रैफिक चालान एक्सप्लेनर: कैसे-कहां-कितना जमा होगा जुर्माना? लोक अदालत में छूट को समझिए
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मांझागढ़ थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया।
सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद इलाके में मातम छा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन और फरार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस फरार चालक की गिरफ्तारी और मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।