बहन ने पिता को बताई उस रात की कहानी
घटना के बाद से ही रामसुख की बड़ी बहन संगीता लगातार रो रही थी। 30 अक्तूबर को पिता ने उससे रोने की वजह पूछी तो उसने कथित तौर पर पूरी घटना बता दी। संगीता ने पिता से कहा कि रात में उसकी मां ने कपड़े के लेस से रामसुख का गला दबाया था। भाई की छटपटाहट देखकर उसकी नींद खुल गई थी और उसने मां को ऐसा करते देखा था।
बेटी के मुताबिक, उसने मां से भाई को मारने की वजह पूछी तो मां ने कहा कि रामसुख रात-दिन गाली देता है और मारपीट करता है। इससे वह परेशान हो चुकी है। संगीता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद मां ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसका भी वही हाल कर देगी।
पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
पूर्णमासी लाल के मुताबिक, घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बेटा और बेटी मौजूद थे। बेटी के बयान के बाद उन्होंने पत्नी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सोना देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।