यूपी: बरेली में स्वाइन फ्लू से पीड़ित महिला की मौत, चार नए संक्रमित मिले; अब तक 14 केस सामने आए
बरेली में स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ने लगा है। स्वाइन फ्लू पीड़ित महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कैंसर पीड़ित था। उसका निजी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। जांच में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में चार नए मरीज भी मिले हैं।
विस्तार
बरेली जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई स्वाइन फ्लू पीड़ित महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को आई निजी लैब की जांच में महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में चार नए मरीज भी स्वाइन फ्लू से संक्रमित मिले हैं।
इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (आईडीएसपी) से जारी रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को संक्रमित मिले मरीजों में बिलसंडा माई किरातपुर भमोरा निवासी 11 वर्षीय बच्चा, पुराना शहर निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग, एजाज नगर गौटिया निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति और भदपुरा निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं।
सभी की निजी लैब में कराई गई जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम संक्रमितों की निगरानी और उनके संपर्क में आए लोगों को जरूरी दवा देने घर पहुंचेगी। बता दें कि इससे पहले नौ लोग संक्रमित मिल चुके हैं। जिले में अब तक 14 लोग पॉजिटिव मिले हैं।
कैंसर से ग्रसित थी महिला, पहले ही हो गई थी मौत
आईडीएसपी से जारी रिपोर्ट के अनुसार, शेरगढ़ निवासी 76 वर्षीय महिला बीते तीन सितंबर को शहर के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थी। महिला कैंसर रोग से ग्रसित थी। लक्षण होने पर चार सितंबर को महिला का एच-1एन-1 सैंपल जांच के लिए निजी लैब भेजा गया था, लेकिन चार सितंबर की देर रात को ही महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हालांकि महिला की एच-1एन-1 संक्रमित होने की रिपोर्ट मंगलवार को आई है।
स्वाइन फ्लू संक्रमित महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अलर्ट हो गई है। बुधवार को शेरगढ़ में मृतक मरीज के घर जाकर मरीज के संपर्क में आए लोगों की जांच कर उन्हें दवाएं देगी।