झारखंड: चाईबासा में जमीन विवाद में छोटे भाई की हत्या, बड़े भाई पर लोहे की रॉड से वार करने का आरोप
झारखंड के चाईबासा में जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई पर छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगा है। बोदरा चौक के पास हुए विवाद में 36 वर्षीय राकेश कालुंडिया की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी अनिल को हिरासत में लिया है।
विस्तार
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई पर छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बोदरा चौक के पास की है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय राकेश कालुंडिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया है।
दुर्गा पूजा की सरगर्मी के बीच सोमवार को बोदरा चौक के पास जमीन विवाद को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच चर्चा हो रही थी। इसी दौरान राकेश कालुंडिया और उसके बड़े भाई अनिल कालुंडिया के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पढ़ें: रांची में दशहरे पर होगा भव्य रावण दहन, 60 फीट का रावण और 55 फीट का कुंभकर्ण जलेगा
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनिल ने राकेश के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया।
मृतक के भाई गणेश कालुंडिया और भाभी सुशांति कालुंडिया के अनुसार, चार भाइयों में अनिल सबसे बड़ा और राकेश सबसे छोटा था। परिवार में पिछले कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने राकेश के नशे का आदी होने की बात भी कही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।