देवबंद के मजनूवाला रोड पर आजाद भारत फर्नीचर हाउस में रविवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही शोरूम में रखा लाखों रुपये कीमत का फर्नीचर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकलकर्मियों ने ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इमलिया गांव निवासी अमीर आलम का मजनूवाला रोड पर फर्नीचर शोरूम है। वह परिवार के साथ शोरूम की ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6.30 बजे राहगीरों ने फर्नीचर शोरूम में आग की लपटें उठी देखकर शोर मचा दिया। परिवार के लोग जान बचाने के लिए कमरों में इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और दमकल विभाग को फोन पर मौके पर बुला लिया। साथ ही लोगों की मदद से शोरूम में फंसे सभी चार-पांच लोगों को बगल के मकान पर सीढ़ी लगाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।