राजस्थान: 23 लाख के गहनों के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या, शव जलाकर नदी में फेंके अवशेष; पड़ोसी समेत दो गिरफ्तार
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के भीमगंज थाना क्षेत्र स्थित वीर सावरकर नगर में 70 वर्षीय कमला देवी कांकरिया की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके पड़ोसी रवि तापड़िया और उसके साथी हीरा सिंधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की नजर महिला के करीब 23 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों पर थी।
विस्तार
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में सोने के आभूषणों के लालच में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। भीमगंज थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर में रहने वाली कमला देवी कांकरिया की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनके पड़ोसी रवि तापड़िया और उसके साथी हीरा सिंधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की नजर महिला के करीब 23 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों पर थी। उन्होंने कथित तौर पर गला दबाकर महिला की हत्या की, फिर शव को मकान की छत पर ले जाकर पेट्रोल से जला दिया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव के अवशेष और राख कोठारी नदी में फेंक दिए। पुलिस ने मंगलवार को पालड़ी पुलिया के पास नदी से जेसीबी की मदद से महिला की हड्डियां बरामद कीं।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी के अनुसार, कमला देवी 12 अक्टूबर से लापता थीं। उनकी बहू रवीना कांकरिया ने 15 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कमला देवी अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके पति तेजसिंह की चार साल पहले मृत्यु हो गई थी, जबकि बेटे सौरभ की दो साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी बहू अपने दो बच्चों के साथ आजाद नगर में रहने लगी थी। 15 अक्टूबर को घर की नौकरानी ने रवीना को बताया कि 12 अक्टूबर से मकान पर ताला लगा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में 12 अक्टूबर की शाम कमला देवी अपने पड़ोसी रवि तापड़िया के साथ जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस का शक रवि पर गहराया।
15 तोला सोने के गहनों पर थी आरोपी की नजर
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में रवि ने दावा किया कि कमला देवी ने उसे बाजार तक छोड़ने के लिए कहा था। उसके मुताबिक, वह महिला को छोड़कर वापस लौट आया था। हालांकि, पुलिस की पड़ताल में कमला देवी के शहर से बाहर जाने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने उससे दोबारा सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रवि की नजर कमला देवी के करीब 15 तोला सोने के आभूषणों पर थी। आरोप है कि 12 अक्टूबर को वह महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने अपने साथी हीरा सिंधी के साथ मिलकर उनका गला दबाकर हत्या कर दी और गहने लूट लिए। वारदात के बाद दोनों ने कथित तौर पर शव को पेट्रोल से जलाया और सबूत मिटाने के लिए अवशेष व राख कोठारी नदी में फेंक दिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नदी से बरामद हड्डियों के मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पोते-पोती से मिलने की इच्छा रह गई अधूरी
कमला देवी की बहू रवीना ने बताया कि उनकी सास से आखिरी बार छह अक्टूबर को बातचीत हुई थी। रवीना अक्सर उनसे मिलने जाया करती थीं। आखिरी बातचीत के दौरान कमला देवी ने उनसे कहा था कि अगली बार जब वह आएं, तो बच्चों को भी साथ लेकर आएं।
रवीना के अनुसार, कमला देवी अपने मकान में अकेली रहती थीं और हमेशा अपनों के आने का इंतजार करती थीं। वह घर की छोटी-बड़ी जरूरतों के बारे में भी उनसे बातें करती रहती थीं। पोते-पोती से मिलने की उनकी इच्छा अधूरी रह गई। परिजनों के लिए उनका अचानक लापता होना अब एक दर्दनाक हत्या की घटना के रूप में सामने आया है।