सागर में संदिग्ध जहरीली शराब से 11 की मौत: 20 के खिलाफ एफआईआर, गंभीर मरीज को एयर एंबुलेंस से भोपाल भेजा
सागर के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत की प्रारंभिक पुष्टि हुई है। कई मरीजों का इलाज जारी है, एक गंभीर मरीज को एयर एंबुलेंस से भोपाल भेजा गया। पुलिस ने 20 आरोपियों पर केस दर्ज कर 10 को गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ तहसील क्षेत्र में संदिग्ध नकली और अवैध शराब के सेवन से बड़ी त्रासदी सामने आई है। अब तक 11 लोगों की मौत की प्रारंभिक पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने 20 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गंभीर मरीज को एयर एंबुलेंस से भोपाल भेजा
घटना बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र के ग्राम नौराज, गूगरा खुर्द, दलपतपुर, पाटन, चौका, छापरी और बमूरा भेड़ा सहित आसपास के इलाकों में सामने आई है। संदिग्ध शराब के सेवन के बाद कई ग्रामीणों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए बंडा अस्पताल, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक मरीज की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से भोपाल रेफर किया गया है। मौत के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए विसरा और शराब के नमूनों को फोरेंसिक व रासायनिक जांच के लिए भेजा गया है।
पढ़ें: श्यामू को ब्रेक, तमिलनाडु से आई सुमा ने संभाली जिम्मेदारी; जानें खासियत
20 आरोपियों पर नामजद मामला, 10 गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। बंडा थाना में अपराध क्रमांक 0658/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 3(5), 123 और मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए के तहत 20 आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक 10 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध शराब कहां से लाई गई या तैयार की गई और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की गई।
आबकारी विभाग के तीन अधिकारी निलंबित
जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सरकार ने आबकारी विभाग के अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ग्वालियर दीपक सक्सेना ने बताया कि सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते को निलंबित कर दिया गया है। वहीं गुगरा चौकी प्रभारी पूरण लाडिया तथा बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा को निलंबित कर दिया गया है।
डिप्टी सीएम ने की मुलाकात
उपमुख्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने सागर पहुंचकर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज तथा जिला अस्पताल में जहरीली शराब पीने से उपचार करा रहे लोगों से मुलाकात की अस्पतालों में उपस्थित डॉक्टर्स को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की जान गई है, लेकिन जो लोग मेडिकल अस्पताल तथा अन्य जगह इलाजरत है उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि घटना की समीक्षा तथा निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
प्रभावित गांव
नौराज, गूगरा खुर्द, दलपतपुर, पाटन, चौका, छापरी और बमूरा भेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध शराब के सेवन के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अवैध या संदिग्ध शराब का सेवन न करें। साथ ही अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
