सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने शनिवार को जिले के हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 345 वाहनों का चालान कर करीब 7.24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें 109 वाहन ओवरस्पीड में पकड़े गए। अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा, एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी यातायात और यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीमों ने अभियान चलाया। नॉइस पॉल्यूशन के 14 और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगे 17 वाहनों का भी चालान किया गया। अभियान मुख्य रूप से ओवरस्पीड और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि यातायात और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।