मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश की अगुवाई में भारतीय पुरुष टीम ने 46वें शतरंज ओलंपियाड के नौवें दौर में जर्मनी को 2.5-1.5 से हराया, जबकि भारतीय महिला टीम ने मेजबान उज्बेकिस्तान को 3-1 से मात दी। इस जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम के खाते में 15 अंक हो गए हैं और दो दौर बाकी रहते हुए वह पदक की दौड़ में बनी हुई है।
हार के कगार से लौटे गुकेश
गुकेश को जर्मनी के एलेक्जेंडर डोनचेनकोव के खिलाफ मुकाबले में लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा। भारतीय खिलाड़ी एक समय हार के करीब नजर आ रहे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए प्रतिद्वंद्वी के राजा को मात देने के लिए चेकमेट का जाल बुन दिया। गुकेश की इस वापसी ने मुकाबले का रुख भारत के पक्ष में मोड़ दिया। बाकी तीनों मुकाबले ड्रॉ रहे।
प्रज्ञानंदा ने विंसेंट कीमर के साथ बाजी बराबरी पर खत्म की, जबकि अर्जुन एरिगैसी ने मैथियास ब्लॉमबाम के खिलाफ ड्रॉ खेला। निहाल सरीन ने भी फ्रेडरिक स्वाने के खिलाफ आधा अंक हासिल किया।
उज्बेकिस्तान पर भारतीय महिलाओं की आसान जीत
महिला वर्ग में भारत ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया। दिव्या देशमुख और वंतिका अग्रवाल ने आसान जीत दर्ज की, जबकि कोनेरू हम्पी और साविता श्री को अपनी-अपनी बाजियों में ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। महिला वर्ग में चीन 17 अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। उसके बाद भारत समेत कई टीमें 15 अंकों पर हैं। चीन की टीम ने आर्मेनिया को भी 3-1 से हराया।
भारत और चीन के बीच पेनल्टीमेट यानी 10वें दौर में मुकाबला होने की संभावना है, जो महिला वर्ग में पदक की तस्वीर साफ करने में अहम साबित हो सकता है।
उज्बेकिस्तान ने अमेरिका को हराया
ओपन वर्ग में मेजबान उज्बेकिस्तान ने शीर्ष वरीय अमेरिका को हराकर स्वर्ण पदक की ओर बड़ा कदम बढ़ाया। नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और नोदिरबेक याकुब्बोएव ने क्रमश: फैबियानो कारुआना और हंस मोके नीमन के खिलाफ जीत दर्ज की। अमेरिका के लिए दूसरे बोर्ड पर वेस्ली सो ने जावोखिर सिंदारोव को हराया, लेकिन यह जीत टीम को मुकाबला बचाने के लिए पर्याप्त नहीं रही। दो दौर बाकी होने के साथ भारतीय पुरुष टीम अब भी पदक की दौड़ में है। वहीं महिला टीम के लिए चीन के खिलाफ संभावित मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण होगा।