यूपी: बरेली होकर गुजरने वाली चार ट्रेनों के फेरों में विस्तार, लालकुआं कोलकाता के बीच चलेगी विशेष गाड़ी
यात्रियों के दबाव को देखते हुए रेलवे ने बरेली से गुजरने वाली चार ट्रेनों के फेरों का विस्तार किया है। इनमें लालकुआं-राजकोट और छपरा-पठानकोट विशेष गाड़ियां शामिल हैं। लालकुआं-कोलकाता के बीच एक नई साप्ताहिक विशेष गाड़ी भी शुरू की गई है।
विस्तार
नियमित ट्रेनों पर यात्रियों के दबाव के बीच रेलवे ने बरेली होकर गुजरने वाली अप-डाउन चार ट्रेनों के फेरों में विस्तार किया है। इसके अलावा लालकुआं-कोलकाता के बीच विशेष साप्ताहिक गाड़ी का संचालन भी किया जाएगा। बुधवार को इस गाड़ी की समय सारिणी जारी कर दी गई।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 05045 लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 29 नवंबर से प्रत्येक रविवार को के लिए और 05046 राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक विशेष गाड़ी के संचलन 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को नौ अतिरिक्त फेरों के लिए किया जाएगा।
05193 छपरा-पठानकोट वाया गोरखपुर साप्ताहिक विशेष गाड़ी 23 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को और 05194 पठानकोट-छपरा वाया गोरखपुर साप्ताहिक विशेष गाड़ी 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को आठ अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
05060 लालकुआं-कोलकाता साप्ताहिक विशेष गाड़ी आठ अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे चलने के बाद 2:35 बजे भोजीपुरा जाएगा। यहां से पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, थावे, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, जसीडीह, मधुपुर, आसनसोल, दुर्गापुर, वर्द्धमान होते हुए तीसरे दिन रात 11:55 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
05059 कोलकाता-लालकुआं साप्ताहिक विशेष गाड़ी 10 अक्तूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को कोलकता से तड़के पांच बजे चलने के बाद दूसरे दिन दोपहर 1:45 बजे बरेली आएगी और अपराह्न 3:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
वाराणसी-जम्मू, दिल्ली-वाराणसी के बीच विशेष ट्रेनें
दिल्ली, वाराणसी और जम्मू रूटों पर यात्रियों के दबाव के बीच रेलवे ने इन रूटों पर कुछछ फेरों के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्माण लिया है। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 04032 दिल्ली-वाराणसी विशेष ट्रेन 10 और 12 सितंबर को दिल्ली से रात 9:10 बजे चलने के बाद रात 2:18 बजे बरेली आएगी और अगले दिन अपराह्न तीन बजे वाराणसी पहुंचेगी। 04031 वाराणसी-दिल्ली विशेष ट्रेन 11 और 13 सितंबर को वाराणसी से रात 8:15 बजे चलने के बाद अगले दिन तड़के 5:57 बजे बरेली आएगी और सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।