बरोटीवाला में खाद्य पदार्थों के सैंपल भरती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। स्रोत : विभाग
बाहरी राज्यों से आने वाली मिठाइयों पर भी रहेगी नजर, पुलिस के साथ बॉर्डर पर होगी नाकाबंदी
सैंपल लेकर भेजे जा रहे लैब, खराबी पर कारोबारी को नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। त्योहारी सीजन में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की जांच तेज कर दी है। बाहरी राज्यों से जिले में आने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य वस्तुओं पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। विभाग पुलिस के सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी कर पैक्ड मिठाइयों की जांच करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए फूड टेस्टिंग वैन भी साथ ले जाई जाएगी, ताकि मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची जा सके।
अभियान के तहत विभाग की टीम ने पिछले दो दिनों में बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ में खाद्य कारोबारियों की दुकानों का निरीक्षण किया। बुधवार को बरोटीवाला में पनीर, बर्फी, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, मट्ठी, फेनियां, पेठा और पताशा के एक-एक सैंपल सहित कुल आठ सैंपल भरे गए। इन्हें जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं, वीरवार को टीम ने बद्दी और नालागढ़ में मिठाइयों की गुणवत्ता और दुकानों में साफ-सफाई की जांच की।
खाद्य सुरक्षा विभाग सोलन की सहायक आयुक्त वरिंद्रा चौहान ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए सैंपल लेने की प्रक्रिया तेज की गई है। विभाग का प्रयास है कि लोगों तक मिलावटी या खराब खाद्य पदार्थ न पहुंचें और उनके स्वास्थ्य को नुकसान न हो।