अंबेडकरनगर। टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आग लगने की आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सिस्टम को आधुनिक बनाया जाएगा। इस पर 1.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत अस्पताल में आधुनिक फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, पानी के टैंक समेत आग से बचाव के जरूरी उपकरण लगाए जाएंगे। परियोजना के लिए यूपीपीसीएल को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
सीएचसी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। कई मरीज वार्डों में भर्ती रहते हैं, जबकि कुछ चलने-फिरने में असमर्थ होते हैं। ऐसे में आग लगने की घटना होने पर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसे देखते हुए अस्पताल में आग की समय रहते पहचान करने और तत्काल बचाव के इंतजाम मजबूत करने की योजना बनाई गई है।
नई व्यवस्था के तहत फायर अलार्म और स्मोक डिटेक्टर आग या धुआं उठने पर समय रहते चेतावनी देंगे। वहीं, बड़े पानी के टैंक और अन्य उपकरण आग पर काबू पाने में मदद करेंगे। इससे आपात स्थिति में स्वास्थ्य कर्मियों को तत्काल कार्रवाई करने में सहूलियत होगी। योजना पूरी होने के बाद अस्पताल में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बजट उपलब्ध होते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।