बिहार: जूते पहनकर बेंच पर सोता दिखा विद्यालय सहायक, फोटो वायरल; प्राचार्या ने DEO से की सख्त कार्रवाई की मांग
मुजफ्फरपुर के राजकीयकृत यदुनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाघी में विद्यालय सहायक सुमन कुमार का जूते पहनकर बेंच पर लेटे होने का फोटो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है। प्रभारी प्राचार्या ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को शिकायत भेजकर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई और तबादले की मांग की है।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर में सरकारी स्कूल के विद्यालय सहायक का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि वह स्कूल की बेंच पर जूते पहने हुए लेटा हुआ है। यह पूरा मामला राजकीयकृत यदुनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाघी का है, जहां पदस्थापित विद्यालय सहायक सुमन कुमार की इस कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्कूल के शिक्षकों में भी आक्रोश व्याप्त
इस मामले में सामने आई अनुशासनहीनता का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। मामले में विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या मधुरिमा कुमारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विस्तृत शिकायत पत्र भेजकर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और उनका तबादला अन्यत्र करने की मांग की है। यही नहीं, बल्कि विद्यालय सहायक के इस कृत्य को लेकर स्कूल के शिक्षकों में भी आक्रोश व्याप्त है।
दरअसल, पूरा विवाद उस समय और गहरा गया, जब विद्यालय सहायक की अनुशासनहीनता से जुड़ी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। वायरल हो रही तस्वीर में क्लर्क सुमन कुमार सरकारी स्कूल के कार्यालय कक्ष के भीतर मेज पर जूते पहने पैर फैलाकर सोते हुए अभद्र स्थिति में दिखाई दे रहे हैं।
विद्यालय सहायक के इस अशोभनीय कृत्य को लेकर अब शैक्षणिक गलियारों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। इसके साथ ही सरकारी स्कूल का माहौल खराब होने को लेकर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। साथ ही आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
ये भी पढ़ें- बिहार: सोन के सैलाब में कैद ‘सुरौधा टापू’, नाव-मोमबत्ती के सहारे जिंदगी; 1500 लोग आज भी विकास की बाट जोह रहे
इस मामले में स्कूल की प्राचार्या ने DEO से पूरे मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। इसमें महिला प्राचार्या ने प्रधान होने के नाते विद्यालय में खुद को असहज और असुरक्षित महसूस करने की बात कही है। यही नहीं, उनके द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने के बावजूद सहायक के आचरण में कोई सकारात्मक सुधार नहीं आया। इस क्लर्क के अड़ियल रवैये से प्रशासनिक कामकाज ठप है और छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।

विद्यालय सहायक सोता हुआ।