कमिश्नरेट पुलिस ने फिरौती के लिए फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वारदात में इस्तेमाल किए गए मोटरसाइकिल की फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बरामद मोटरसाइकिल पर लगी नंबर प्लेट जाली थी, जिसे आरोपी ने तैयार किया था। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन, एडीसीपी-2 तथा एसीपी वेस्ट की निगरानी में थाना डिवीजन नंबर-5 की टीम ने कार्रवाई करते हुए रिशव पुत्र सुनील कुमार, निवासी गांव कलीजपुर, थाना दीनानगर, जिला पठानकोट को 25 जून को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 20 जून को दर्ज फायरिंग और फिरौती के मामले की जांच के दौरान की गई। जांच में पहले गिरफ्तार आरोपी गुरलाल सिंह की निशानदेही पर पुलिस को पता चला कि वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट फर्जी थी और इसे रिशव ने तैयार किया था। पुलिस ने नंबर प्लेट बनाने वाले दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी है कि बिना वाहन दस्तावेजों और उचित सत्यापन के किसी भी वाहन की नंबर प्लेट तैयार न करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।