बिहार: सेंट्रिंग खोलने के दौरान सेप्टिक टैंक में हादसा, जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत; तीसरे की हालत गंभीर
मुजफ्फरपुर में नवनिर्मित मकान की सेप्टिक टंकी की सेंट्रिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में एसएसपी आवास के पास हुआ। तीसरे मजदूर को बचाव के दौरान गैस की चपेट में आने पर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर में नवनिर्मित मकान की शौचालय की टंकी की सेंट्रिंग खोलने के दौरान दम घुटने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के एसएसपी आवास के पास की है।
इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। वहीं, अपने साथी मजदूर को बाहर निकालने के दौरान एक मजदूर घायल हो गया है। वहीं, इस दौरान बचाने के प्रयास में उतरा एक अन्य मजदूर भी इस जानलेवा गैस का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
यह हादसा स्थानीय निवासी मुन्ना गुप्ता के एक नवनिर्मित मकान में हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले मकान में शौचालय की टंकी की ढलाई का कार्य पूरा किया गया था। इस ढलाई के बाद से ही टंकी पूरी तरह से बंद थी। आज सेंटिंग खोली जा रही थी। इसी दौरान अत्यधिक मात्रा में जहरीली गैस जमा होने के कारण लकड़ी और प्लाई की सेंट्रिंग को हटाने के लिए मजदूर सोनू कुमार, निवासी अली नेउरा, मीनापुर, बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टंकी के संकरे मुहाने से नीचे उतरा और उसमें फंस गया। इसी दौरान उसे बचाने के लिए गया दूसरा मजदूर भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया।
ठेकेदार मोहम्मद जहांगीर ने जब सोनू को तड़पते देखा तो वह बिना अपनी जान की परवाह किए उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत टंकी के अंदर कूद गया। इसके बाद जहरीली गैस के कारण दोनों की मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई
वहीं, इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई थी। सोनू और जहांगीर को बेहोश देख मौजूद तीसरे मजदूर दिनेश कुमार ने चीख-पुकार मचाई और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास करने लगा। रेस्क्यू की कोशिश के दौरान दिनेश भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य श्रमिकों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को किसी तरह टंकी से बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
इस हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची सिकंदरपुर थाना पुलिस ने आक्रोशित और हताश भीड़ को शांत कराया और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमएच मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
'जहरीली गैस के रिसाव के कारण दम घुटने की आशंका'
मामले में सिकंदरपुर थाना की पुलिस ने बताया कि बंद सेप्टिक टैंक में आज घटना घटी है। जहरीली गैस के रिसाव के कारण दम घुटने की आशंका है। इस मामले में पुलिस मकान मालिक और कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद पहुंचे नगर डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में सेंट्रिंग खोलने के दौरान बाथरूम की टंकी में दम घुटने से दो मजदूर गंभीर हो गए थे। मौके पर पहुंची सिकंदरपुर थाना पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

सेप्टिक टैंक में उतरे दो मजदूर, जहरीली गैस ने ली जान।

सेप्टिक टैंक में उतरे दो मजदूर, जहरीली गैस ने ली जान