फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News 3 lakh siphoned from account via UPI two people lose lives accidents 12 lakh stolen

वाराणसी की खबरें: यूपीआई से खाते से उड़ाए 3.08 लाख रुपये, हादसों में दो लोगों की गई जान; 12 लाख रुपये उड़ाए

Wed, 28 Oct 2026 12:24 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Wed, 28 Oct 2026 12:24 PM IST
सार

वाराणसी में साइबर ठगी के मामलों में लोगों को निशाना बनाया गया। यूपीआई के जरिए एक खाते से 3.08 लाख रुपये निकाल लिए गए, वहीं एक अन्य मामले में 12 लाख रुपये उड़ाने की जानकारी सामने आई। उधर, अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस साइबर ठगी के मामलों की जांच और हादसों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

विज्ञापन
Varanasi News 3 lakh siphoned from account via UPI two people lose lives accidents 12 lakh stolen
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भीटी में मंगलवार पूर्वाह्न ढुंढिराज पुलिया की रेलिंग से टकराकर बाइक सवार देवकुमार (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। देवकुमार चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के पौरा गांव निवासी थे।

विज्ञापन


परिजनों के अनुसार, देवकुमार अपनी ससुराल घोरावल गए थे। वहां से वह बाइक से अपने पैतृक गांव पौरा लौट रहे थे। मोदी स्कूल मार्ग पर ढुंढिराज पुलिया के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। सड़क पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल एलबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 
विज्ञापन


बाइक खड़ी कर ट्रेन के आगे कूदा, मौत
चौबेपुर। क्षेत्र के तरयां गांव के सामने मंगलवार सुबह ट्रेन से कटकर 28 वर्षीय सूरज की मौत हो गई। सुरज रमगढ़वां का निवासी था।  सूरज मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तरयां गांव के पोखरे के पास अपनी बाइक खड़ी कर रेलवे ट्रैक की ओर गया और कूद गया। मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सूरज तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

फोन मांगकर सिम चुराया, यूपीआई से खाते से उड़ाए 3.08 लाख रुपये
बड़ागांव थानाक्षेत्र के हरहुआं बाजार में एक व्यक्ति ने फोन करने के बहाने एक महिला से फोन मांगा और उसका सिम चुरा लिया और कुछ दिनों में महिला के पति के खाते से यूपीआई के द्वारा धोखाधड़ी करते 3.08 लाख रुपये निकाल लिए। जानकारी मिलने पर पीड़ित ने दो नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की। 

पुलिस को दिये गये प्रार्थना पत्र में शिवशंकर दुबे ने  आरोप लगाया है कि दो अक्तूबर को शाम पांच बजे मेरे घरवाजिदपुर गांव निवासी अरविंद यादव आया और घर पर उपस्थित मेरी मां से बात करने के नाम पर मोबाइल मांगा और उसमें से सिम निकाल कर दूसरा सिम डालकर मोबाइल खराब होने की बात कहकर फोन वापस कर दिया और चुराये गए सिम को मेरे ही गांव के उदय शंकर दुबे को दे दिया। दोनों ने मिलकर सिम चुराने के दिन से 8 अक्तूबर के बीच मेरे पिता के बैंक खाते से रकम निकाल ली। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

बैंक खाते से 12 लाख रुपये उड़ाए
शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी घनश्याम सिंह यादव से 12 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को दी तहरीर में शिवपुर निवासी घनश्याम सिंह यादव ने बताया कि उनका यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की गिलट बाजार शाखा में खाता है। 24 अक्तूबर को साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से 12 लाख रुपये निकाल लिए। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। 27 अक्तूबर को शिवपुर थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि साइबर टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है। 

बनारस स्टेशन से सुबह चलेगी उद्घाटन ट्रेन 
वाराणसी से नई दिल्ली तक चलने वाली देश की दूसरी स्लीपर वंदेभारत 31 अक्तूबर को उद्घाटन वाले दिन सुबह 11 बजे बनारस स्टेशन से चलेगी। इसके बाद यात्रियों के लिए नियमित संचालन रात 8.50 बजे से होगा। उद्घाटन की तिथि तय होने के बाद माना जा रहा है कि एक दो दिन में यात्रियों के लिए आधिकारिक शेड्यूल भी जारी हो जाएगा। 

उद्घाटन में तीन दिन बचे होने की वजह से बनारस स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर मंच बनाया जा रहा है। मंगलवार को दोपहर में पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम उदय बोरवणकर ने अधिकारियों के साथ बनारस स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। रात में 8.50 बजे से नियमित कैंट स्टेशन से इसका संचालन होगा। 

कैंट स्टेशन उत्तर रेलवे में आता है। सोमवार को जहां उत्तर रेलवे के डीआरएम सुनील वर्मा ने निरीक्षण किया। मंगलवार को पूर्वाेत्तर रेलवे के जीएम उदय बोरणवकर भी डीआरएम आशीष जैन सहित अन्य अधिकारियों के साथ बनारस स्टेशन पहुंचे। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के आगमन संबंधी सभी तैयारियों को गंभीरता से लेते हुए समय से पूरा करने को कहा। रविवार को नई स्लीपर वंदेभारत ट्रेन का ट्रायल भी लोहता यार्ड से बनारस स्टेशन तक पूरा हो चुका है।  

यात्री सुविधाओं पर जोर दें अधिकारी : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बनारस, राजातालाब, हरदत्तपुर के साथ ही वाराणसी सिटी स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं पर जोर देने के साथ ही अधिकारियों से समय-समय पर निगरानी करने की बात कही।

बीएचयू में छात्रसंघ बहाली की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना, हुई नारेबाजी
बीएचयू में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर मंगलवार को छात्रसंघ भवन पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया। पोस्टर और तख्तियां लेकर विरोध पर उतरे छात्रों ने कहा कि छात्रसंघ विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को उठाने, प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने और छात्रहितों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का मंच देता है। 

ऐसे में बीएचयू जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में छात्रसंघ की अनुपस्थिति गंभीर सवाल खड़े करती है। इस दौरान नारेबाजी करते हुए छात्रों ने जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रसंघ की बहाली और छात्र राजनीति से जुड़े हालिया घटनाओं का उल्लेख किया। कहा कि देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में लोकतांत्रिक छात्र प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की जरूरत है। 

छात्रनेता शिवांश सिंह ने कहा कि छात्रसंघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की आवाज, उनके अधिकारों और लोकतांत्रिक भागीदारी का प्रतीक है। जेनजी का यह दौर केवल सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा अपने मुद्दों के लिए जमीन पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का साहस भी रखते हैं। इस दौरान सत्यम सिंह सहित धरने पर बैठे छात्रों ने कहा कि जब तक छात्रसंघ बहाली की मांग पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। 

कैंट में मारपीट और धमकी के दो मामले दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। गिलट बाजार निवासी अमन राजभर का आरोप है कि 20 अक्तूबर की सुबह करीब पांच बजे वरुणा पुल के पास शिवम यादव, चेतन और अनीस ने उन्हें और उनके भाई अंकित को रोक लिया। इसके बाद मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उनका एक मोबाइल फोन तोड़ दिया। वहीं, अंबेडकर नगर निवासी आदित्य कुमार सिंह के मुताबिक, 26 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे दूध मंडी तिराहे के पास बाइक सवार चार-पांच अज्ञात लोगों ने उनकी कार रोक ली। इसके बाद मारपीट की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

15 वर्षीय किशोरी लापता, प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के निवासी 15 वर्षीय किशोरी  के लापता होने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।  किशोरी के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी 25 अक्तूबर की सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकली थी। वह अपने साथ मोबाइल भी ले गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद पिता ने कैंट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। 

मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर, बिजली के बोर्ड तोड़े
कैंट थाना क्षेत्र के पत्रकारपुरम कॉलोनी, छुप्पेपुर में सोमवार रात अज्ञात लोगों ने शिव कृपा मिश्रा के मकान का ताला तोड़कर अंदर तोड़फोड़ की। आरोप है कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घुसे लोगों ने बिजली की एमसीबी और कई बोर्ड क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना में मकान मालिक को आर्थिक नुकसान हुआ है। शिव कृपा मिश्रा ने 27 अक्टूबर को कैंट पुलिस से शिकायत की। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी की मांग की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है । 

माताकुंड में जुए के फड़ पर छापा, पांच गिरफ्तार
सिगरा पुलिस ने मंगलवार को माताकुंड के पास गली में जए के फड़ पर छापा मारा। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 3960 रुपये नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए गए। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में पिशाचमोचन निवासी सुभाष सोनकर, मनीष कुमार और हिमांशु, पहाड़पुर पुलिस लाइन निवासी शाहरुख और वरुणापुल निवासी सत्यम है। 

खेत की जोताई कराने गए किसान को पीटा
रोहनिया के सुईचक खिड़कीपर, गंगापुर निवासी नरेश कुमार को खेत की जोताई कराने के दौरान मारपीट कर घायल कर दिया गया। आरोप है कि गांव के धर्मेंद्र, सत्येंद्र और जोगेंद्र खेत में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए नरेश को लाठी-डंडे से पीट दिया। घटना में वह घायल हो गए। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, एसपी ने दिलाई शपथ
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान मंगलवार को सेक्टर कार्यालय में पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता जागरूकता के प्रति प्रतिबद्ध रहने को कहा। उन्होंने सत्यनिष्ठा से कार्य करने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने बताया कि सप्ताह के दौरान आमजन और युवाओं में जागरूकता फैलाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें निबंध प्रतियोगिता, कला प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता और फोटो-वीडियोग्राफी प्रतियोगिता शामिल हैं। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत 31 अक्तूबर को एक विशेष कार्यशाला डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय लालपुर रोड में होगी।

एमसीएच विंग में भर्ती होंगे मंडलीय अस्पताल के मरीज
मंडलीय अस्पताल कैंपस में 500 बैड का नया सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाने के लिए वार्डों की शिफ्टिंग शुरू हो गई है। जब तक मंडलीय अस्पताल में नई बिल्डिंग बनकर तैयार नहीं हो जाएगी, तब तक 150 से अधिक बेड पर मरीज एमसीएच विंग में भर्ती किए जाएंगे। अभी यहां 30 बेड वाला सर्जिकल वार्ड शिफ्ट किया गया है, लेकिन जल्द ही पैथोलॉजी, दवा वितरण काउंटर सहित अन्य केंद्र भी शिफ्ट होंगे। ब्लड बैंक के सामने, बर्न वार्ड के आसपास के भवनों को तोड़ा जा रहा है। एक महीने से अधिक समय पुराने भवनों को तोड़ने में लगेगा। इसके साथ ही निर्माण कार्य की जद में दवा वितरण केंद्र, पैथालॉजी सहित अन्य कई भवन भी आएंगे। 

दीपावली पर 2.69 लाख परिवारों को मिलेगा उज्ज्वला का मुफ्त गैस सिलिंडर
दीपावली पर गरीब और जरूरतमंद 2,69,923 उज्ज्वला कनेक्शन धारक परिवारों को मुफ्त गैस सिलिंडर मिलेगा। शासन की ओर से आपूर्ति विभाग को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि योजना का संचालन वित्तीय वर्ष में दो चरणों में किया जाएगा। पहला चरण दीपावली पर अक्तूबर से दिसंबर 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण होली को ध्यान में रख जनवरी से मार्च 2027 के बीच होगा। दोनों चरणों में पात्र परिवारों को एक-एक सिलिंडर रिफिल की मुफ्त सुविधा मिलेगी। 

तीन दिन गंगा स्नान और नौका विहार से बचें
काशी में आज हल्की और बृहस्पतिवार को आंधी और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। काशीवासियों को बेमौसम बारिश से बचाने के लिए एक एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि नदी में स्नान और नौका विहार से बचें। नाव संचालन के संबंध में प्रशासन के प्रतिबंधों का उल्लंघन न करें। 29 और 30 अक्तूबर को भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना है। 

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने चेताया है कि बंगाल की खाड़ी पर बने अति प्रचंड चक्रवाती तूफान अर्णब बुधवार से प्रदेश में बारिश करा सकता है। तापमान में छह से सात डिग्री की गिरावट आने से ठंड बढ़ सकती है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास तूफान की गति 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा 15 किमी प्रति घंटे की गति से बही।

केरल से आए 55 प्रतिभागियों का सम्मान
केरल से आए युवा संगम के 55 प्रतिभागियों को बीएचयू में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। केंद्रीय कार्यालय स्थित समिति कक्ष में मंगलवार को युवा संगम कार्यक्रम का समापन समारोह हुआ। 

प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि युवा अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानें और उससे प्राप्त सीख को अपने जीवन में लागू करें। एक भारत, श्रेष्ठ भारत पहल के यूपी नोडल अधिकारी डॉ. बाला लखेंद्र ने कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आईआईटी पलक्कड़, केरल के नेतृत्व में 55 सदस्यीय दल 22 से 28 अक्तूबर तक प्रदेश के कई सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर रहा है। यात्रा के दौरान सदस्यों ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से भी मुलाकात की।

गंगापुर कैंपस में लगेगा तीन दिवसीय कला मेला
काशी विद्यापीठ के महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में तीन दिन तक कला मेला लगाया जाएगा। इसमें हस्तशिल्प, चित्रकला आदि के माध्यम से ललित कला विभाग के विद्यार्थियों का हुनर देखने को मिलेगा। 28 से 30 अक्तूबर तक चलने वाले मेले में सांस्कृतिक उत्सव में बेहतर प्रस्तुतियां होंगी। विवि के ललित कला विभाग उत्सव शुभारंभ-2026 में कला मेला एवं सांस्कृतिक उत्सव की तैयारियां मंगलवार को दिन भर चलती रही।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुमित कुमार घोष ने बताया कि उद्घाटन समारोह में राज्य ललित कला अकादमी, लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा मुख्य अतिथि और काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी अध्यक्षता करेंगे। प्रमुख आकर्षणों में कला एवं शिल्प प्रदर्शनी, ट्रेड्स एंड ट्रेड सेंटर, कलाकृतियों का बाजार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरातन छात्र सम्मान समारोह, अंतर महाविद्यालयी स्टॉल लगेगा। 

Varanasi News 3 lakh siphoned from account via UPI two people lose lives accidents 12 lakh stolen
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू के वैज्ञानिक प्रो. ब्रह्मेश्वर मिश्रा को भैषजी शिक्षा रत्न सम्मान
आईआईटी बीएचयू के फार्मास्यूटिकल इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी विभाग के प्रो. ब्रह्मेश्वर मिश्रा को भैषजी शिक्षा रत्न सम्मान दिया गया। फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण और विशिष्ट सेवाओं के लिए मंगलवार को नई दिल्ली में पुरस्कृत किया गया। फार्मेसी शिक्षा के नियामक निकाय फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) की ओर से इसका आयोजन किया गया था। प्रो. मिश्रा आईआईटी बीएचयू के वरिष्ठतम शिक्षकों में शामिल हैं। उन्होंने संस्थान में 42 वर्षों से ज्यादा समय तक शिक्षण, शोध और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में अपनी सेवाएं दी हैं। 

वर्ष 2020 से 2026 तक फार्मेसी और फार्माकोलॉजी श्रेणी में विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिला है। वहीं 2024 की स्कॉलर जीपीएस रैंकिंग के अनुसार, ड्रग डिलीवरी के क्षेत्र में वे विश्व के शीर्ष 0.1 प्रतिशत शोधकर्ताओं और फार्मेसी के व्यापक क्षेत्र में शीर्ष 0.34 प्रतिशत शोधकर्ताओं में शामिल रहे। प्रो. मिश्रा ने अब तक 32 शोधार्थियों को पीएचडी और 90 से ज्यादा विद्यार्थियों को एम फार्म/एमटेक स्तर पर शोध कार्य कराया है। 250 से ज्यादा शोध पत्र छपे हैं। 

विदेशी भाषा को सीखने में संजीवनी है हिंदी और संस्कृत
काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी और अन्य विदेशी भाषा विभाग में मंगलवार को हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रचनात्मक लेखन और भाषाओं से जुड़ी जानकारी दी गई। मुख्य वक्ता पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के रूसी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. पंकज मालवीय ने कहा कि किसी भी विदेशी भाषा को सीखने में हिंदी और संस्कृत का ज्ञान संजीवनी का काम करता है। बियोंड लैंग्वेज : कॅरिअर इनसाइट्स एंड द आर्ट ऑफ़ क्रिएटिव राइटिंग विषय पर प्रो. पंकज ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक दौर में हर छात्र को कम से कम एक विदेशी भाषा अवश्य सीखनी चाहिए। अध्यक्षता डॉ. नीरज धनकड़ ने की। इस दौरान डॉ. आरती विश्वकर्मा, डॉ. किरण सिंह, शुभम सिंह रहे। 

छात्रों को ब्रेल पढ़ने का कराया अभ्यास
बीएचयू के शिक्षा संकाय में दृष्टिबाधित छात्र और छात्राओं को ब्रेल वर्ण पहचान, हाईटेक ब्रेल, ब्रेल रीडिंग और हिंदी ब्रेल लेखन का अभ्यास कराया गया। ब्रेल पढ़ने और लिखने में शुद्धता, गति के साथ आत्मविश्वास विकसित करने का मौका दिया। मंगलवार को उन्हें ब्रेल साक्षरता, अभिविन्यास और गतिशीलता के साथ दैनिक जीवन कौशल की जानकारियां दी गईं। इस दौरान राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के डॉ. आशीष कुमार गुप्ता और डॉ. शकुंतला मिश्रा ने प्रशिक्षण दिया।

सांकेतिक भाषा के विकास पर संवाद
बीएचयू में साइन स्फीयर के दूसरे दिन मंगलवार को भारतीय सांकेतिक भाषा के विकास, तकनीक और दैनिक संवाद पर चर्चा हुई। शिक्षा संकाय स्थित एसआरके हॉल में पांच दिन की कार्यशाला और प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक प्रोफेसर डॉ. अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने भारतीय सांकेतिक भाषा का ऐतिहासिक विकास और राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारतीय सांकेतिक भाषा में तकनीक के उपयोग पर संवाद हुआ। दैनिक जीवन में संवाद और बातचीत में भारतीय सांकेतिक भाषा के प्रयोग की बात बताई गई।

100 छात्रों के लिए लगी क्रोशिया कार्यशाला
बीएचयू की सिटी डेलीगेसीज की ओर से मंगलवार को तीन दिवसीय क्रोशिया कार्यशाला शुरू की गई। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ क्रोशिया की कला सिखाई जाएगी। करीब 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। चीफ वार्डन प्रो. ललित मोहन अग्रवाल ने कहा कि पढ़ाई के साथ ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों की रचनात्मकता बढ़ती है और उन्हें नए कौशल सीखने का मौका मिलता है। उद्घाटन बीएचयू की प्रो. रोयना सिंह और संयुक्त कुलसचिव (वित्त) डॉ. संजय कुमार ने किया। 

एसएमएस में मेंटल एबिलिटी टेस्ट के विजेता पुरस्कृत
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज(एसएमएस) की ओर से स्मार्ट 2026 यानी एसएमएस मेंटल एबिलिटी रिकॉग्निशन टेस्ट में 25 से ज्यादा विद्यालयों के 600 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। टेस्ट में सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल कमच्छा के अक्षांश मिश्रा ने पहला स्थान हासिल कर 15 हजार का चेक प्राप्त किया। इसके अलावा सेंट जांस स्कूल मड़ौली की प्रमिति पांडेय दूसरे स्थान पर 10 हजार, सेंट जांस बरेका के वत्सल गर्ग को तीसरे स्थान पर 5000 का चेक मिला। इसके अलावा सात विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार मिला। संस्थान के निदेशक प्रो. पीएन झा, कुलसचिव संजय गुप्ता ने विजेताओं को बधाई दी। 

साकेत नगर में सीवर लाइन के काम का मेयर ने किया औचक निरीक्षण
दुर्गाकुंड के साकेत नगर में सीवर लाइन बिछाने के काम का मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने काम की प्रगति और गुणवत्ता देखी। अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता न हो और तय समय में काम पूरा किया जाए।

महापौर ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरा हो, ताकि स्थानीय लोगों को लंबे समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्यदायी संस्था को भी निर्माण के दौरान मानकों का विशेष ध्यान रखने की ताकीद की।

नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों में सीवर और पेयजल की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए अमृत-2.0 योजना के तहत बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। योजना के तहत शहर में 2161 करोड़ रुपये की लागत से 353.13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन और 651.64 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। परियोजना के पूरा होने के बाद संबंधित वार्डों में सीवर और पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी। परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। साकेत नगर में चल रहे काम को इसी परियोजना के तहत गति दी जा रही है। 

प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य बनाए जाने पर हुआ स्वागत
भाजपा उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाए जाने पर अजय कुमार सिंह का मंगलवार को महादेव पीजी कॉलेज, बरियासनपुर में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। अजय कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। इस मौके पर भाजपा नेता राम प्रकाश दुबे, डॉ. दयाशंकर सिंह, डॉ. लोकनाथ पांडेय, डॉ. मारुति नंदन मिश्रा, डॉ. मोहन सिंह, अवनीश सिंह, गौरव सिंह, डॉ. गौरव मिश्रा आदि माैजूद रहे। 

मौसम के पूर्वानुमान से डरे किसान
मौसम खराब होने और बारिश की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आंधी और बारिश की पूर्व सूचना के बाद धान उत्पादक किसान फसल बचाने में जुट गए हैं। खेतों में धान की फसल लगभग तैयार है। किसान अब फसल कटाई में तेजी कर रहे हैं, ताकि बारिश और आंधी से नुकसान न हो। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि अगर एक सप्ताह तक मौसम साफ रहता तो अधिकतर किसानों की फसल कट जाती।  कम समय में मजदूरों की व्यवस्था कर फसल की कटाई पूरी करना आसान नहीं है। इसके बावजूद किसान जल्द से जल्द धान की कटाई करने में जुटे हैं। 

उप कृषि निदेशक ने बीज भंडार का किया निरीक्षण
रबी सीजन में बीज वितरण व्यवस्था का जायजा लेने के लिए  मंगलवार को उप कृषि निदेशक, वाराणसी अमित जायसवाल ने राजकीय बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीओएस मशीन में तकनीकी खराबी के कारण बीज वितरण प्रभावित मिला जिससे बीज लेने पहुंचे किसानों को परेशानी हुई। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक ने गोदाम प्रभारी वीरेंद्र कुमार गौतम को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मशीन खराब होने पर भी किसानों को अनावश्यक इंतजार न कराया जाए। ऐसी स्थिति में नियमानुसार वैकल्पिक व्यवस्था से बीज वितरण किया जाए। 

मानवीय मूल्यों से आंतरिक शक्ति बढ़ाने पर ध्यान देने की जरूरत
आईएमएस बीएचयू के दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय में हुए कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों को मानवीय मूल्यों के साथ-साथ सद्गुणों के बारे में बताया गया। बतौर मुख्य वक्ता डॉ. अविनाशा शर्मा (हरियाणा) ने एमडीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में नव प्रवेशित विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों से आंतरिक शक्ति बढ़ाने पर ध्यान देने की बात कही।

नर्चरिंग लाइफ स्किल्स कार्यक्रम में आई डॉ. अविनाशा शर्मा ने डेंटल मैकेनिक और डेंटल हाइजीनिस्ट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। बताया कि दैनिक जीवन में मानवीय मूल्यों, सद्गुणों को विकसित कर आंतरिक शक्ति को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह शक्ति जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने में सहायक होती है। 

बीएचयू के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीन ऑफ स्टूडेंट्स) प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को उपलब्ध विभिन्न छात्र-हितैषी सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी। दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. अतुल भटनागर ने ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और व्यावहारिक कौशल (सॉफ्ट स्किल्स) के समग्र, सर्वांगीण और सामंजस्यपूर्ण विकास के बारे में बताया। कार्यक्रम में डाॅ. पवन दूबे, प्रो. विपुल शर्मा, प्रो. नवीन पीजी, प्रो. टीपी चतुर्वेदी, प्रो. एचसी बरनवाल, डॉ. महेश खैरनार रहे। 

नोट-मदिरा के लालच में वोट न बेचें : चंद्रशेखर
शंकरपुर में रिंग रोड किनारे मंगलवार को जनसभा में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर ने शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, पेपर लीक और कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गरीब और अमीर के बच्चों को समान गुणवत्ता वाली शिक्षा मिलनी चाहिए। केवल बयानबाजी से अपराध नहीं रुकेगा। पुलिस को पर्याप्त अधिकार और ताकत देनी होगी।

उन्होंने बहुजन समाज से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए राजनीतिक रूप से एकजुट होने की अपील की और कहा कि चुनाव में लोगों को नोट, मिठाई और मदिरा का प्रलोभन देकर वोट हासिल करने की कोशिश की जाती है। चंद्रशेखर ने कहा कि वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से लोगों को अधिकार दिए हैं। पहले राजा-रानी के घर में पैदा होते थे, लेकिन अब राजा बैलेट बॉक्स से बनता है।  

जनसभा के दौरान चंद्रशेखर ने शिवपुर विधानसभा क्षेत्र से मनोज यादव को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। जनसभा के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि आगे जो भी निर्णय होगा, उसकी जानकारी दी जाएगी। सपा के पीडीए के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह आपस में उलझना नहीं चाहते। आगामी चुनाव में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, जिलाध्यक्ष अजय प्रधान, राजू भारती, सांस्कृतिक मोर्चा के सुदर्शन यादव, लक्ष्मीकांत, राजकुमार, अमित कुमार समेत अन्य मौजूद रहे। 

16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, एक दिसंबर से 4 जनवरी तक चलेगा सर्वे
वाराणसी। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम के आठ जोन में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। 3105 प्रगणक और 532 सुपरवाइजर घर-घर जाकर परिवारों का ब्योरा जुटाएंगे। 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना होगी, जबकि एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर पहुंचेंगे। 

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देशन में आठ प्रशासनिक चार्ज में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू किया गया है। शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को केंद्र बनाया गया है। अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने मंगलवार को जेपी मेहता इंटर कॉलेज पहुंचकर वरुणापार चार्ज के तहत चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। प्रशिक्षुओं को जनगणना नियमावली और तकनीकी प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए, ताकि किसी तरह की त्रुटि न हो। प्रशिक्षण में प्रगणकों को तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल, प्रपत्र भरने और नागरिकों से संवाद की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। 

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि सभी आठ जोन में नोडल प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। संबंधित जोनल अधिकारी अपने-अपने चार्ज के प्रशिक्षण केंद्रों की व्यवस्थाओं के मुख्य नोडल अधिकारी होंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्धारित समय-सारिणी में सभी परिवारों का सटीक ब्योरा जुटाना है।

द डोम्स को छह इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स
वाराणसी। काशी की बेटी और 12वीं की छात्रा सुधि सिंह की डॉक्यूमेंट्री ‘द डोम्स: किंग्स ऑफ द पायर’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। डोम समुदाय के जीवन, सामाजिक परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर आधारित ये फिल्म छह बड़े फिल्म ग्लिफ सहित अन्य फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई। इसे गोल्डन लायन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ग्लिफ और क्राउन वुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, सुंदरबन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, इंडियन इंडिपेंडेंट फिल्म फेस्टिवल और एशियन इंटरनेशनल फिल्मफेयर अवॉर्ड्स दिए गए। 

एशियन इंडिपेंडेंट फिल्म फेस्टिवल के 12वें सीजन में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ नवोदित फिल्म निर्माता श्रेणी में विशेष उल्लेख प्राप्त हुआ। वहीं चार इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड मिलने बाकी हैं। सुधि जिले के क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल की छात्रा हैं। इनके पिता बरेका में कर्मचारी हैं। फिल्म का चयन वैंकूवर इंटरनेशनल यूथ फिल्म फेस्टिवल, ब्लू बर्ड फिल्म फेस्टिवल, चेन्नई इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल और नई दिल्ली फिल्म फेस्टिवल के लिए भी किया गया है। 

54 बीज बिक्री केंद्रों पर छापा, 7 फर्मों को नोटिस
बीज उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में जिला प्रशासन की टीम ने अभियान चलाकर छापा मारा। 54 बिक्री केंद्रों और गोदामों पर कार्रवाई की गई। अभिलेख प्रस्तुत न करने पर सात फर्मों को नोटिस दिया गया। 

गुणवत्ता परीक्षण के लिए 35 नमूने लिए गए। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने किसानों को सुझाव दिए कि राजकीय कृषि बीज भंडारों पर गेहूं के उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध हैं। वे बीज क्रय करते समय बिल प्राप्त करें। जो किसान अभी तक गेहूं बीज की बुकिंग नहीं कराए हैं, वे कृषि विभाग के पोर्टल पर करा लें। टीम में जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार, जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आरपी सिंह, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक रोहित कुमार सिंह रहे। 

डांडिया महोत्सव में थिरकीं महिलाएं
लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में मंगलवार को मारवाड़ी महिला संगठन की ओर से गरबा एवं डांडिया महोत्सव हुआ। शुरुआत दीप जलाकर और नैनी बाजोरिया के गणेश-दुर्गा वंदना से हुई। अध्यक्ष अनिता गिनोड़िया ने वरिष्ठजनों का स्वागत  किया। अध्यक्ष अनिता गिनोड़िया, सचिव प्रीति केजरीवाल ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। समता डिडवानिया, मेघा यादुका, दीपा तुलस्यान व मेघना बाजोरिया ने डांडिया खेला। सचिव प्रीति केजरीवाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। 

चित्रकूट रामलीला का समापन, पात्रों को दी विदाई
श्री चित्रकूट रामलीला समिति काशी के तत्वावधान में आयोजित 22 दिवसीय चित्रकूट रामलीला मंगलवार की रात दसों अवतार की भव्य झांकी के दर्शन के साथ संपन्न हो गई। लीला के अंतिम दिन प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं माता जानकी सहित सभी स्वरूपों का पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद दक्षिणा भेंट कर विदाई दी गई। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सुबोध अग्रवाल एवं मंत्री मोहन कृष्ण अग्रवाल ने लीला के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की। व्यवस्थापक पं. मुकुन्द उपाध्याय, सत्येन्द्र कुमार और अभिनव उपाध्याय ने आभार प्रकट किया। 

आज से शुरू होगी रामकथा, तीन को विशाल भंडारा
चोलापुर के गोला स्थित हनुमान जी मंदिर परिसर में बुधवार से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। कथा 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक होगी। तीन को भंडारा लगेगा स्वामी बालक देवाचार्य महाराज कथा सुनाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में मिर्जापुर के एमएलसी श्याम नारायण सिंह और अजगरा के विधायक त्रिभुवन राम शामिल रहेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष शिवशंकर सिंह हैं। 

सरोद और गायन की जुगलबंदी ने बांधा समा
सुबह-ए-बनारस में मंगलवार को सरोद और गायन की शानदार जुगलबंदी हुई। कोलकाता के कलाकार अभिजीत घोष और पियाली मैत्रा ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। तबले पर सुकल्याण मैत्रा ने संगत की। अंत में सुबह-ए-बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने कलाकारों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया। 

मुकुट पूजन से शुरू हुई चांदपुर की रामलीला
चांदपुर चौराहे पर मंगलवार को मुकुट पूजन के साथ चांदपुर की रामलीला शुरू हुई। नारद मोह, रावण जन्म और क्षीरसागर की झांकी सजाई गई। बुधवार को राम जन्म, बाल चरित्र, विश्वामित्र आगमन, तड़का मारीच सुबाहु वध की लीला होगी। पांच नवंबर को भारत मिलाप, राजगद्दी, वानर विदाई से समापन होगा। इस मौके पर आरडी यादव, रामाश्रय पाल, अनिल पटेल, गंगाराम पटेल, विवेक गुप्ता, ज्ञान चन्द पटेल, अनीस सोनकर आदि रहे।

पुरी शंकराचार्य एक नवंबर से काशी में करेंगे प्रवास
पुरी पीठाधीश्वर श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज एक नवंबर को काशी आएंगे। पूर्वाम्नाय श्री दक्षिणामूर्ति मठ अस्सी के प्रमुख स्वामी वन वैभवरण सरस्वती ने बताया कि शंकराचार्य भागलपुर स्पेशल ट्रेन वाराणसी स्टेशन पर सुबह 6:15 बजे पहुंचेंगे। वहां से सीधे मठ आएंगे। शाम को 5:30 बजे शंकराचार्य का मंगलमय दर्शन एवं संगोष्ठी होगी। दो नवंबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन 11:30 बजे से मंगल दर्शन, संगोष्ठी एवं दीक्षा कार्यक्रम होगा तथा शाम पांच बजे से दर्शन एवं गोष्ठी होगी। 

हरिहरन के सुरों से आज सजेगी काशी की शाम
पद्म भूषण पं. राजन मिश्रा की हीरक जयंती काशी में बुधवार को शाम छह बजे सनबीम स्कूल वरुणा में मनाई जाएगी। बालीवुड के प्रख्यात कलाकार पद्मश्री हरिहरन अपने सुरों से उनको नमन करेंगे। पं. राजन-साजन मिश्र के शिष्य डॉ. गरुण मिश्र और निषाद व्यास शास्त्रीय गायन से गुरु बंदगी करेंगे। मुख्य अतिथि पार्श्व गायक रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर भी शामिल होंगे। 

पं. साजन मिश्र ने मंगलवार को कबीरचौरा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बड़े भाई राजन मिश्रा की 75वीं जयंती हीरक जयंती के रूप में पिछले साल से ही मनाई जा रही है। यहां पर बनारस लीट फेस्ट, संनबीम के सहयोग से रस ट्रस्ट की ओर से बुधवार को उनकी जयंती पर संगीत संध्या में हरिहरन का गायन होगा। वह शास्त्रीय, गजल, फ्यूजन संगीत, भजन और आध्यात्मिक संगीत की प्रस्तुति देंगे। उनके साथ वाद्य यंत्रों व संगीतकारों की टीम भी रहेगी। 

वह काशी में गंगा महोत्सव और संकटमोचन जैसे मंचों से अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि हीरक जयंती पिछले साल दिल्ली में हुई थी। फिर देहरादून, दिल्ली में तीन आयोजनों में युवाओं को अवसर दिया। 20 दिसंबर को लखनऊ में भातखंडे म्यूजिक कॉलेज में राजन मिश्रा की स्मृति में संगीत का आयोजन होगा। इसमें तेजेंद्र नारायण मजूमदार का सरोद, विशाल कृष्णा का कथक और डॉ. शालिनी सिंह का गायन होगा। 

50 दिवसीय कंठस्थ दण्डक्रम पारायण शुरू
कांची कामकोटीश्वर मंदिर हनुमान घाट में श्री शुक्ल यजुर्वेद माध्यंदिन शाखा कंठस्थ दण्डक्रम पारायण का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। स्वामी अमृतानन्द सरस्वती महाराज ने दीप प्रज्ज्वलन और स्वस्तिवाचन के साथ इसका उद्घाटन किया। पुणे के दो बाल विद्वान महाराष्ट्र के वैदिक वेदोपासक अद्वैत और शैलेंद समर्थ काकड़े 50 दिनों तक पारायण करेंगे। इसमें देशभर से विद्वान श्रवण करने आएंगे। कांचीपीठ के शंकराचार्य भी शामिल होंगे। 

महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान पुणे और समर्थ अद्वैत पाठशाला त्र्यम्बकेश्वर की ओर कंठस्थ दण्डक्रम पारायण कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र में स्वामी अमृतानंद सरस्वती महाराज ने वेदों के संरक्षण और संवर्धन पर प्रकाश डाला।  इस मौके पर महापौर अशोक कुमार तिवारी, वेंकटेरमण घनपाठी, राकेश तिवारी, आचार्य हृदयरंजन शर्मा, किशोर मिश्रा, प्रो. राजाराम रहे। 

समाज कार्य में मिलता है सेवा का भाव
काशी विद्यापीठ समाज कार्य विभाग में मंगलवार को हुए अनुस्थापन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समाज कार्य विषय और इससे जुड़े कार्यों के बारे में जागरूक किया गया। बतौर मुख्य अतिथि महिला महाविद्यालय में संगीत विभाग की पूर्व प्रोफेसर मंगला कपूर ने कहा कि समाज कार्य में सेवा का भाव मिलता है। इसकी शुरुआत घर से करनी होगी। विवि में हुए कार्यक्रम में प्रो. मंगला कपूर ने कहा कि समाज के लिए कुछ करने की भावना सबके अंदर नहीं होती है। उन्होंने अपने साथ हुईं एसिड अटैक की घटना को भी बहुत बेबाकी से बताया। प्रो. कपूर ने  प्रेरणा दी। अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि प्रो. मंगला कपूर स्वयं में एक समाज कार्य के आदर्शों की उदाहरण हैं। 

श्रीकृष्ण बाल लीलाओं को  सुनकर भक्ति में डूबे श्रद्धालु
चौबेपुर क्षेत्र के सोनबरसा गांव में चल रही श्रीमद्भागवत सप्ताह के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा का प्रसंग सुनाया गया। कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। अयोध्या से आए संत दास महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया। बताया कि कंस ने कृष्ण को मारने के लिए पूतना को भेजा था। पूतना ने भगवान को विष पिलाने की कोशिश की, लेकिन श्रीकृष्ण ने उसका वध कर उसे मोक्ष दिया। इसके बाद कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण की माखन चोरी और यशोदा मैया के वात्सल्य प्रेम का प्रसंग सुनाया। 

पांचवें दिन कथा का मुख्य प्रसंग गोवर्धन लीला रहा। महाराज ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के अहंकार से बचाने के लिए अपनी कनिष्ठा उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत उठाया था। इसके नीचे ब्रजवासियों ने आश्रय लिया था। इसके माध्यम से भगवान ने इंद्र का घमंड तोड़ा और ब्रजवासियों की रक्षा की। गोवर्धन पूजा पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस मौके पर रमेश जायसवाल, संजीव सिंह, परमानंद गिरी, राघवेंद्र और संजय जायसवाल आदि मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed