कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का अधिक भार पड़ने के कारण रविवार शाम से प्लेटफार्म खाली न होने के कारण लखनऊ की ओर से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रही। जिसमें वंदे भारत को स्टेशन पर 32 मिनट तो रेल गंगापुल पर झांसी इंटरसिटी को 37 मिनट तक खड़ा रहना पड़ा जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। रविवार शाम लखनऊ से कानपुर का रेल रूट प्रभावित रहा। लखनऊ से कानपुर की जा रही झांसी इंटरसिटी एक्सप्रेस शाम 6.10 बजे रेल गंगापुल पर पहुंची लेकिन कानपुर सेंट्रल से उसे सिग्नल नहीं मिला। बताया गया कि कानपुर में प्लेटफार्म खाली न होने के कारण सिग्नल नहीं दिया गया जिसे शाम 6.47 बजे सिग्नल दिया गया ऐसे में 37 मिनट तक ट्रेन रेल पुल पर खड़ी रही जबकि इसी बीच लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन पर शाम करीब 6.18 बजे आ गई लेकिन झांसी इंटरसिटी के खड़े होने के कारण उसे सिग्नल नहीं दिया गया और लाइन क्लीयर होने के बाद शाम 6.50 बजे सिग्नल दिया गया ऐसे में 32 मिनट तक वंदेभारत एक्सप्रेस गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। इस बीच ट्रेनों के रूकने का सिलसिला खत्म नहीं हुआ जिसके बाद चित्रकूट एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस अंत्योदय एक्सप्रेस, चंड़ीगढ़ एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रही और रूक कर कानपुर की ओर गईं। वहीं शाम करीब 7.25 बजे बांद्रा टर्मिनस अंत्योदय एक्सप्रेस से अप रेल लाइन रेलवे स्टेशन के निकट एक गाय भी चपेट में आ गई जिससे उसकी मौत हो गईं।