भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को सेमीफाइनल में चीन के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पुरुष टीम कांस्य पदक अपने नाम करने में सफल रही। एमआर अर्जुन और हरिहरन अमसाकरुनाना को युगल मैच में चीन के जी तिंग ही और यी लुई के हाथों 16-21, 21-17, 9-21 से हार मिली। इसके साथ ही भारत ने सेमीफाइनल मुकाबला गंवाया। पूरे मैच में चीन का दबदबा देखने मिला और इस तरह भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। भारत ने इस तरह कुल पांचवां पदक अपने नाम किया है। भारत को एशियाड के चौथे दिन अब तक निशानेबाजी में दो कांस्य, सॉफ्ट टेनिस और बैडमिंटन में एक-एक कांस्य और भारोत्तोलन में एक रजत पदक मिला है।
वुशु में रोशिबिना देवी फाइनल में पहुंच गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने रजत पदक पक्का कर लिया है, लेकिन उनकी नजरें स्वर्ण पदक जीतने पर होंगी। रोशिबिना ने सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की कुसुमानिंगत्यास थानिया को 2-0 से हराया। रोशिबिना का यह एशियन गेम्स में लगातार तीसरा पदक होगा। उन्होंने 2018 में कांस्य और 2023 में रजत पदक अपने नाम किया था।
ज्ञानेश्वरी यादव ने महिला 53 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में क्लीन एंड जर्क मिलाकर कुल 195 किलो वजन उठाया। ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में 87 किलो और क्लीन एंड जर्क में 108 किलो वजन उठाया। ज्ञानेश्वरी के सभी प्रयास पूरे हो चुके हैं और वह पदक की दौड़ से बाहर हैं।
भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी चीन के ली शिफेंग के खिलाफ पुरुष टीम सेमीफाइनल में अपना मुकाबला हार गए। ली ने आयुष को 21-19, 21-13 से हराया। इसके साथ ही चीन ने भारत के खिलाफ मुकाबले में 2-1 की बढ़त बना ली है। आयुष को नेट पर ली के खिलाफ काफी परेशानी हुई। ड्रिफ्ट के कारण उनके कई शॉट बाहर गए और स्मैश में भी वह लाइन नहीं खोज सके। इससे पहले भारत के लक्ष्य सेन को शी यूकी के खिलाफ हार मिली थी, जबकि सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चीन की विश्व नंबर-3 जोड़ी लियांग वेइकेंग और वांग चांग को हराकर भारत की वापसी कराई थी। अब अर्जुन मदाथिल और हरिहरन अमसाकारुनान की जोड़ी उतरेगी। क्या भारत वापसी कर पाएगा? यह तो वक्त ही बताएगा।
भारत की रोशिबिना देवी महिला 60 किग्रा वुशु के सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास के खिलाफ उतरने वाली हैं। इस स्पर्धा में भारत का पदक पहले ही पक्का हो चुका है, लेकिन रोशिबिना की नजर अब फाइनल में जगह बनाने पर होगी।

पुरुष बैडमिंटन टीम इवेंट में भारत और चीन के बीच मुकाबला जारी है। आयुष शेट्टी को ली शीफेंग के खिलाफ पहले गेम में 21-19 से हार का सामना करना पड़ा। भारत के लिए यह मैच जीतना जरूरी है। हारे तो टीम बाहर हो जाएगी और कांस्य के साथ ही संतुष्ट करना पड़ेगा।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का मेडल पक्का हो गया है। टीम ने बुधवार को टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में ग्रुप ए के मुकाबले में बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सुनील कुमार की कप्तानी में यह ग्रुप स्टेज में भारत की लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले टीम ने टूर्नामेंट का आगाज जापान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम ने साउथ कोरिया को 63-31 से शिकस्त दी थी। भारत ने मैच की शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा। टीम ने मजबूत रेडिंग और अनुशासित डिफेंस के दम पर पहले हाफ में ही बड़ी बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ियों ने सफल रेड के जरिए 18 अंक जुटाए और सात बोनस अंक भी हासिल किए। इसके अलावा, टीम ने बांग्लादेश को दो बार ऑलआउट भी किया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के पूल बी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। महिला टीम ने थाईलैंड को 20-1 से हराकर अपना दबदबा बरकरार रखा है। एक बार फिर दीपिका ने जोरदार प्रदर्शन किया और मैच में अकेले नौ गोल दागे। दीपिका के सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिये आए। वहीं, नवनीत और ऋतुजा ने हैट्रिक लगाई। थाईलैंड आखिरी समय में मैच में एक गोल दाग सकी।
भारत की भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव का महिलाओं के 53 किग्रा भारवर्ग भारोत्तोलन प्रतियोगिता में मुकाबला जारी है। स्नैच राउंड में ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले प्रयास में 84 किलो और दूसरे प्रयास में 87 किलो का वजन उठाया था, लेकिन तीसरे और आखिरी प्रयास में वह विफल रहीं। वह 90 किलो का वजन नहीं उठा सकीं। यानी स्नैच राउंड में 87 किलो उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा।
भारत की भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव का महिलाओं के 53 किग्रा भारवर्ग भारोत्तोलन प्रतियोगिता में मुकाबला जारी है। स्नैच राउंड में ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले प्रयास में 84 किलो और दूसरे प्रयास में 87 किलो का वजन उठाया।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के केंग/चांग को सीधे गेम में हराकर भारत की वापसी करा दी। भारतीय जोड़ी ने 46 मिनट में 21-11, 22-20 से मुकाबला जीता और पुरुष बैडमिंटन सेमीफाइनल को 1-1 से बराबर कर दिया।
विश्व चैंपियनशिप में चीनी जोड़ी से मिली हार के बाद सात्विक-चिराग ने इस मुकाबले में शानदार पलटवार किया। अब भारत की उम्मीदें युवा आयुष शेट्टी पर टिकी हैं। वह अगला मुकाबला विश्व नंबर-12 ली शिफेंग के खिलाफ खेलेंगे। आयुष शानदार फॉर्म में हैं और क्वार्टर फाइनल में कोकी वातानाबे को सीधे गेम में हराकर पहुंचे हैं।
एशियन गेम्स 2026 में बुधवार का दिन भारतीय महिला स्कीट टीम के लिए शानदार रहा। परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी ने टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस शानदार उपलब्धि के लिए महिला स्कीट टीम को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने अपने आधिकारिक एक्स पर लिखा, 'परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान को एशियन गेम्स 2026 में विमेंस स्कीट टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। आपके स्किल, पक्के इरादे और टीम भावना ने देश को गर्व महसूस कराया है। उम्मीद है आप भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करती रहेंगी।'
खेल मंत्री मांडविया ने एक्स पर लिखा, 'एशियन गेम्स 2026 में विमेंस स्कीट टीम इवेंट में पहला कांस्य पदक जीतने पर परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान को बहुत-बहुत बधाई।' संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने भी पहली बार विमेंस टीम इंवेंट में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'महिला स्कीट टीम में भारत के लिए पहला पदक। एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने पर परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान को बधाई। उनके शानदार प्रदर्शन ने भारतीय शूटिंग के लिए एक नया कीर्तिमान बनाया है। बहुत बढ़िया।'
लक्ष्य पहले मैच में हार गए थे। लेकिन सात्विक चिराग ने भारत की जबरदस्त वापसी कराई है। सात्विक चिराग ने चीन के वीकेंग और चेंग की जोड़ी के खिलाफ पहला गेम 21-11 से जीत लिया। भारत को हर हालत में यह मैच जीतना होगा।
अनंतजीत सिंह नरूका पुरुषों के स्कीट व्यक्तिगत प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। वह चौथे स्थान पर रहते हुए स्पर्धा से एलिमिनेट हुए और पदक से चूक गए। अनंत ने 25 स्कोर किया। उन्होंने सिर्फ दो शॉट मिस किया और यही दो शॉट भारी पड़े। जब वह एलिमिनेट हुए तो तीसरे स्थान वाले शूटर के 26 अंक थे।

भारत के वीर चोटरानी ने पुरुष एकल के राउंड ऑफ-32 में श्रीलंका के शमिल वकील को सीधे गेम में हराया। वीर ने 11-8, 11-3, 11-3 से जीत दर्ज कर राउंड ऑफ-16 में जगह पक्की कर ली।

अनंतजीत सिंह नरूका ने सही समय पर लय हासिल कर ली है। फाइनल की आखिरी दो सीरीज में दो परफेक्ट 4 लगाकर उन्होंने पहले एलिमिनेशन से खुद को बचाया और पांचवें स्थान पर पहुंच गए। अब उनके 12 शॉट बाकी हैं। शुरुआत धीमी रही, लेकिन नरूका ने फिलहाल वापसी कर ली है। पदक की दौड़ में बने रहने के लिए उन्हें आगे भी सटीक निशाने लगाने होंगे और अपनी रैंकिंग में सुधार करना होगा।
बैडमिंटन में भारतीय पुरुष टीम का सामना चीन से हो रहा है। पहले मैच में लक्ष्य सेन को शी यूके के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। शी यूकी ने लक्ष्य को 21-16, 21-18 से हराया। फिलहाल सात्विक और चिराग की जोड़ी वीकेंग लियांग और चेंग वेंग के खिलाफ खेल रही है।
बैडमिंटन में भारतीय पुरुष टीम का सामना चीन से हो रहा है। पहले मैच में लक्ष्य सेन की टक्कर शी यूकी से है। शी ने पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में स्कोर 17-17 से बराबर है।
महिला हॉकी में भारत ने थाईलैंड के खिलाफ पूरी तरह एकतरफा मुकाबला बना दिया है। दूसरे हाफ में भारत 8-0 की बढ़त के साथ खेल रहा है। एशियाई खेलों में भारत का दबदबा लगातार जारी है और शुरुआती दो मुकाबलों में टीम ने 36 गोल दागे हैं।
भारत की तन्वी खन्ना ने दक्षिण कोरिया की किम दामी को सीधे गेम में हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। तान्वी ने 11-5, 11-7, 11-5 से जीत दर्ज करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप किया।
भारत की राइजा ढिल्लों महिलाओं की व्यक्तिगत स्कीट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहीं और पदक जीतने से चूक गईं। फाइनल सीरीज में उन्होंने 4 में से 3 निशाने साधे, जबकि चीन की जियांग यितिंग ने परफेक्ट 4 का स्कोर किया। अस्सेम ओरिनबे और थाईलैंड की इसारापा इम्प्रासर्टसुक भी राइजा से आगे रहीं। अब भारत की नजर पुरुषों की व्यक्तिगत स्कीट स्पर्धा पर होगी। अनंतजीत सिंह नरूका दोपहर 12:30 बजे फाइनल में उतरेंगे, जहां उनसे पदक की उम्मीद होगी।
भारत की मीराबाई चानू ने सिल्वर मेडल जीत लिया है। यह उनका एशियन गेम्स में पहला पदक है। मीराबाई ने कुल 198 किलो वजन उठाया। वहीं, नॉर्थ कोरिया की री सॉन्ग गम 215 किलो के साथ गोल्ड पर कब्जा जमाया। मीराबाई ने स्नैच में 87 किलो वजन का अपना सबसे सफल प्रयास किया था। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में मीराबाई ने 111 किलो का वजन उठाया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मीराबाई चानू ने क्लीन एंड जर्क के अपने दूसरे प्रयास में 111 किलो वजन उठाया। स्नैच में उनका बेस्ट प्रयास 87 किलो का था। फिलहाल वह शीर्ष पर चल रही हैं। उन्होंने कम से कम सिल्वर पक्का कर लिया है। हालांकि, उन्हें री सॉन्ग गम से टक्कर मिल सकती है। री सॉन्ग गम ने स्नैच मैं 94 किलो का बेस्ट वजन उठाया था। क्लीन एंड जर्क में री सॉन्ग ने 116 किलो का वजन रजिस्टर कराया था।
मीराबाई चानू ने क्लीन एंड जर्क में अपना पहला प्रयास 107 किलो का सफलता पूर्वक उठाया। उन्होंने स्नैच में 87 किलो का बेस्ट प्रयास किया था। कुल 194 वजन उठा चुकी हैं। मीराबाई का कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो चुका है। यह उनका पहला एशियन गेम्स मेडल होगा।
राइजा ढिल्लों महिलाओं की स्कीट फाइनल में अब भी पदक की मजबूत दावेदार बनी हुई हैं। पिछली निशानेबाज के दौरान अपने शॉट्स की कल्पना करने के बाद राइजा ने नवीनतम सीरीज में 4 में से 3 निशाने सटीक लगाए और अपना स्कोर 14/16 कर लिया। वह फिलहाल चौथे स्थान पर हैं और शीर्ष पर मौजूद चीन की जियांग यितिंग तथा थाईलैंड की इसारापा इम्प्रासर्टसुक से सिर्फ एक निशाना पीछे हैं। कजाखस्तान की असेम ओरिनबे भी 14 के स्कोर पर हैं, जिससे शीर्ष पर मुकाबला बेहद करीबी हो गया है।
अभय सिंह ने पुरुष एकल के अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड के अरकाराडेट अरकाराहिरुन्या को आसानी से हरा दिया। भारतीय खिलाड़ी ने 11-1, 11-0, 11-2 से जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के साथ अभय सिंह ने राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली है।

परिनाज धालीवाल के लिए निराशाजनक अंत हुआ। वह पहले एलिमिनेशन राउंड के बाद 8/12 के स्कोर के साथ आठवें स्थान पर रहीं और प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। उन्होंने पहली दो सीरीज में 2/4 और 2/4 का स्कोर किया। वहीं, राइजा ढिल्लों ने तीसरी सीरीज में 4/4 का परफेक्ट स्कोर करते हुए अपना कुल स्कोर 10/12 पहुंचा दिया है। वह अभी पदक की दौड़ में बनी हुई हैं। चीन की जियांग यितिंग 12/12 के परफेक्ट स्कोर के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि बाकी फाइनलिस्ट 11 और 10 के स्कोर के आसपास हैं। मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है।
राइजा ढिल्लों और परिनाज धालीवाल ने दूसरी सीरीज में 4/4 का स्कोर करते हुए वापसी की है। पहली सीरीज में राइजा ने 3/4 और परिनाज ने 2/4 का स्कोर किया था। पदक की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों भारतीय निशानेबाजों को अब अपने प्रदर्शन में और सुधार करना होगा।
फेंसिंग यानी तलवारबाजी में जीशो निधि कुमारेशन पुरुषों की व्यक्तिगत सेबर स्पर्धा के राउंड ऑफ-32 में कजाखस्तान के आर्ट्योम सार्किस्यान से 11-15 से हारकर बाहर हो गए। कुमारेशन ने मुकाबले की शानदार शुरुआत करते हुए 4-1 की बढ़त बनाई थी। हालांकि, सार्किस्यान ने वापसी करते हुए पहले पीरियड के अंत तक 8-7 की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय तलवारबाज ने कई बार वापसी की कोशिश की, लेकिन कजाख खिलाड़ी ने संयम बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
महिला एकल की स्कीट स्पर्धा का फाइनल शुरू हो गया है और भारत की राइजा ढिल्लों तथा परिनाज धालीवाल पदक के लिए निशाना लगा रही हैं। फाइनल की शुरुआत 12 शॉट से होगी। इसके बाद निशानेबाजों के बाहर होने का सिलसिला शुरू होगा। खिलाड़ी दो तय स्थानों से छोड़े जाने वाले उड़ते हुए क्ले लक्ष्यों पर निशाना लगाएंगे।
उत्तर कोरिया की रि सोंग गुम ने महिलाओं की 49 किग्रा स्पर्धा में स्नैच के दूसरे प्रयास में 94 किग्रा वजन उठाकर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड बेहतर किया। फिलहाल क्लीन एंड जर्क राउंड जारी है। मीराबाई ने अपने पहले प्रयास में 106 किलो रजिस्टर कराया है। वह थोड़ी देर में वजन उठाने आएंगी।
अंकुश ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में बहरीन के हमसा वोगेल को 5-0 से हराकर राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली। भारतीय मुक्केबाज ने पूरे मुकाबले में नियंत्रण बनाए रखा। आखिरी राउंड में अंकुश ने संयम के साथ खेलते हुए बढ़त संभाली। थके हुए वोगेल भारतीय मुक्केबाज के खिलाफ कोई प्रभावी पंच नहीं लगा सके।

टेबल टेनिस में भारत ने एक और क्वार्टर फाइनल स्थान पक्का कर लिया है। हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े की भारतीय जोड़ी ने मिश्रित युगल में हांगकांग के यिउ क्वान तो और एनग विंग लाम को 3-1 से हराया। भारतीय जोड़ी ने 11-6, 11-5, 10-12, 11-7 से मुकाबला अपने नाम किया। तीसरा गेम गंवाने के बाद हांगकांग की जोड़ी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन हरमीत और यशस्विनी ने चौथा गेम जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
भारत ने पुरुष कबड्डी के ग्रुप-ए मुकाबले में बांग्लादेश को 48-25 से हरा दिया। भारतीय टीम ने एक और दमदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया। अब भारत ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में कल चीनी ताइपे के खिलाफ उतरेगा।

शानदार प्रदर्शन! मनुष शाह और दिया चितले की भारतीय जोड़ी ने मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने मालदीव के अहमद मूसा और नाजिम आयशथ को 3-0 से हराया। मनुष और दिया ने महज 15 मिनट में 11-0, 11-7, 11-6 से मुकाबला अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में मालदीव को एक भी अंक नहीं लेने दिया।

पुरुष एकल सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा को चोट के कारण सेमीफाइनल मुकाबले से हटना पड़ा। इसके साथ ही उनका स्वर्ण पदक जीतने का सफर थम गया और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। हालांकि, जय ने इतिहास रच दिया है। एशियाई खेलों में सॉफ्ट टेनिस में भारत का यह पहला पदक है।

मीराबाई चानू का तीसरा प्रयास भी सफल रहा। उन्होंने स्नैच राउंड में तीसरे प्रयास में 87 किलो का वजन उठाया। उनका पहला प्रयास 83 किलो का रहा था। दूसरा प्रयास 85 किलो और तीसरा प्रयास 87 किलो का रहा। मीराबाई का स्नैच में तीनों प्रयास हो चुके। फिलहाल वह तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे 88 किलो के सफल प्रयास के साथ इंडोनेशियन की लुलुक डायना ट्री और 90 किलो के प्रयास के साथ सॉन्ग गम री हैं।
भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने स्नैच में शानदार प्रदर्शन किया है। मीराबाई ने पहले प्रयास में 83 किलो वजन उठाया और अगले प्रयास में 85 किलो का वजन उठाया। तीसरे प्रयास में उन्होंने 87 किलो वजन रजिस्टर कराया है।
भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू महिलाओं की 49 किग्रा स्पर्धा में चौथे नंबर पर उतरेंगी। उन्होंने स्नैच में 83 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 106 किग्रा का शुरुआती वजन दर्ज कराया है। टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और मौजूदा राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन मीराबाई की नजर अब एशियाई खेलों में अपने पहले पदक पर है।

एशियाई खेलों में मीराबाई का सफर
भारत ने पुरुषों की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है। अनंत जीत सिंह नारूका, मैराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल की भारतीय टीम ने पदक अपने नाम किया। अनंत जीत ने व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। अनंत जीत सिंह नारूका ने पुरुषों की स्कीट व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में संयुक्त चौथा स्थान हासिल किया। अब वह आज दोपहर 1:30 बजे होने वाले फाइनल में पदक के लिए निशाना लगाएंगे।
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में दक्षिण कोरिया की चो गाउन ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। वह विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूक गईं, लेकिन 246.3 अंक के साथ नया एशियाई रिकॉर्ड जरूर बना दिया। चीन की शेन यियाओ ने 241.3 अंक के साथ रजत और जियांग रानशिन ने 221.6 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। मनु भाकर 181.1 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहीं और 18वें शॉट के बाद बाहर हो गईं।
फाइनल का परिणाम:
पुरुषों की व्यक्तिगत सेबर स्पर्धा में करण सिंह और गिशो निधि कुमारेशन ने अपने-अपने पूल चरण पार कर अंतिम-32 में जगह बना ली है। छह खिलाड़ियों वाले पूल में कुमारेशन तीसरे स्थान पर रहे, जबकि पांच खिलाड़ियों वाले पूल में करण सिंह ने पांचवां स्थान हासिल किया। अब दोनों भारतीय अंतिम-32 में उतरेंगे। कुमारेशन का मुकाबला लाओस के क्वेंटिन ज्योफ्रोय से होगा, जबकि करण सिंह चीन के शाओतोंग लुओ के खिलाफ चुनौती पेश करेंगे। दोनों मुकाबले सुबह 9:50 बजे से शुरू होंगे।
भारत ने महिला कबड्डी के ग्रुप ए मुकाबले में ईरान को 37-23 से हरा दिया। भारतीय टीम ने शुरुआत में कुछ अस्थिर खेल दिखाया, लेकिन जल्द ही लय हासिल कर ली और ज्यादातर समय मजबूत बढ़त बनाए रखी। इससे पहले भारत ने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 42-21 से हराया था।

भारत के लिए शूटिंग से अच्छी खबर आई है। अनंत जीत सिंह ने पुरुषों की स्कीट व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 119 अंक हासिल कर चौथा स्थान पाया। वह शीर्ष स्थान से सिर्फ एक अंक पीछे रहे। 50 वर्षीय अनुभवी निशानेबाज मीराज अहमद खान 12वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके। इस स्पर्धा में शीर्ष नौ निशानेबाज फाइनल के लिए क्वालिफाई करते हैं। वहीं, भारत के एक अन्य निशानेबाज भवतेघ सिंह गिल 111 अंक के साथ 43 निशानेबाजों में 29वें स्थान पर रहे।
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत प्रतियोगिता में मनु भाकर पांचवें स्थान पर रहकर एलिमिनेट हो गईं। वह पदक नहीं जीत पाईं। मनु भाकर ने 181.1 का स्कोर बनाया और बाहर हो गईं। पहली सीरीज के बाद उनका स्कोर 50.8 था। इसके बाद वह सातवें स्थान तक लुढ़क गई थीं। हालांकि, उन्होंने 16वें शॉट के बाद वापसी की और तीसरे स्थान पर पहुंचीं, लेकिन 18वां शॉट जो कि मनु का आखिरी शॉट रहा, उसमें वह सिर्फ 9.6 स्कोर कर सकीं, जो उनकी क्षमता से काफी नीचे था। इसके साथ ही भारतीय निशानेबाज फाइनल से बाहर हो गईं। मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में पांचवां स्थान हासिल किया। इससे पहले ईशा सिंह और सुरुचि सिंह महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड से ही बाहर हो गई थीं। हालांकि, मनु के पास पदक के और भी मौके हैं। मनु अब 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भी हिस्सा लेती दिखेंगी।
18 शॉट के बाद स्थिति:
16 शॉट के बाद मनु भाकर पांचवें स्थान पर हैं। दो शॉट के बाद एलिमिनेशन है। मनु को बचना ही होगा। अब पांचवें स्थान पर रहने वाली निशानेबाज बाहर होगी।
महिला स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के बाद भारत के लिए एक और अच्छी खबर आई है। तीन में से दो भारतीय निशानेबाजों ने स्कीट के व्यक्तिगत फाइनल में जगह बना ली है। राइजा ढिल्लों और परिनाज धालीवाल ने शीर्ष नौ में जगह बनाई। छह राउंड के बाद दोनों ने 111 अंक हासिल किए। चीन की चे युफेई 122 अंक के साथ क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहीं। वहीं, एक अन्य भारतीय निशानेबाज महेश्वरी चौहान 12वें स्थान पर रहीं और फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। आइची एशियाई खेलों में भारतीय महिला स्कीट निशानेबाजों का अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है। व्यक्तिगत स्पर्धा का फाइनल आज सुबह 11 बजे होगा।
मनु भाकर लय हासिल करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन अब तक उनका प्रदर्शन अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं दिखा है। 12 शॉट के बाद मनु 120.4 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं। 12 शॉट के बाद स्थिति:
मनु भाकर ने फाइनल में शानदार शुरुआत की है। उन्होंने पहली सीरीज में 50.8 अंक हासिल किए। मनु ने 10.6, 10.5 और 10.3 के शानदार निशाने लगाए, जबकि दो अन्य शॉट 9.9 और 9.5 के रहे। पहली सीरीज के बाद मनु तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे चो गाउन 51.8 और शेन यियाओ 51.1 अंक के साथ हैं।
पहली सीरीज के बाद स्थिति:
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। विश्व नंबर-1 याओ क्वानशुन शीर्ष आठ में रहने वाला स्कोर बनाने के बावजूद फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। चीन की तीन निशानेबाजों में वह सबसे कम रैंक पर रहीं और एक देश से अधिकतम दो निशानेबाजों के फाइनल में पहुंचने के नियम के कारण बाहर हो गईं। वहीं, एक और बड़ा उलटफेर हुआ। विश्व नंबर-2 ईशा सिंह भी फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। वह 15वें स्थान पर रहीं।
भारत ने महिलाओं की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है। राइजा ढिल्लों, महेश्वरी चौहान और परिनाज धालीवाल की भारतीय तिकड़ी ने कुल 331 अंक हासिल किए। चीन ने 357 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कजाखस्तान ने 336 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन जारी है। फिलहाल परिनाज धालीवाल आठवें स्थान पर हैं। व्यक्तिगत फाइनल में केवल शीर्ष छह निशानेबाज पहुंचेंगे, ऐसे में भारतीय तिकड़ी के लिए फाइनल में जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है।
भारत की महिला फोर टीम ने हीट में तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल ए में जगह बना ली। गुरबानी कौर, अलीना एंटो, तेंदेन्थोई हाओबिजाम और पूनम की भारतीय टीम ने 6:45.75 का समय निकाला और कुल मिलाकर छठे स्थान पर रही। हालांकि, फाइनल से पहले भारत की पदक की उम्मीदें कम नजर आ रही हैं। चीन (6:27.37), उज्बेकिस्तान (6:28.91) और वियतनाम (6:38.39) ने क्वालिफिकेशन में भारतीय टीम से काफी बेहतर समय निकाला।
इसके साथ ही जय ने एशियाई खेलों के इतिहास में सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला पदक पक्का कर दिया है।
एक और पदक पक्का! 26 साल के जय मीणा ने फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को रोमांचक क्वार्टर फाइनल में 4-3 से हराकर एशियाई खेलों के इतिहास में सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला पदक पक्का कर दिया। सात गेम तक चले इस कड़े मुकाबले में जय ने 0-4, 4-2, 2-4, 4-2, 5-3, 2-4, 7-5 के स्कोर के साथ जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब जय मीणा आज बाद में जापान के ताकुया कुरोसाका के खिलाफ सेमीफाइनल में उतरेंगे। यह मुकाबला उन्हें स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह दिला सकता है। इसके साथ ही जय ने एशियाई खेलों के इतिहास में सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला पदक पक्का कर दिया है। जय मीणा 2025 में एशियाई सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पहले भारतीय भी बने थे। अब उन्होंने एशियाई खेलों में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है।
भारत ने महिलाओं की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है। राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और महेश्वरी चौहान की भारतीय टीम ने यह पदक अपने नाम किया।

कैनो स्प्रिंट में पार्वती गीता और फाइरेम्बम सोनिया देवी की भारतीय जोड़ी ने महिलाओं की K2 500 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी हीट ए में आखिरी स्थान पर रही। उन्होंने 2:02.538 का समय निकाला और विजेता जोड़ी से 14.820 सेकंड पीछे रहीं। शीर्ष तीन में जगह नहीं बना पाने के कारण वे सीधे फाइनल ए के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं और अब सेमीफाइनल के जरिए फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेंगी।
टेबल टेनिस के मिश्रित युगल राउंड-2 मुकाबले में मनुष शाह और दिया चितले की भारतीय जोड़ी ने श्रीलंका के चानुल कुलप्पुवावाडु और बिमांडी स्वर्णा को 3-0 से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने अगले दौर में जगह बना ली।

रोहित बेनेडिक्टन ने 53.08 सेकंड का समय निकालकर पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई हीट में कुल 13वां स्थान हासिल किया। वहीं, साजन प्रकाश ने इस स्पर्धा की हीट में स्टार्ट नहीं लिया। फाइनल में केवल शीर्ष 10 तैराकों को जगह मिलनी थी, इसलिए रोहित क्वालिफाई नहीं कर सके। अनुभवी तैराक साजन ने स्टार्ट क्यों नहीं लिया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
भारत ने शानदार जुझारू प्रदर्शन करते हुए दूसरा मैच भी अपने नाम कर लिया। चोट के कारण टाइमआउट से प्रभावित रोमांचक निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम ने धैर्य बनाए रखा और जीत हासिल की। अब सभी की नजरें तीसरे मैच पर हैं। क्वालिफिकेशन की उम्मीदें बनाए रखने के लिए भारत के लिए 3-0 से क्लीन स्वीप बेहद अहम होगा।
भारत के लिए बेहद निराशाजनक नतीजा रहा। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूक गई। कुल स्कोर बराबर रहने के बाद अंदरूनी 10 के काउंटबैक में वियतनाम ने भारत को पछाड़कर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। सुरुचि सिंह का आखिरी शॉट भारत पर भारी पड़ा। उनका अंतिम निशाना 8-रिंग में चला गया, जिससे भारतीय टीम को पदक गंवाना पड़ा। मनु भाकर नौ बजे फाइनल में उतरेंगी।
भारतीय पुरुष कयाक-4 टीम ने एशियाई खेलों में हीट में तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल ए के लिए क्वालिफाई कर लिया है। नाओचा सिंह, वरिंदर सिंह, ओइनाम अरुण सिंह और हर्षवर्धन सिंह की भारतीय टीम ने 1:29.447 सेकंड का समय निकाला।
मनु भाकर ने क्वालिफिकेशन राउंड का अंत शानदार अंदाज में किया। उन्होंने 96, 96 और 98 की सीरीज के साथ कुल 579 अंक जुटाए और फाइनल में जगह बना ली। ईशा सिंह ने भी आखिरी दौर में 97, 97 और 96 का स्कोर कर 572 अंक बनाए। हालांकि, सुरुचि सिंह को आखिरी सीरीज में बड़ा झटका लगा। उन्होंने सिर्फ 93 अंक बनाए और कुल 568 के स्कोर के साथ अपनी चुनौती खत्म की। तीनों के प्रदर्शन के सामूहिक नतीजे के कारण भारत टीम स्पर्धा में पदक से चूक गया। इस स्पर्धा में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था।

स्विमिंग पूल में अनीश सुनील ने पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल हीट में 1:51.20 के समय के साथ चौथा स्थान हासिल किया। वहीं, वेदांत माधवन 1:52.01 के समय के साथ छठे स्थान पर रहे। अभी अन्य हीट बाकी हैं, इसलिए पूरी रैंकिंग तय नहीं हुई है। हालांकि, दोनों तैराकों के फाइनल में पहुंचने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है।
तीसरी सीरीज में मनु भाकर और सुरुछि सिंह ने 97-97 का स्कोर बनाया और शानदार वापसी की। छह में से तीन सीरीज पूरी होने के बाद मनु पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं। सुरुचि 23वें, जबकि ईशा सिंह 34वें स्थान पर हैं। आधा क्वालिफिकेशन राउंड पूरा हो चुका है।
अभिनेता आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन और अनीश सुनील जल्द ही पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल हीट में एक्शन में नजर आएंगे।

भारतीय महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने स्पर्धा में शानदार वापसी की है। तीसरी सीरीज में मजबूत प्रदर्शन के दम पर भारत टीम रैंकिंग में सातवें से चौथे स्थान पर पहुंच गया है। व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में भी मनु भाकर ने फिलहाल सातवें स्थान पर जगह बना ली है, जिससे वह व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई करने की स्थिति में हैं। सुरुछि और ईशा सिंह क्रमशः 21वें और 34वें स्थान पर हैं। भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है और अब उनसे स्पर्धा के अंतिम चरण में और मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है।
टेबल टेनिस में रोमांच बढ़ गया है। हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े की भारतीय जोड़ी ने चौथा गेम भी 9-11 से गंवा दिया है। अब मुकाबला 2-2 की बराबरी पर पहुंच गया है। यह राउंड-2 का मुकाबला है। इस टेबल का लाइव स्ट्रीम उपलब्ध नहीं होने के कारण यह पता नहीं चल पा रहा है कि भारतीय जोड़ी के खेल में क्या दिक्कत आ रही है।
पुरुषों की पेयर हीट में जसविंदर सिंह और नितिन कुमार का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारतीय जोड़ी 6:36.90 के समय के साथ चौथे और आखिरी स्थान पर रही। वे शीर्ष पर रहने वाली जोड़ी से 16.01 सेकंड पीछे रहे। इस नतीजे के साथ भारतीय जोड़ी फाइनल बी में पहुंच गई है और अब पदक की दौड़ से बाहर हो गई है।
महिलाओं की कैनो सिंगल 200 मीटर हीट में मेघा प्रदीप का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 49.675 सेकंड के समय के साथ पांचवां स्थान हासिल किया और शीर्ष स्थान से 2.733 सेकंड पीछे रहीं। इस नतीजे के कारण मेघा फाइनल ए में सीधे जगह नहीं बना सकीं। अब उन्हें फाइनल में पहुंचने के लिए सेमीफाइनल के रास्ते से गुजरना होगा।

टेबल टेनिस में हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े की मिश्रित युगल जोड़ी ने राउंड-2 के मुकाबले में मालदीव के मोहम्मद इस्माइल और फातिमाथ अली के खिलाफ शुरुआती गेम गंवा दिया है। इस मुकाबले का लाइव कवरेज उपलब्ध नहीं है। हालांकि, कागज पर भारतीय जोड़ी का पलड़ा भारी माना जा रहा है और उससे इस मुकाबले को आसानी से पार करने की उम्मीद है।
भारत के हर्षवर्धन शक्तावत, वरिंदर सिंह, एल नाओचा सिंह ओइनाम और अरुण सिंह ने पुरुषों की कयाक फोर 500 मीटर स्पर्धा के हीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

साजन प्रकाश अपनी हीट में स्टार्ट नहीं हुए। वहीं, बेनेडिक्टन बेनिस्टन ने अपनी हीट में चौथा स्थान हासिल किया। उन्होंने 53.08 सेकंड का समय निकाला, जो गेम्स के लिए उनके क्वालिफाइंग समय से थोड़ा धीमा रहा। फिलहाल बेनिस्टन कुल रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं, लेकिन अभी अन्य हीट बाकी हैं। ऐसे में उनकी अंतिम रैंकिंग तय नहीं हुई है।
मनु भाकर की तीसरी सीरीज शानदार रही। इसके दम पर उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन स्पर्धा में चौथे स्थान पर छलांग लगा दी है। याद रहे, व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने के लिए शीर्ष आठ निशानेबाजों में रहना जरूरी है। मनु फिलहाल चौथे स्थान पर हैं, लेकिन बाकी निशानेबाजों के तीसरी सीरीज पूरी करने के बाद रैंकिंग बदल सकती है।
| समय | खेल | भारतीय खिलाड़ी/टीम | मुकाबला/स्पर्धा |
|---|---|---|---|
| 5:30 AM | सॉफ्ट टेनिस | जय मीना | पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल: शेरविन नुगुइट (फिलीपींस) के खिलाफ |
| 5:30 AM | सेपकटकरॉ | भारत | पुरुष टीम रेगु, ग्रुप बी प्रारंभिक मुकाबला: फिलीपींस के खिलाफ |
| 5:40 AM | रोइंग | बलराज पंवार | पुरुष सिंगल स्कल्स, हीट-2 |
| 6:00 AM | रोइंग | सतनाम सिंह, सलमान खान | पुरुष डबल स्कल्स, हीट-3 |
| 6:15 AM | शूटिंग | मनु भाकर, सुरुछि इंदर सिंह, ईशा सिंह | महिला 10 मीटर एयर पिस्टल, व्यक्तिगत व टीम क्वालिफिकेशन |
| 6:30 AM | शूटिंग | अनंतजीत सिंह नरूका, भवतेघ सिंह गिल, मैराज अहमद खान | पुरुष स्कीट, व्यक्तिगत व टीम क्वालिफिकेशन |
| 6:30 AM | शूटिंग | परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों, महेश्वरी चौहान | महिला स्कीट, व्यक्तिगत व टीम क्वालिफिकेशन |
| 6:30 AM | कैनो स्प्रिंट | हर्षवर्धन शक्तावत, वरिंदर सिंह, एल. नाओचा सिंह ओइनाम, अरुण सिंह | पुरुष K4 500 मीटर, हीट-1 |
| 6:30 AM | घुड़सवारी | आशीष लिमाये, फौआद मिर्जा | इवेंटिंग व्यक्तिगत क्रॉस-कंट्री फाइनल, दिन-2 (पदक स्पर्धा) |
| 6:30 AM | टेबल टेनिस | हरमीत देसाई, यशस्विनी घोरपड़े | मिश्रित युगल राउंड ऑफ-32: मालदीव के खिलाफ |
| 6:30 AM से | तलवारबाजी | नाओरेम मीना देवी, जॉयस अशिता स्टालिनराज | महिला फॉयल व्यक्तिगत पूल मुकाबले |
| 6:42 AM | तैराकी | रोहित बेनेडिक्टन, साजन प्रकाश | पुरुष 100 मीटर बटरफ्लाई, हीट-2 |
| 6:50 AM | कैनो स्प्रिंट | मेघा प्रदीप | महिला कैनो सिंगल 200 मीटर, हीट-1 |
| 6:50 AM | रोइंग | जसविंदर सिंह, नितिन कुमार | पुरुष पेयर, हीट-2 |
| 7:03 AM | तैराकी | अनीश सुनील कुमार गौड़ा, वेदांत माधवन | पुरुष 200 मीटर फ्रीस्टाइल, हीट-2 |
| 7:10 AM | कैनो स्प्रिंट | पार्वती गीता-फैरेम्बम सोनिया देवी | महिला कयाक डबल 500 मीटर, हीट-1 |
| 7:10 AM | रोइंग | गुरबानी कौर, पूनम, तेंदेन्थोई देवी हाओबिजाम, अलीना एंटो | महिला फोर, हीट-1 |
| 7:10 AM | टेबल टेनिस | मनुष शाह, दीया चितले | मिश्रित युगल राउंड ऑफ-32: श्रीलंका के खिलाफ |
| 8:15 AM से | तलवारबाजी | गिशो निधि के.पी., करण सिंह | पुरुष सेबर व्यक्तिगत पूल मुकाबले |
| 8:30 AM | सॉफ्ट टेनिस | जय मीना | पुरुष एकल सेमीफाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर |
| 8:30 AM | कबड्डी | भारत | महिला ग्रुप ए: ईरान के खिलाफ |
| 8:30 AM से | मुक्केबाजी | अंकुश | पुरुष 80 किग्रा राउंड ऑफ-16: बहरीन के हम्सा वोगेल के खिलाफ |
| 9:00 AM | शूटिंग | मनु भाकर, सुरुछि इंदर सिंह, ईशा सिंह | महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर (पदक स्पर्धा) |
| 9:30 AM | तलवारबाजी | नाओरेम मीना देवी, जॉयस अशिता स्टालिनराज | महिला फॉयल राउंड ऑफ-32, क्वालिफिकेशन पर निर्भर |
| 9:45 AM | कबड्डी | भारत | पुरुष ग्रुप ए: बांग्लादेश के खिलाफ |
| 9:50 AM | तलवारबाजी | गिशो निधि के.पी., करण सिंह | पुरुष सेबर राउंड ऑफ-32, क्वालिफिकेशन पर निर्भर |
| 10:00 AM | भारोत्तोलन | मीराबाई चानू | महिला 49 किग्रा फाइनल, ग्रुप ए (पदक स्पर्धा) |
| 10:05 AM | तलवारबाजी | नाओरेम मीना देवी, जॉयस अशिता स्टालिनराज | महिला फॉयल राउंड ऑफ-16, क्वालिफिकेशन पर निर्भर |
| 10:15 AM | टेबल टेनिस | मनुष शाह-दीया चितले, हरमीत देसाई-यशस्विनी घोरपड़े | मिश्रित युगल राउंड ऑफ-16 |
| 10:25 AM | तलवारबाजी | गिशो निधि के.पी., करण सिंह | पुरुष सेबर राउंड ऑफ-16, क्वालिफिकेशन पर निर्भर |
| 10:30 AM | स्क्वैश | अभय सिंह | पुरुष एकल राउंड ऑफ-32: थाईलैंड के खिलाफ |
| 10:40 AM | कैनो स्प्रिंट | प्रसन्ना कुमार सीएस, प्रोहित बरई | पुरुष कयाक डबल 500 मीटर, हीट-2 |
| 11:00 AM | कैनो स्प्रिंट | मेघा प्रदीप, एल. नेहा देवी | महिला कैनो डबल 500 मीटर, हीट-2 |
| 11:00 AM | तलवारबाजी | मीना देवी-स्टालिनराज, करण सिंह-गिशो निधि | महिला फॉयल व पुरुष सेबर क्वार्टर फाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर |
| 11:00 AM | शूटिंग | परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों, महेश्वरी चौहान | महिला स्कीट फाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर (पदक स्पर्धा) |
| 11:15 AM | स्क्वैश | तन्वी खन्ना | महिला एकल राउंड ऑफ-32: दक्षिण कोरिया के खिलाफ |
| 11:20 AM | रोइंग | रोहित-उज्ज्वल कुमार सिंह | पुरुष लाइटवेट डबल स्कल्स, हीट-1 |
| 11:30 AM | बैडमिंटन | भारत | पुरुष टीम सेमीफाइनल: चीन के खिलाफ |
| 11:30 AM | हॉकी | भारत | महिला पूल बी: थाईलैंड के खिलाफ |
| 12:00 PM | स्क्वैश | वीर चोटरानी | पुरुष एकल राउंड ऑफ-32: श्रीलंका के खिलाफ |
| 12:10 PM | रोइंग | अरविंद सिंह, कुलविंदर सिंह, नवदीप सिंह, जकार खान | पुरुष क्वाड्रुपल स्कल्स, हीट-2 |
| 12:15 PM | सॉफ्ट टेनिस | जय मीना | पुरुष एकल स्वर्ण पदक मुकाबला, क्वालिफिकेशन पर निर्भर (पदक स्पर्धा) |
| 12:20 PM | रोइंग | विपुल घुरडे, सौरव कुमार, बाबूलाल यादव, योगेश कुमार | पुरुष फोर, हीट-1 |
| 12:30 PM | शूटिंग | अनंतजीत सिंह नरूका, भवतेघ सिंह गिल, मैराज अहमद खान | पुरुष स्कीट फाइनल (पदक स्पर्धा) |
| 12:50 PM से | तलवारबाजी | नाओरेम मीना देवी, जॉयस अशिता स्टालिनराज | महिला फॉयल सेमीफाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर |
| 1:30 PM | भारोत्तोलन | ज्ञानेश्वरी यादव | महिला 53 किग्रा फाइनल, ग्रुप ए (पदक स्पर्धा) |
| 1:30 PM से | तलवारबाजी | करण सिंह, गिशो निधि के.पी. | पुरुष सेबर सेमीफाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर |
| 1:38 PM | तैराकी | रोहित बेनेडिक्टन, साजन प्रकाश | पुरुष 100 मीटर बटरफ्लाई फाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर (पदक स्पर्धा) |
| 1:54 PM | तैराकी | अनीश सुनील कुमार गौड़ा, वेदांत माधवन | पुरुष 200 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर (पदक स्पर्धा) |
| 2:10 PM | तलवारबाजी | जॉयस अशिता स्टालिनराज, नाओरेम मीना देवी | महिला फॉयल पदक मुकाबले, क्वालिफिकेशन पर निर्भर (पदक स्पर्धा) |
| 2:30 PM | तलवारबाजी | करण सिंह, गिशो निधि के.पी. | पुरुष सेबर पदक मुकाबले, क्वालिफिकेशन पर निर्भर (पदक स्पर्धा) |
| 2:30 PM से | वुशु | रोशिबिना देवी | महिला सांडा 60 किग्रा सेमीफाइनल: इंडोनेशिया के खिलाफ |
| 3:50 PM | ई-स्पोर्ट्स | डेनियल, चिन्मय साहू | ई-फुटबॉल फाइनल, क्वालिफिकेशन पर निर्भर (पदक स्पर्धा) |
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम फाइनल शुरू हो गया है। मनु भाकर, ईशा सिंह और सुरुचि सिंह भारत के लिए चुनौती पेश कर रही हैं। टीम फाइनल का प्रदर्शन व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वालिफिकेशन के रूप में भी काम करेगा।
भारतीय महिला एयर पिस्टल टीम जल्द ही एक्शन में होगी। मनु भाकर, सुरुछि इंदर सिंह और ईशा सिंह टीम फाइनल के साथ व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में भी हिस्सा ले रही हैं। ईशा सिंह ने हाल ही में विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता है। आज के मुकाबले में उन पर भी खास नजर रहेगी।
बलराज पंवार के पुरुष सिंगल स्कल्स के बाद सतनाम सिंह और सलमान खान ने भी पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने अपनी हीट में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि सभी हीट के नतीजों में वह तीसरे स्थान पर रही। इसके साथ ही भारत ने रोइंग में दो फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
एशियन गेम्स में मंगलवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर देश का पहला स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने जापान को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए एक और पदक पक्का किया। महिला टीम को क्वार्टर फाइनल में जापान से 1-3 से हार मिली।
महिला क्रिकेट टीम के स्वर्ण के बाद भारत पहली बार इस एशियाई खेल में पदक तालिका के शीर्ष-10 में पहुंचा।
कल के प्रमुख नतीजे:
भारत की दो ध्वजवाहकों में शामिल मनु भाकर आज निशानेबाजी में उतरेंगी। 10 मीटर एयर पिस्टल में उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है। वह एशियाई चैंपियनशिप में इस स्पर्धा में कई स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में भी उन्होंने इस स्पर्धा में रजत पदक जीता था। मनु पिछले एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं, लेकिन वह पदक उन्होंने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हासिल किया था।
एशियन गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारत की नजर कई अहम मुकाबलों पर है। मनु भाकर निशानेबाजी में उतरेंगी, जबकि मीराबाई चानू वेटलिफ्टिंग में चुनौती पेश करेंगी। भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम चीन के खिलाफ सेमीफाइनल खेलेगी। रोइंग में भी भारतीय खिलाड़ियों का एक्शन जारी है।