पहली वंदे भारत चलाने वाले अरशद को मिली स्लीपर वंदे भारत की कमान
प्रयागराज। चमचमाती स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस प्रयागराज मंडल में अधिकतम 130 की रफ्तार से चलेगी। ट्रेन के लोको पायलट प्रयागराज के मोहम्मद अरशद खान रहे, जो इससे पहले फरवरी 2019 में चली देश की पहली वंदे भारत भी चला चुके हैं। उनके साथ असिस्टेंट लोको पायलट दीपक मिश्रा और ट्रेन मैनेजर अरविंद तिवारी ने अपनी जिम्मेदारी संभाली। कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद ठहराव वाली यह नई ट्रेन प्रतियोगी छात्रों, कारोबारियों और नौकरीपेशा वर्ग को रात के आरामदायक सफर के साथ अगली सुबह सीधे नई दिल्ली पहुंचाएगी।
रामबाग से शुरू हुई मेमू की कमान बलिया के लोको पायलट मनोज कुमार श्रीवास्तव और एएलपी अनामिका श्रीवास्तव ने संभाली। यहां कार्यक्रम में बताया गया कि सड़क के जाम और महंगे किराए से राहत देते हुए बनारस से रामबाग का मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) मात्र 220 रुपये तय किया गया है।