फोटो09एचएएमपी 29- साथी खिलाड़ियों के साथ गोल्ड मेडल दिखाकर खुशी जताती प्रतिज्ञा। संवाद
जनपदीय शैक्षिक खेलकूद प्रतियोगिता युवा समारोह में चमके खिलाड़ी
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला सम्मान तो खिल उठे चेहरे
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जनपदीय शैक्षिक खेलकूद प्रतियोगिता युवा समारोह 2026 में दूसरे दिन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिज्ञा ने एक के बाद एक तीन गोल्ड मेडल प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा लिया। इसी के साथ चैंपियनशिप के लिए भी मजबूत दावेदारी कर दी है। इसके अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, हेमर थ्रो, तवा फेक के अलावा तिकड़ी कूद और 200 व 1500 मीटर की दौड़ में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों ने पूरा दमखम दिखाया। समारोह में विजेताओं का सम्मान कर उन्हें शाबाशी दी गई।
युवा समारोह के दूसरे दिन शुक्रवार को पहले दिन के भी विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसमें 100 मीटर, 800 मीटर और बाधा दौड़ में प्रतिज्ञा ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसके अलावा रिले रेस में भी विजेता टीम का हिस्सा रही। छात्रा के इस प्रदर्शन से उसके साथ आई शिक्षिका अंजना ने भी उसे शाबाशी दी। आयोजक मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में संबंधित शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की मौजूदगी में खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा गया। वक्ताओं ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। नियमित अभ्यास और निरंतर मेहनत से खिलाड़ी जिला स्तर से आगे बढ़कर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
दूसरे दिन ऊंची कूद में जूनियर बालक वर्ग में अंजनी व सीनियर वर्ग में रोहित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हेमर थ्रो में जूनियर बालक वर्ग में अमन व सीनियर में विकास यादव अव्वल रहे। बालिका में दिव्या व साध्वी ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसी तरह लंबी कूद में सीनयर बालिका वर्ग में रेशम, जूनियर में रोशनी और सब जूनियर में रिया प्रथम रहीं। सीयिनर बालक में हर्षित को पहला स्थान मिला। तवा फेक में गौरव सिंह आगे रहे। तिकड़ी कूद में करिश्मा प्रथम रहीं। सब जूनियर बालक वर्ग 200 मीटर दौड़ में आशीष सबसे आगे रहे। 1500 मीटर नीशू ने सबको पीछे छोड़कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया।