संडीला कोतवाली क्षेत्र के बिराहिमपुर में दुल्हन के पड़ोसी के चबूतरे पर खड़े होने को लेकर शनिवार रात विवाद हो गया। पड़ोसियों ने दुल्हन के परिजन पर हमला कर दिया। घटना में दुल्हन के दो चचेरे भाइयों समेत तीन लोग घायल हो गए। फायरिंग किए जाने का आरोप भी है लेकिन पुलिस ने इसे गलत बताया। बिराहिमपुर निवासी रामकिशन की बेटी सविता की शादी शनिवार रात गांव में थी। बरात बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के मल्लपुर से आई थी। सविता के चचेरे भाई जय प्रकाश ने बताया कि देर रात द्वारचार के दौरान कुछ बराती पड़ोस में रहने वाले के एक शख्स के चबूतरे पर खड़े हो गए। जय प्रकाश और आरोपी के बीच पहले से विवाद है। घर से बाहर निकले आरोपी ने बाहर निकलकर बरातियों से अभद्रता की। इसका पता चलने पर रामकिशन और जयप्रकाश बरातियों से अभद्रता न करने की बात कहने गए। इस पर आरोपियों ने इन्हीं लोगों से अभद्रता शुरू कर दी, लाठी डंडे चलाने लगे। इससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। घटना में जय प्रकाश का भाई श्याम प्रकाश और अनूप के साथ ही परिवार के रामनाथ भी घायल हो गए। इन सभी को सीएचसी भेजा गया। बरात रविवार सुबह तड़के ही विदा कर दी गई। कोतवाल वीरेंद्र पंकज ने बताया कि फायरिंग किए जाने की बात अब तक की जांच में सामने नहीं आई है। घटना की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।