{"_id":"6ad1af1ca4f2f16a76026156","slug":"indore-mla-gaur-who-was-absent-from-a-meeting-on-the-water-crisis-remarked-the-municipal-corporation-only-2026-10-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"जलसंकट: बैठक में गैर मौजूद रहीं विधायक गौड़ बोलीं- निगम के छोटे मोटे काम भी नहीं होते, जाने से क्या फायदा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जलसंकट: बैठक में गैर मौजूद रहीं विधायक गौड़ बोलीं- निगम के छोटे मोटे काम भी नहीं होते, जाने से क्या फायदा
Fri, 16 Oct 2026 10:29 AM IST
Abhishek Chendke
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
Published by: Abhishek Chendke
Updated Fri, 16 Oct 2026 10:29 AM IST
सार
इंदौर में जलसंकट से निपटने के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अगुवाई में हुई बैठक में सांसद शंकर लालवानी सहित पांच विधायकों की गैरमौजूदगी ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है। इसे भाजपा की गुटीय राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
विज्ञापन
जलसंकट से बचने के लिए बैठक।
- फोटो : amarujala
विस्तार
शहर में जलसंकट से निपटने के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अगुवाई में गुरुवार को हुई बैठक में शहर के सांसद शंकर लालवानी और पांच विधायक शामिल नहीं हुए थे। जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी को भाजपा की गुटीय राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। बैठक में शामिल नहीं हुईं विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि नगर निगम में छोटे-मोटे काम कहने के बावजूद नहीं हो रहे हैं। ऐसे में बैठक में जाने का क्या औचित्य है?
विज्ञापन
टंकी तैयार, फिर भी नहीं मिल रहा पानी
मालिनी गौड़ ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोंदवले धाम क्षेत्र में पानी की टंकी बनकर तैयार है, लेकिन कहने के बावजूद अब तक बिजली का कनेक्शन नहीं हुआ है। इस कारण क्षेत्र के लोग नई टंकी से पानी का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब शिवम वर्मा नगर निगम आयुक्त थे, तब उनसे मिलकर टंकी में बिजली कनेक्शन देने की बात कही थी। इस टंकी का निर्माण उस समय हुआ था, जब वे महापौर थीं।
विज्ञापन
बैठक में ये जनप्रतिनिधि पहुंचे
जलसंकट को लेकर बुलाई गई बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया और रमेश मेंदोला शामिल हुए। वहीं, विधायक गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, मनोज पटेल, तुलसी सिलावट और उषा ठाकुर के अलावा सांसद शंकर लालवानी भी बैठक में नहीं पहुंचे। बैठक में जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही।
विज्ञापन
शायद उनके क्षेत्र में जलसंकट नहीं होगा : विजयवर्गीय
बैठक समाप्त होने के बाद जब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह सवाल मुझसे क्यों पूछ रहे हैं? जो गैरमौजूद हैं, उनसे पूछना चाहिए। शायद उनके विधानसभा क्षेत्र में जलसंकट नहीं होगा, इसलिए वे बैठक में नहीं आए होंगे।
