वीडियो: टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच ने किसकी जीत पर जताई खुशी? बोले- छात्रों ने सर्बिया को गर्व करने की वजह दी
नोवाक जोकोविच ने सर्बिया में छात्र समर्थित आंदोलन की चुनावी जीत पर खुशी जताते हुए छात्रों के साहस और दृढ़ता की प्रशंसा की। आंदोलन की शुरुआत 2024 में रेलवे स्टेशन हादसे के बाद हुई थी। शुरुआती नतीजों के अनुसार, छात्र समर्थित स्टूडेंट लिस्ट ने संसद में बहुमत हासिल किया और अलेक्जेंडर वुचिच ने हार स्वीकार की।
विस्तार
टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने सर्बिया में छात्र आंदोलन की चुनावी जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने आंदोलन से जुड़े छात्रों की तारीफ करते हुए कहा कि उनके संघर्ष ने सर्बिया के लोगों के साथ-साथ विदेशों में रहने वालों को भी अपने देश पर गर्व करने का मौका दिया है। 24 ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके जोकोविच पहले भी छात्र आंदोलन के समर्थन में आवाज उठा चुके हैं। उनकी ताजा प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच की सत्तारूढ़ पार्टी को संसदीय चुनाव में बड़ा झटका लगा है।
जोकोविच ने मंगलवार को स्विट्जरलैंड के बासेल में स्विस इंडोर्स टूर्नामेंट के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने करीब दो साल तक सरकार को चुनौती देने वाले युवाओं के साहस, धैर्य और दृढ़ता की सराहना की। जोकोविच ने कहा, 'मैं इससे बहुत खुश हूं। उन छात्रों के प्रति मेरा गहरा सम्मान है, जिन्होंने संघर्ष किया और गरिमा व दृढ़ता का परिचय दिया। उन्होंने जो किया है, उसके लिए मेरे मन में बहुत प्रशंसा है। उन्होंने सर्बिया और पूरी दुनिया में गर्व की भावना पैदा की है।' उन्होंने आगे कहा, 'जीत पक्की हो गई है और अब हम सभी को उम्मीद है कि हमारा देश समृद्ध होगा और आने वाले भविष्य का आनंद लेगा।'
🗣️ Novak Djokovic says he's very happy the students defeated Vucic in the Serbian elections: Djokovic: "I'm very happy about this. My deepest respect to the students who fought and shown dignity and resilience. I have lots of admiration for what they've done. They managed to create a sense of pride in Serbia and in the world. The victory is secure and we all now have hopes that our country will be prosperous and enjoying the future that is coming." https://t.co/14sp9dfb3w
— Danny (@DjokovicFan_) October 27, 2026
छात्र आंदोलन की शुरुआत नवंबर 2024 में नोवी साद रेलवे स्टेशन पर कंक्रीट की छतरी ढहने की घटना के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों से हुई थी। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई थी। प्रदर्शनकारियों ने घटना की जवाबदेही तय करने की मांग की थी। भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों की निगरानी में कथित लापरवाही के आरोपों ने सरकार के खिलाफ लोगों के गुस्से को और बढ़ाया। हालांकि, अधिकारियों ने किसी भी तरह की गड़बड़ी के आरोपों से इनकार किया। समय के साथ यह आंदोलन विश्वविद्यालय परिसरों से बाहर निकलकर सरकार के खिलाफ व्यापक अभियान में बदल गया। इसमें छात्रों के अलावा समाज के दूसरे वर्गों के लोगों का भी समर्थन जुड़ता गया। विरोध प्रदर्शनों के दौरान डराने-धमकाने और हिंसा के आरोप भी सामने आए, लेकिन छात्रों ने राजनीतिक बदलाव की मांग जारी रखी।
मई 2025 में बने स्टूडेंट लिस्ट नाम के राजनीतिक समूह ने इस आंदोलन को संसदीय चुनाव तक पहुंचाया। किसी एक पारंपरिक राजनीतिक नेता पर निर्भर रहने के बजाय इस समूह ने अलग-अलग पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों को एकजुट कर सत्तारूढ़ सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी को चुनौती दी। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, वुचिच की पार्टी एक दशक से अधिक समय से देश की राजनीति में प्रभावशाली रही है। ऐसे में चुनावी हार को सत्तारूढ़ राजनीतिक व्यवस्था के लिए बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया की शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, छात्र समर्थित स्टूडेंट लिस्ट ने 250 सीटों वाली संसद में बहुमत हासिल किया। वुचिच ने रविवार को हार स्वीकार कर ली।
चुनावी जीत से आंदोलन के समर्थकों में नई उम्मीद जगी है, लेकिन इस जनादेश को प्रभावी सरकार में बदलना अगली बड़ी चुनौती होगी। जोकोविच की प्रतिक्रिया भी इसी उम्मीद को दर्शाती है। उन्होंने सिर्फ चुनावी नतीजे की सराहना नहीं की, बल्कि लंबे समय तक दबाव और अनिश्चितता के बीच संघर्ष करने वाले छात्रों के व्यवहार और दृढ़ता को भी सम्मान दिया। सर्बिया के इस दिग्गज टेनिस खिलाड़ी ने पहले भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है। उनकी ताजा टिप्पणी से स्पष्ट है कि उन्हें उम्मीद है कि यह जीत उनके देश को अधिक समृद्ध और बेहतर भविष्य की ओर ले जाएगी।