पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिये कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाए। ड्रोन कैमरों से भीड़ के दबाव और गतिविधियों पर नजर रखी जाए। प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिसकर्मियों की सक्रियता बढ़ाई जाए, ताकि किसी स्थान पर भीड़ का दबाव न बने। जरूरत पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। निरीक्षण में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी यातायात अनिल कुमार, संबंधित एसीपी और थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं से सर और मैडम कहकर संबोधित करने तथा विनम्र व्यवहार करने को कहा गया। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद कर मंदिर के आसपास की सड़कों और गलियों को अतिक्रमण मुक्त रखने, दुकानों का सामान सड़क तक नहीं फैलाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई।