फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aviation: मुंबई से नवी मुंबई इंटरनेशनल फ्लाइट्स शिफ्ट करने पर बदलेगा प्लान, मंत्रालय की बैठक में आया ये अपडेट

Tue, 06 Oct 2026 08:57 PM IST
राहुल कुमार डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बैठक में मुंबई एयरपोर्ट से हर साल करीब 50 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की योजना पर चर्चा हुई। इसके बाद करीब 20 अक्तूबर के आसपास एक और बैठक होने की संभावना है।
विज्ञापन
छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना में फिलहाल कुछ राहत मिलती दिख रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटरों से 20 अक्तूबर तक विस्तृत ट्रांजिशन प्लान मांगा है। सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने परिचालन को चरणबद्ध तरीके से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) पर ले जाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन


यह कदम मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (सीएसएमआईए) के टर्मिनल-1 के चरणबद्ध पुनर्विकास की तैयारियों के बीच उठाया गया है। मंत्रालय ने सुझाव दिया है कि शिफ्टिंग की प्रक्रिया को कुछ सप्ताह आगे बढ़ाया जा सकता है। इससे एयरलाइंस और यात्रियों को बदलाव के लिए ज्यादा समय मिल सकेगा।

सूत्रों के मुताबिक, नागर विमानन सचिव ने एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटरों के साथ विस्तृत चर्चा की। सभी पक्षों से स्पष्ट परिचालन योजना देने को कहा गया है। इस पर अगली समीक्षा बैठक 13 अक्तूबर को होगी। करीब 90 मिनट चली बैठक में एयरलाइंस ने परिचालन से जुड़े सवाल और चिंताएं भी रखीं। सूत्रों के अनुसार, इन मुद्दों पर चर्चा की गई। सभी पक्षों ने शिफ्टिंग के दौरान यात्रियों की सुविधा और परिचालन को सुचारु बनाए रखने पर सहमति जताई।
विज्ञापन


हर साल 50 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को शिफ्ट करने की तैयारी
बैठक में मुंबई एयरपोर्ट से हर साल करीब 50 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की योजना पर चर्चा हुई। इसके बाद करीब 20 अक्तूबर के आसपास एक और बैठक होने की संभावना है। इसमें अंतिम ट्रांजिशन प्लान पर सहमति बनाने की कोशिश होगी। बैठक में अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (एफआईए) और विभिन्न एयरलाइंस के प्रतिनिधि शामिल हुए। एएएचएल ने नवी मुंबई एयरपोर्ट पर हर साल 50 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की तैयारियों की जानकारी दी। कंपनी ने एयरपोर्ट की क्षमता, सड़क संपर्क, इन-फ्लाइट कैटरिंग, होटल, लाउंज और अन्य यात्री सुविधाओं की योजना बताई।

क्या है मुंबई-नवी मुंबई एयरपोर्ट का विवाद?
मुंबई एयरपोर्ट से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना को लेकर एयरलाइंस और मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) के बीच मतभेद सामने आए हैं। प्रस्ताव के तहत 26 अक्तूबर से मुंबई एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय स्लॉट में करीब 33 फीसदी कटौती की जानी है। इससे करीब 265 साप्ताहिक अंतरराष्ट्रीय स्लॉट कम हो सकते हैं।

इसमें इंडिगो के करीब 74 और एयर इंडिया के 33 स्लॉट प्रभावित होने की संभावना है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कमी के बाद टर्मिनल-2 पर खाली होने वाली सुविधाओं का इस्तेमाल घरेलू एयरलाइंस के लिए करने का प्रस्ताव है। एयरलाइंस ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्लॉट शिफ्टिंग के लिए ज्यादा समय मांगा है। साथ ही 2020 से अब तक इस मुद्दे पर हुई सभी बैठकों और कंसल्टेशन का रिकॉर्ड भी मांगा है।

जबकि अदाणी एयरपोर्ट्स का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करना अस्थायी व्यवस्था होगी। नवी मुंबई से अंतरराष्ट्रीय परिचालन शुरू करने वाली एयरलाइंस को इंसेंटिव देने की भी तैयारी है। इन्हीं मुद्दों और एयरलाइंस की आपत्तियों पर चर्चा के लिए मंत्रालय ने बैठक बुलाई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें